गुरदासपुर में पुलिस टीम पर बरसाए ईंट-पत्थर, 2 कमांडो घायल, 25 लोगों पर केस दर्ज

Last Updated:October 27, 2026, 14:22 IST
गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक में नशा तस्करों पर कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर नशा तस्करों ने हमला बोल दिया. इस घटना में 2 कमांडो घायल हो गए हैं. पुलिस ने 25 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.गुरदासपुर में पुलिस टीम पर बरसाए ईंट-पत्थर, 2 कमांडो घायल, 25 लोगों पर केस दर्ज.
पंजाब के गुरदासपुर में कस्बा डेरा बाबा नानक के गांव शिकार माछियां में जमकर ईंट-पत्थर बरसे. इस गांव में नशा तस्करों पर कार्रवाई करने गई पुलिस की टीम पर गांव में मौजूद तस्करों ने अचानक ईंटों से हमला कर दिया, जिसमें 2 कमांडो के जवान गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने इस मामले में 25 लोगों पर केस दर्ज कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक गुरदासपुर के सीमावर्ती हल्का डेरा बाबा नानक ने गांव शिकार माछियां में रात 9 बजे 20 से 25 लोगों ने पुलिस की टीमों पर हमला कर दिया. जिसमें कमांडो के 2 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए.इन दोनों जवानों को डेरा बाबा नानक के सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है. गांव के लोगों ने बताया कि नशा तस्करों ने ही पुलिस टीम पर हमला किया है. फिलहाल पुलिस द्वारा 25 लोगों पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
गांव के स्थानीय निवासी ज्ञानबीर सिंह ने बताया कि गांव में कुछ लोग नशा बेचने का काम करते हैं. जब गांव के एक गुट ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उहोंने हमला कर उनके दो व्यक्तियों को जख्मी कर दिया. तभी उन्होंने गांव के सरपंच को बताया तो सरपंच ने पुलिस को फोन कर दिया. नशे की तस्करी की जानकारी के बाद पुलिस की टीमें रिंकू मसीह के घर पहुंची तो वहां पहले से ईंट-पत्थर लेकर तैयार बैठे लोगों ने हमला कर दिया. जिसमें दो कमांडो के जवान जख्मी हो गए.
गांव वालों ने बताया कि गांव में बड़ी मात्रा में नशा बिकता है. जब कोई भी उन्हें टोकता है या पुलिस को इसकी सूचना दी जाती है तो नशा तस्कर उन पर हमला कर देते हैं. रात में भी तस्करों ने उनके एक साथी बलविंदर सिंह पर हमला कर उसे जख्मी कर दिया. जिसका इलाज किया जा रहा है.
इस संबंध में थाना कोटली सूरत मल्ली के एसएचओ सतपाल सिंह ने बताया कि 25 के करीब लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (पुरानी IPC की धारा 307 के समकक्ष, हत्या के प्रयास से संबंधित) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है जिन्होंने पुलिस टीम पर हमला किया था. उन्होंने बताया कि पुलिस टीम रिंकू मसीह के घर पहुंची थी, तभी लोगों ने उन पर हमला कर दिया. जिसमें कमांडो के 2 जवान जख्मी हुए हैं और एक गांव का ही व्यक्ति बलविंदर सिंह भी जख्मी हुआ है.
About the Authorप्रिया गौतमSenior Correspondent
Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi..com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …
और पढ़ेंFirst Published :
October 27, 2026, 14:22 IST



