Karauli News: इस दिवाली घर सजाने का बदला अंदाज, आर्टिफिशियल फूलों और फैंसी लाइटों का क्रेज

Last Updated:October 31, 2026, 17:17 IST
Karauli News: दीपावली को लेकर करौली के बाजारों में सजावटी सामानों की खरीदारी तेज हो गई है. आर्टिफिशियल फूल, रंग-बिरंगी झालर, बंधनवार और फैंसी लाइटें ग्राहकों को खूब पसंद आ रही हैं. बाजार में 10 रुपए से लेकर हजारों रुपए तक के सजावटी आइटम उपलब्ध हैं.
करौली. दीपावली के पर्व को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है. त्योहार को खास बनाने के लिए लोग अपने घरों की साफ-सफाई के साथ सजावट की तैयारियों में भी जुट गए हैं. इसी के चलते शहर के बाजारों में इन दिनों सजावटी सामानों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है. बाजारों में इस बार पारंपरिक सजावटी सामान के साथ कई तरह के फैंसी आइटम भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. खास बात यह है कि लोग पारंपरिक सजावट के साथ नए डिजाइन के आइटम भी खूब पसंद कर रहे हैं.
दीपावली पर घरों को सजाने के लिए इस बार आर्टिफिशियल फूल, रंग-बिरंगी झालर, लटकन, बंधनवार और आकर्षक लाइटों की सबसे ज्यादा मांग देखने को मिल रही है. इनमें भी आर्टिफिशियल फूल लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं. बाजार में इनकी कई तरह की वैरायटी उपलब्ध है, जिनसे लोग अपने घर के दरवाजों, दीवारों और पूजा स्थल को आकर्षक रूप दे सकते हैं. इसके अलावा रंगोली, कागज के रोल और अन्य सजावटी सामान भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं.
बंधनवार को महिलाएं कर रही सबसे ज्यादा पसंद दीपावली की सजावट के लिए करौली शहर में विशेष रूप से सजावटी सामान की दुकानें सजाई गई हैं. शहर के हिंडौन गेट से लेकर बस स्टैंड तक कई जगह अस्थायी दुकानें लगाई गई हैं. इन दुकानों पर दर्जनों तरह के सजावटी आइटम उपलब्ध हैं, इनमें पारंपरिक बंधनवार से लेकर आधुनिक डिजाइन की लटकन और रंग-बिरंगी लाइटें शामिल हैं. खासकर महिलाएं घर के मुख्य दरवाजे पर लगाने के लिए आकर्षक बंधनवार और फूलों की झालर खरीद रही हैं. मान्यता के अनुसार दीपावली पर घर के मुख्य द्वार को सजाना शुभ माना जाता है, इसलिए लोग इस पर विशेष ध्यान दे रहे हैं.
10 रुपए से लेकर हजारों रुपए तक के आइटम उपलब्ध
सजावटी सामान के व्यापारी बल्ली सैनी का कहना है कि इस बार बाजार में दीपावली की सजावट के लिए कई तरह के नए और आकर्षक आइटम आए हैं. इनमें सबसे ज्यादा पसंद आर्टिफिशियल फूलों को किया जा रहा है. लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार अलग-अलग डिजाइन के फूल और सजावटी सामान खरीद रहे हैं. उन्होंने बताया कि बाजार में 10 रुपए से लेकर हजारों रुपए तक की कीमत के सजावटी आइटम उपलब्ध हैं, इन सामानों को दिल्ली से मंगवाया गया है. व्यापारियों को उम्मीद है कि दीपावली नजदीक आने के साथ ही बाजारों में ग्राहकों की संख्या और बढ़ेगी. इस बार सजावटी सामानों की अच्छी बिक्री होने की संभावना है. इन दिनों करौली के बाजारों में पारंपरिक सजावट और आधुनिक फैंसी आइटमों का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Karauli,Rajasthan
First Published :
October 31, 2026, 17:17 IST



