Alwar News: दीपक बेचने वालों के घर में छाया अंधेरा, दीपावली से पहले दुकानें हटाने पर अलवर में बवाल

Last Updated:October 31, 2026, 13:05 IST
Alwar News: दीपावली से पहले अलवर में बाजार की दुकानों को लेकर विवाद गहरा गया है, होप सर्कस और घंटाघर से दुकानदारों को हटाकर कंपनी बाग रोड पर स्टॉल लगाने के निर्देश देने पर महिलाओं सहित छोटे दुकानदारों ने नगर निगम के सामने प्रदर्शन कर जाम लगा दिया. दुकानदारों ने पुरानी जगह छोड़ने से इनकार करते हुए होमगार्ड महिला पर मारपीट और सामान तोड़ने के आरोप लगाए.अलवर में दुकानदारों का हंगामा
अलवर. दीपावली के त्योहार से पहले अलवर के बाजारों में दुकानें लगाने को लेकर विवाद गहरा गया है. वर्षों से बाजार में मिट्टी के बर्तन, दीपक, फूल-माला और अन्य पूजन सामग्री बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले छोटे दुकानदारों ने नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में मोर्चा खोल दिया है. शुक्रवार को महिलाओं सहित बड़ी संख्या में दुकानदार नगर निगम कार्यालय के सामने एकत्रित हुए और प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए साफ कहा कि वे अपनी पुरानी जगह पर ही दुकानें लगाएंगे और किसी दूसरी जगह जाने को तैयार नहीं हैं.
प्रदर्शन कर रही महिला पूनम सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि वे वर्षों से होप सर्कस, घंटाघर और बाजार के अन्य प्रमुख स्थानों पर दुकानें लगाकर सामान बेचती आ रही हैं. उनके परिवार के लोग भी लंबे समय से इन्हीं जगहों पर कारोबार कर रहे हैं, इन बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही अच्छी रहती है, जिससे त्योहार के सीजन में उनकी रोजी-रोटी चलती है. महिलाओं का आरोप है कि इस बार नगर निगम की ओर से उन्हें इन पुरानी जगहों से हटाकर कंपनी बाग रोड पर बनाए गए स्टालों पर दुकान लगाने के लिए कहा जा रहा है. दुकानदारों का कहना है कि अचानक जगह बदलने से उनका कारोबार प्रभावित होगा. नई जगह पर ग्राहकों की आवाजाही को लेकर भी उन्हें आशंका है. ऐसे में दीपावली जैसे बड़े त्योहार के समय उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है.
महिलाओं ने लगाए मारपीट और सामान तोड़ने के आरोप
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने एक होमगार्ड महिला पर मारपीट करने और दुकानदारों का सामान तोड़ने के गंभीर आरोप भी लगाए. उनका कहना है कि वे पहले से ही त्योहार के लिए सामान खरीदकर दुकानें लगाने की तैयारी कर रही थी, ऐसे में उन्हें हटाने और उनके साथ कथित दुर्व्यवहार करने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है. दुकानदारों ने प्रशासन पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे कई वर्षों से इन्हीं स्थानों पर दुकानें लगाते आ रहे हैं. उनके ग्राहक भी इन्हीं बाजारों में आते हैं, इसलिए वे कंपनी बाग रोड पर बनाए गए स्टालों पर जाने के बजाय अपनी पुरानी जगह पर ही दुकानें लगाएंगे. नगर निगम के सामने प्रदर्शन और जाम के चलते कुछ समय तक आवागमन भी प्रभावित रहा. दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की कि उनकी रोजी-रोटी को ध्यान में रखते हुए पुरानी जगहों पर ही दुकान लगाने की अनुमति दी जाए.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Alwar,Rajasthan
First Published :
October 31, 2026, 13:05 IST



