सिराज-नितिश रेड्डी की वापसी के मिले संकेत, वेनबरी स्टेडियम की पिच ऑकलैंड जैसी, प्लेइंग XI में टीम इंडिया बढ़ाएगा तेज गेंदबाज

नई दिल्ली. भारत का अनुभवहीन लेकिन शानदार चार सदस्यीय तेज गेंदबाजी आक्रमण शनिवार को यहां होने वाले दूसरे वनडे मैच में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों पर अपनी पकड़ बनाए रखने और मेहमान टीम की बढ़त को और आगे बढ़ाने की कोशिश करेगा. सीरीज की शुरुआत से पहले भारत के गेंदबाजी विकल्पों को लेकर काफी सवाल थे, लेकिन गुरनूर बराड़, अंशुल कंबोज और अर्शदीप सिंह जैसे खिलाड़ियों ने सीरीज के पहले मैच में शानदार प्रदर्शन करके उन सभी सवालों के जवाब दे दिए. इन तीनों गेंदबाजों के प्रदर्शन से मुख्य कोच गौतम गंभीर की सोच में भी बदलाव का संकेत मिलता है, जो अब तक ऑलराउंडर्स को प्राथमिकता देने की बात कहते आए हैं.
ईडन पार्क में सीधी बाउंड्री छोटी थीं, लेकिन यहां वेनबरी स्टेडियम में स्क्वायर बाउंड्री छोटी हैं, जिसके चलते तेज गेंदबाजों को अपनी लेंथ में उसी हिसाब से बदलाव करना होगा. अर्शदीप और उनकी टीम ने ऑकलैंड में अपनी गेंदबाजी से विपक्षी टीम को परेशान किया था, लेकिन यहां मैदान के आकार को देखते हुए उन्हें थोड़ा आगे गेंद डालने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा. बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने सबसे ज्यादा विकेट लिए, लेकिन कंबोज ने 46 डॉट गेंदें फेंककर भारत के सबसे किफायती गेंदबाज साबित हुए. जहां दूसरे गेंदबाज पिच पर टप्पा खिलाने में लगे थे, वहीं कंबोज को टेस्ट मैच वाली सही लेंथ पर लगातार गेंदबाजी करने का फायदा मिला.
सिराज की वापसी के मिले संकेत
ईडन पार्क में अर्शदीप और आकिब नबी ने गेंदबाजी की शुरुआत की थी, लेकिन कंबोज जिस तरह की स्विंग करा रहे हैं, उसे देखते हुए अनुभवी बाएं हाथ के गेंदबाज के साथ उन्हें भी नई गेंद सौंपी जा सकती है. चारों तेज गेंदबाजों में नबी इकलौते ऐसे गेंदबाज रहे जिन्हें कोई विकेट नहीं मिला. अगर अनुभवी मोहम्मद सिराज इस मैच के लिए उपलब्ध होते हैं, तो नबी की जगह उन्हें टीम में शामिल किया जा सकता है, हालांकि भारतीय टीम ने अपने पत्ते अभी नहीं खोले हैं. मैच से पहले मीडिया से बातचीत के दौरान जब फील्डिंग कोच शुभदीप घोष से पूछा गया कि क्या सिराज को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलेगा, तो उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता, टीम मैनेजमेंट इस बारे में फैसला करेगा.
रोहित और श्रेयस पर नजर
बल्लेबाजी की बात करें तो, सीरीज के पहले मैच में पहली ही गेंद पर आउट होने के बाद रोहित शर्मा से इस मैच में बड़े स्कोर की उम्मीद होगी. वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज में शानदार प्रदर्शन करके दाएं हाथ के ये बल्लेबाज यहां पहुंचे हैं. ईडन पार्क में विराट कोहली की बल्लेबाजी में गजब की सहजता नजर आई थी. अतिरिक्त उछाल से उन्हें जरा भी परेशानी नहीं हुई और उन्होंने अपनी मर्जी से बाउंड्री बटोरते हुए भारतीय पारी को संभाले रखा. हालांकि, बाकी भारतीय बल्लेबाज शॉर्ट बॉल के सामने असहज नजर आए और वे इस विभाग में अपनी कमजोरी को दूर करना चाहेंगे. श्रेयस अय्यर को लगातार बाउंसर फेंके गए और आखिरकार वह एक उठती हुई गेंद पर आउट हो गए.
पहले मैच जैसी रहेगी पिच
मैच के बाद कप्तान मिचेल सेंटनर ने माना कि भारतीय तेज गेंदबाजों के द्वारा मिल रहे अतिरिक्त उछाल के खिलाफ उनके बल्लेबाज कमजोर साबित हुए. इस मैदान पर भी अच्छी उछाल और कैरी मिलने की उम्मीद है, जिससे तेज गेंदबाजों की भूमिका काफी अहम हो जाएगी. मैच से पहले न्यूजीलैंड के मुख्य बल्लेबाज डेवोन कॉनवे फील्डिंग अभ्यास के दौरान हुई टक्कर में चोट लगने के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं. इससे मेजबान टीम की मुश्किलें और बढ़ गई हैं, जो पहले से ही व्यस्त शेड्यूल के बीच कई खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही है. मैच की पूर्व संध्या पर तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर ने कहा कि हां, वह हमारे लिए बहुत अहम खिलाड़ी थे. अभ्यास के दौरान एक अजीब घटना हुई, लेकिन हम केल्ली को टीम में ला रहे हैं जो एक बेहतरीन खिलाड़ी है. इससे दूसरे खिलाड़ियों को भी आगे आकर जिम्मेदारी निभाने का मौका मिलता है, जैसा कि हम पहले भी करते आए हैं. टक्कर में शामिल दूसरे खिलाड़ी मैट हेनरी अब पूरी तरह से उबर चुके हैं और इस मैच के लिए उपलब्ध हैं.
टीमें इस प्रकार हैं: भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, अंशुल कंबोज, औकिब नबी, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, इशान किशन, कुलदीप यादव, नमन धीर.
न्यूजीलैंड: मिचेल सेंटनर (कप्तान), टॉम सीफर्ट, हेनरी निकोल्स, टॉम लैथम (विकेटकीपर), विल यंग, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, माइकल ब्रेसवेल, जैकब डफी, काइल जैमीसन, मैथ्यू फिशर, मैट हेनरी, ब्लेयर टिकनर, नाथन स्मिथ.



