Rajasthan

राजस्थान में कहां कितने बजे जलेगा रावण? जयपुर-जोधपुर और कोटा समेत बड़े शहरों की देखें टाइमिंग

जयपुर. राजस्थान में आज 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा. प्रदेश के प्रमुख शहरों में रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों के दहन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. जयपुर, जोधपुर, अजमेर, उदयपुर, भरतपुर, बीकानेर और कोटा सहित कई शहरों में शाम से लेकर रात तक दशहरा महोत्सव के आयोजन होंगे. कहीं 121 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा, तो कहीं आतिशबाजी, लेजर शो और ड्रोन शो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे. जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में 121 फीट ऊंचे रावण का दहन रात 9:15 बजे होगा.

कोटा के दशहरा मैदान में 105 फीट ऊंचे रावण का पुतला रात 8 बजे जलाया जाएगा. अजमेर में इस बार दशहरा महोत्सव में पहली बार ड्रोन और लेजर शो का आयोजन होगा. वहीं, उदयपुर में भगवान श्रीराम की शोभायात्रा के साथ उत्सव की शुरुआत होगी. जोधपुर में तीन स्थानों पर रावण दहन होगा, जबकि बीकानेर में तीन प्रमुख मैदानों में पुतले जलाए जाएंगे. अगर आप भी दशहरा देखने की योजना बना रहे हैं, तो अपने शहर में आयोजन स्थल, समय और विशेष आकर्षण की जानकारी पहले जान लें.

जयपुर में 5 जगह होगा रावण दहन, सबसे ऊंचा 121 फीट का पुतला 

जयपुर में दशहरा महोत्सव को लेकर अलग-अलग इलाकों में तैयारियां की गई हैं. शहर में पांच प्रमुख स्थानों पर रावण दहन होगा. यहां 51 फीट से लेकर 121 फीट तक के पुतले तैयार किए गए हैं. इन आयोजन स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है.

• विद्याधर नगर स्टेडियम: 121 फीट ऊंचे रावण का दहन रात 9:15 बजे.

• आदर्श नगर राजापार्क: 105 फीट ऊंचे रावण का दहन शाम 7:30 बजे.

• मानसरोवर वीटी रोड: 100 फीट ऊंचे रावण का दहन रात 8 बजे.

• प्रताप नगर  भैरू सर्किल: 51 फीट ऊंचे रावण का दहन शाम 7:30 बजे.

• रामलीला मैदान न्यू गेट: 51 फीट ऊंचे रावण का दहन रात 8 बजे.

राजस्थान में आज दशहरा पर्व पर जयपुर, जोधपुर, अजमेर समेत 7 शहरों में रावण दहन होगा.

जोधपुर में अलग-अलग स्थानों पर रावण दहन, गोल्डन रावण भी होगा आकर्षण

जोधपुर में दशहरा महोत्सव के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. रामलीला मैदान में नगर निगम की ओर से 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन शाम करीब 6 बजे किया जाएगा. नाभि में अग्निबाण लगते ही रावण के हाथ की चकरी घूमेगी और मुंह व आंखों से अंगारे बरसेंगे. यहां मेघनाद, कुंभकर्ण, शूर्पणखा और ताड़का के पुतलों का भी दहन होगा. रामतलाई नाड़ी में श्री नारायण सेवा समिति की ओर से शाम 6:30 बजे विजयादशमी समारोह होगा. यहां जोधपुरी सूट पहने गोल्डन रावण का रिमोट से दहन किया जाएगा. मंडोर रेलवे स्टेशन के पास भी 60 फीट ऊंचे गोल्डन रावण और मेघनाद-कुंभकर्ण के पुतलों का दहन शाम 6:30 बजे होगा. वहीं, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड स्थित नंदनवन सेवा समिति की ओर से शाम 7 बजे रावण दहन किया जाएगा. यहां भव्य लाइटिंग शो भी आयोजित होगा.

अजमेर में पहली बार ड्रोन और लेजर शो, शाम 5 बजे रावण दहन

अजमेर के पटेल स्टेडियम में नगर निगम की ओर से दशहरा महोत्सव आयोजित किया जाएगा. यहां शाम 5 बजे 65 फीट ऊंचे रावण और 45-45 फीट ऊंचे कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन होगा. कार्यक्रम के समापन पर पहली बार ड्रोन और लेजर शो का आयोजन किया जाएगा. शाम 6:30 बजे शुरू होने वाला यह शो करीब 30 मिनट तक चलेगा. पहले 15 से 20 मिनट के लेजर शो में रामायण की कथा दिखाई जाएगी. इसके बाद 10 से 12 मिनट के ड्रोन शो में आसमान में रावण दहन, शंख, माता की आंखों, शुभ दीपावली और नगर निगम अजमेर से जुड़ी कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी.

जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में रात 9:15 बजे 121 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा

उदयपुर में शाम 7:15 बजे जलेगा रावण, निकलेगी रामजी की शोभायात्रा

उदयपुर के गांधी ग्राउंड में शाम 7:15 बजे रावण दहन होगा. यहां करीब 30 फीट ऊंचे रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले तैयार किए गए हैं. इसके साथ लंका भी बनाई गई है. दशहरा उत्सव की शुरुआत शाम करीब 5 बजे शक्तिनगर से निकलने वाली भगवान श्रीराम की शोभायात्रा के साथ होगी. इसमें भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमानजी की झांकियां शामिल होंगी. शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी ग्राउंड पहुंचेगी. इसके बाद विधि-विधान से रावण दहन और आतिशबाजी होगी.

उदयपुर के गांधी ग्राउंड में शाम 7:15 बजे रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले जलाए जाएंगे

भरतपुर में शाम 6:30 बजे होगा रावण दहन

भरतपुर के प्रसिद्ध नुमाइश मेले में शाम करीब 6:30 बजे रावण दहन किया जाएगा. इस दौरान राम स्वरूप कलाकार विधि-विधान से रावण दहन की परंपरा निभाएंगे. दशहरा पर्व पर होने वाला यह आयोजन शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है. कार्यक्रम को लेकर लोगों में उत्साह है. बीकानेर में तीन जगह होगा रावण दहन. बीकानेर में दशहरा पर्व पर तीन प्रमुख स्थानों पर रावण दहन होगा .इन आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है.

• करणी सिंह स्टेडियम: 80 फीट ऊंचे रावण का दहन शाम 6 बजे.

• पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड: 75 फीट ऊंचे रावण का दहन शाम 6 बजे.

• धरणीधर मैदान: 90 फीट ऊंचे रावण का दहन शाम 7:45 बजे.

भरतपुर के नुमाइश मेले में शाम 6:30 बजे रावण दहन का कार्यक्रम होगा.

कोटा में रात 8 बजे 105 फीट ऊंचे रावण का होगा दहन 

कोटा में दशहरा मेला 2026 के तहत दशहरा मैदान में रावण दहन का मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा. यहां 105 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन रात 8 बजे किया जाएगा. इससे पहले शाम 5 बजे गढ़ पैलेस से भगवान श्री लक्ष्मीनारायणजी की शोभायात्रा निकलेगी, जो दशहरा मैदान पहुंचेगी. इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रावण दहन होगा. दशहरा देखने जाने से पहले ध्यान दें: जयपुर, जोधपुर, अजमेर, उदयपुर, भरतपुर, बीकानेर और कोटा में आयोजन के समय अलग-अलग हैं. भीड़ और यातायात को देखते हुए घर से निकलने से पहले संबंधित आयोजन स्थल की स्थानीय व्यवस्था की जानकारी लेना बेहतर रहेगा.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj