Agriculture News I कम लागत में लौकी की बंपर पैदावार का तरीका, किसान इन बातों का रखें ध्यान

नागौर. मौसम में बदलाव और तापमान में उतार-चढ़ाव का सीधा असर सब्जियों की फसलों पर पड़ता है. खासकर लौकी की फसल में उचित देखभाल नहीं होने पर पौधों की वृद्धि प्रभावित हो सकती है और उत्पादन में कमी आ सकती है. ऐसे में किसानों को फसल की नियमित निगरानी करने के साथ वैज्ञानिक तरीकों से खेती पर ध्यान देना चाहिए. सही बीज का चयन, संतुलित खाद, उचित सिंचाई और समय पर कीट-रोगों की पहचान करके किसान उत्पादन बढ़ाने के साथ खेती की लागत भी कम कर सकते हैं.
युवा किसान अर्जुन चौधरी ने बताया कि लौकी की अच्छी पैदावार के लिए खेत की नियमित निगरानी करना जरूरी है. बदलते मौसम में पौधों की पत्तियों, तनों और फलों पर विशेष ध्यान दें. यदि पत्तियों पर धब्बे दिखाई दें, पौधे मुरझाने लगें या फलों पर किसी प्रकार का नुकसान नजर आए, तो इसके कारणों की पहचान करें. समय रहते समस्या का पता चलने पर फसल को अधिक नुकसान से बचाया जा सकता है. खेत में जलभराव होने से पौधों की जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए बारिश या अधिक सिंचाई के बाद खेत से अतिरिक्त पानी निकालने की व्यवस्था रखें. खेत में पानी जमा रहने से जड़ों के सड़ने और फफूंदजनित रोगों का खतरा बढ़ सकता है. बेहतर जल निकासी से पौधों की जड़ें स्वस्थ रहती हैं और उनकी वृद्धि अच्छी होती है.
निराई-गुड़ाई ओर अच्छी खाद से पौधों की वृद्धि में होगा सुधार
लौकी की फसल में खरपतवार भी उत्पादन को प्रभावित कर सकते हैं, ये पौधों के साथ मिट्टी में मौजूद नमी और पोषक तत्वों के लिए प्रतिस्पर्धा करते हैं. ऐसे में समय-समय पर निराई-गुड़ाई करते रहना चाहिए, इससे खरपतवार नियंत्रित होते हैं और मिट्टी में हवा का संचार बेहतर होता है. हालांकि, गुड़ाई करते समय पौधों की जड़ों को नुकसान पहुंचाने से बचना चाहिए. लौकी के पौधों की अच्छी वृद्धि और बेहतर उत्पादन के लिए नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश जैसे पोषक तत्वों की जरूरत होती है. किसानों को मिट्टी की जांच और कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार ही उर्वरकों का इस्तेमाल करना चाहिए. जरूरत से ज्यादा खाद डालने से बचें, क्योंकि इससे पौधों का संतुलित विकास प्रभावित हो सकता है. जैविक खाद का उचित उपयोग भी मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने में मददगार हो सकता है.
एफिड, सफेद मक्खी और फल छेदक से रहें सावधान
एग्रीकल्चर एक्सपर्ट बजरंग सिंह ने बताया कि लौकी की फसल में एफिड, सफेद मक्खी और फल छेदक जैसे कीट नुकसान पहुंचा सकते हैं. एफिड और सफेद मक्खी पौधों का रस चूसते हैं, जिससे पत्तियों की वृद्धि प्रभावित हो सकती है. वहीं, फल छेदक कीट फलों को नुकसान पहुंचा सकता है, इसलिए पत्तियों की निचली सतह, तनों और फलों की नियमित जांच करें. कीटों के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर कृषि विशेषज्ञों से सलाह लेकर ही उचित नियंत्रण उपाय अपनाएं. कीटनाशकों का इस्तेमाल निर्धारित मात्रा और सुरक्षा निर्देशों के अनुसार ही करें.
प्रमाणित बीजों ओर ड्रिप सिंचाई से पानी और लागत की बचत
अच्छे उत्पादन के लिए बुवाई के समय प्रमाणित और क्षेत्र के अनुकूल बीजों का चयन करना चाहिए. रोग प्रतिरोधी किस्मों को प्राथमिकता देने से कुछ रोगों का खतरा कम करने में मदद मिल सकती है. किसानों को बीज खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और किस्म से जुड़ी जानकारी जरूर लेनी चाहिए. लौकी की फसल में जरूरत के अनुसार सिंचाई करना जरूरी है. ड्रिप सिंचाई पद्धति से पानी सीधे पौधों की जड़ों तक पहुंचाया जा सकता है, जिससे पानी की बचत होती है और नमी का बेहतर प्रबंधन किया जा सकता है. सिंचाई करते समय मौसम और मिट्टी में मौजूद नमी का ध्यान रखें. बारिश की संभावना होने पर अनावश्यक सिंचाई से बचें.



