jaipur street food I गुजराती खाने के शौकीनों का ठिकाना है जयपुर का चौड़ा रास्ता, हर दुकान पर मिलती है नई वैरायटी

जयपुर. राजधानी अपने किलों, महलों और ऐतिहासिक बाजारों के साथ-साथ स्वादिष्ट खाने के लिए भी मशहूर है, यहां घूमने आने वाले पर्यटक ऐतिहासिक इमारतों को देखने के साथ स्थानीय जायकों का आनंद लेना भी पसंद करते हैं. शहर में कई ऐसे बाजार हैं, जहां अलग-अलग राज्यों के खाने का स्वाद मिलता है. इन्हीं में से एक है जयपुर का चौड़ा रास्ता बाजार, जो अब गुजराती स्ट्रीट फूड के लिए भी अपनी खास पहचान बना चुका है.
चारदीवारी क्षेत्र में स्थित चौड़ा रास्ता बाजार वैसे तो किताबों की दुकानों के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में यहां मिलने वाले गुजराती नाश्ते ने भी लोगों का ध्यान खींचा है. बाजार में सम्राट और जीसी डेयरी के आसपास सुबह से ही गुजराती व्यंजनों की दुकानें और स्टॉल सजने लगते हैं. यहां स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में पर्यटक भी नाश्ते का स्वाद लेने पहुंचते हैं.
एक ही जगह मिलते हैं गुजरात के कई मशहूर व्यंजन
चौड़ा रास्ता बाजार की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां लोगों को एक ही जगह गुजरात के कई प्रसिद्ध व्यंजनों का स्वाद चखने का मौका मिलता है. यहां खमण, ढोकला, खमण सैंडविच, इडड़ा, तिरंगा इडड़ा, पातड़ा, खांडवी, फाफड़ा, गाठिया, थेपला, मेथी गोटा और सूरती समोसा जैसी कई वैरायटी मिलती हैं. इसके अलावा नारियल कचौरी, चाउमीन, पेटीज और साबूदाना बड़ा जैसे नाश्ते भी लोगों को पसंद आते हैं. मीठा खाने के शौकीनों के लिए जलेबी सहित कई विकल्प मौजूद हैं, यहां मिलने वाले कई गुजराती नाश्ते की कीमत करीब 30 से 40 रुपये से शुरू होती है. वहीं, जो लोग एक साथ कई व्यंजनों का स्वाद लेना चाहते हैं, वे स्पेशल गुजराती थाली भी खा सकते हैं.
सुबह से ही लग जाती है ग्राहकों की भीड़
यहां दुकानदार सुबह से ही नाश्ता तैयार करने में जुट जाते हैं, अलग-अलग दुकानों, ठेलों और टेबलों पर गुजराती व्यंजनों की सजावट लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है. नाश्ते की खुशबू बाजार से गुजरने वाले लोगों को रुकने पर मजबूर कर देती है, यहां कई दुकानों पर ‘एक बार खाओ, बार-बार आओ’ जैसे संदेश भी लिखे हुए हैं. दुकानदारों के अनुसार, चौड़ा रास्ता लंबे समय से किताबों के बाजार के रूप में जाना जाता रहा है, लेकिन गुजराती व्यंजनों की बढ़ती लोकप्रियता ने इसे खाने-पीने के शौकीनों के बीच भी खास बना दिया है. कई बार सुबह से ही ग्राहकों की इतनी भीड़ उमड़ती है कि कुछ ही घंटों में कई व्यंजन खत्म हो जाते हैं.
नाश्ता तैयार होने के बाद सबसे पहले ठाकुर जी को भोग
लोकल-18 से बातचीत में दुकानदारों ने बताया कि यहां नाश्ता तैयार करने के बाद सबसे पहले दुकान के पीछे स्थित ठाकुर जी के मंदिर में भोग लगाया जाता है. इसके बाद ही ग्राहकों के लिए नाश्ता परोसा जाता है. दुकानदारों की यह परंपरा उनकी आस्था को दर्शाती है. अगर आप जयपुर घूमने आ रहे हैं और यहां के स्ट्रीट फूड का स्वाद लेना चाहते हैं, तो चौड़ा रास्ता बाजार आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है. यहां कम कीमत में गुजराती व्यंजनों की कई वैरायटी का स्वाद चख सकते हैं. यही वजह है कि यह बाजार अब किताबों के साथ-साथ गुजराती जायके के लिए भी लोगों के बीच लोकप्रिय हो रहा है.



