‘जो कुछ भी हूं, उन्हीं की बदौलत हूं’, अनोखा होगा रजनीकांत का 76वां जन्मदिन, राघव लॉरेंस बोले- 1 महीने तक चलेगा जश्न

Last Updated:November 05, 2026, 20:14 IST
मशहूर कोरियोग्राफर और एक्टर-डायरेक्टर राघव लॉरेंस ने रजनीकांत के फैंस को एक बड़ा सरप्राइज दिया है. अपने गुरु और पसंदीदा सुपरस्टार के प्रति अटूट प्यार जाहिर करते हुए उन्होंने घोषणा की है कि वह रजनीकांत का 76वां जन्मदिन सिर्फ एक दिन नहीं, बल्कि पूरे एक महीने तक मनाएंगे. यह भव्य जश्न 12 नवंबर से शुरू होकर 12 दिसंबर तक चलेगा. इस दौरान रजनीकांत के प्रशंसकों के लिए कई खास और यादगार कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.
ख़बरें फटाफट
रजनीकांत के बर्थडे से पहले राघव लॉरेंस ने किया ऐलान. (फोटो: IMDb)
नई दिल्ली. मशहूर एक्टर-डायरेक्टर राघव लॉरेंस साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत के कितने बड़े प्रशंसक हैं, यह बात किसी से छिपी नहीं है. थलाइवा के प्रति अपने इसी अटूट प्यार और सम्मान को जाहिर करते हुए उन्होंने इस बार एक खास ऐलान किया है. लॉरेंस ने घोषणा की है कि वह रजनीकांत का 76वां जन्मदिन सिर्फ एक दिन नहीं, बल्कि पूरे एक महीने तक मनाएंगे. यह भव्य जश्न 12 नवंबर से शुरू होकर उनके जन्मदिन यानी 12 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें फैंस के लिए कई खास आयोजन शामिल होंगे.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) इस बात की घोषणा करते हुए राघव लॉरेंस ने लिखा, ’12 नवंबर से 12 दिसंबर तक, पूरे एक महीने तक ‘थलाइवर’ (रजनीकांत) के जन्मदिन का जश्न चलेगा. एक महीना, एक जश्न, और एक ही थलाइवर.’ उन्होंने आगे कहा, ‘थलाइवर के एक पक्के प्रशंसक के तौर पर मुझे इस बात पर बहुत गर्व और खुशी है कि 75 साल की उम्र में भी उन्होंने एक सुपरहिट फिल्म दी है. मैं 12 दिसंबर को उनके 76वें जन्मदिन और इस शानदार सफलता का जश्न मनाना चाहता हूं, जिसके लिए 12 नवंबर से 12 दिसंबर तक पूरे एक महीने का कार्यक्रम रखा गया है.’
राघव लॉरेंस ने रजनीकांत के बर्थडे से पहले किया ऐलान
राघव लॉरेंस ने यह भी कहा, ‘मेरी इच्छा तो यह थी कि खुद थलाइवर को आमंत्रित करूं और उनके सामने ही इस खास मौके का जश्न मनाऊं. लेकिन उनके विनम्र और सरल स्वभाव को देखते हुए मैं समझता हूं कि उन्हें अपने लिए कोई बड़ा जश्न पसंद नहीं है. इसीलिए हम, उनके प्रशंसक, इस महान सुपरस्टार के प्रति अपने गहरे प्यार और सम्मान के कारण अपने तरीके से उनका जश्न मना रहे हैं.’
बचपन से ही रजनीकांत के फैन हैं राघव लॉरेंस
राघव लॉरेंस ने बताया कि वह बचपन से ही रजनीकांत के प्रशंसक रहे हैं. उन्होने कहा, ‘उन्होंने मुझे एक नई जिंदगी दी है और आज इस इंडस्ट्री में मैं जो कुछ भी हूं, उन्हीं की बदौलत हूं. थलाइवर जैसा दूसरा कोई स्टार कभी नहीं हो सकता. उनकी विरासत बेमिसाल है. उनके सफर और जन्मदिन को सबसे बेहतरीन तरीके से मनाया जाना चाहिए. यह उस इंसान का जश्न मनाने का हमारा तरीका है, जिसने प्रशंसकों की कई पीढ़ियों को जीवन भर की यादें और खुशियां दी हैं.’
रजनीकांत के फैंस के लिए यादगार होंगे आयोजन
उन्होंने पोस्ट के आखिर में लिखा, ‘आज गुरुवार, यानी गुरु दिवस है, इसलिए मैं आप सभी के साथ यह साझा करना चाहता हूं कि जल्द ही मैं बताऊंगा कि हम इस जश्न को कैसे खास बनाने वाले हैं. यह साल सभी ‘थलाइवर’ फैंस के लिए वाकई यादगार रहने वाला है. एक महीना. एक जश्न. एक थलाइवर! गुरुवेसरनम’.
About the AuthorKamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
November 05, 2026, 20:14 IST



