IPL 2027: रोहित शर्मा के सिर फिर सजेगा कप्तानी का ताज, टीम मैनेजमेंट को हुआ गलती का एहसास, सुधारेगी अपनी भूल

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2027 से पहले हार्दिक पांड्या की मुंबई इंडियंस से छुट्टी तय हो या नहीं, लेकिन इतना पक्का है कि वह टीम के कप्तान नहीं रहने वाले हैं. हार्दिक आईपीएल 2024 में गुजरात टाइटंस से मुंबई इंडियंस में वापस लौटे थे. हार्दिक को वापसी के साथ ही टीम की कप्तानी मिल गई थी. मुंबई इंडियंस के लिए यह एक बहुत मुश्किल फैसला रहा होगा, क्योंकि मैनेजमेंट ने रोहित शर्मा से कप्तानी छीनकर हार्दिक को सौंपी थी, जबकि रोहित की कप्तानी में ही टीम ने पांच आईपीएल खिताब जीते थे.
ऐसे में अब ‘इंडिया टुडे’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई इंडियंस की टीम अपनी गलती को सुधारने जा रही है. रिपोर्ट के अनुसार, आगामी सीजन के लिए फ्रेंचाइजी एक बार फिर से रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस का कप्तान नियुक्त करने पर विचार कर रही है. हालांकि, इस कप्तानी की रेस में तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव भी शामिल हैं, लेकिन रोहित को कप्तान बनाने के पीछे कई अहम कारण माने जा रहे हैं.
क्यों रोहित शर्मा बन सकते हैं मुंबई इंडियंस के कप्तान?
मीडिया रिपोर्ट्स में रोहित शर्मा की कप्तानी को लेकर जो दावे किए जा रहे हैं, उस पर सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर उन्हें फिर से मुंबई इंडियंस की कमान क्यों सौंपी जा सकती है, जबकि वह अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं? ऐसे में इसका जवाब यह हो सकता है कि रोहित अब इंटरनेशनल क्रिकेट में सिर्फ एक फॉर्मेट वनडे में खेल रहे हैं और घरेलू क्रिकेट में भी उनकी सक्रियता काफी कम है.
इस वजह से उनके पास मुख्य रूप से वनडे और आईपीएल में खेलने का ही समय है. चूंकि वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, इसलिए उनका पूरा फोकस आईपीएल पर रहेगा. साथ ही, इस लीग में मुंबई इंडियंस के लिए उनका अनुभव भी बहुत मायने रखता है, जिसकी वजह से फ्रेंचाइजी उन्हें एक बार फिर तिलक और सूर्या की जगह कप्तान बनाने पर विचार कर सकती है.
हार्दिक को क्यों हटाना चाह रही है मुंबई?
हार्दिक पांड्या का आईपीएल करियर बहुत ही शानदार रहा है. उन्होंने मुंबई इंडियंस के साथ ही 2015 अपने करियर की शुरुआत की थी, जिसके बाद उन्हें भारतीय टीम के लिए खेलने का मौका मिला. हालांकि, हार्दिक 2022 में टीम से अलग होकर गुजरात टाइटंस के साथ जुड़ गए. गुजरात में उन्हें कप्तानी सौंपी गई और नई टीम के अपने पहले ही सीजन में हार्दिक की कप्तानी में टीम ने खिताबी जीत दर्ज की. चैंपियन बनने के बाद अगले सीजन यानी 2023 में टीम फिर से फाइनल में पहुंची, लेकिन इस बार वह अपने खिताब का बचाव नहीं कर पाई.
हार्दिक की इस सफलता और भविष्य को ध्यान में रखते हुए मुंबई इंडियंस ने उन्हें वापस लाने का फैसला लिया, जो कि निश्चित तौर पर एक बड़ा दांव था. इसकी वजह यह थी कि हार्दिक आईपीएल में गुजरात के साथ-साथ भारतीय टीम के भी सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक बन चुके थे. लेकिन, मुंबई इंडियंस में उनकी वापसी के बाद न तो वह कप्तानी में कोई कमाल दिखा पाए और न ही खुद के प्रदर्शन से कुछ खास प्रभाव छोड़ सके. यही वजह है कि फ्रेंचाइजी अब उनसे अलग होने पर विचार कर रही है.



