15 साल के अंधेरे के बाद 30 घरों में जली रोशनी, पूर्व सैनिक ने बदल दी बंजारा बस्ती की जिंदगी

Last Updated:August 16, 2026, 12:39 IST
Jaipur News: जयपुर ग्रामीण के रामपुरा डाबड़ी स्थित सेवापुरा बंजारा बस्ती के 30 घरों में 15 साल बाद सोलर पैनल से रोशनी पहुंची है. बिजली कनेक्शन न मिलने से 150 लोग अंधेरे में रहने को मजबूर थे. पूर्व सैनिक आनंद सिंह हनुमानपुरा ने अपने स्तर पर सोलर पैनल लगवाकर बस्ती को रोशन किया. ग्रामीणों ने आनंद सिंह का माला-साफा पहनाकर सम्मान किया. आनंद सिंह ने बंजारा बस्ती को गोद लेने की घोषणा करते हुए बच्चों की शिक्षा में मदद का भरोसा दिया.
ख़बरें फटाफट
Jaipur News: 15 साल बाद सोलर लाइट से रोशन हुई बंजारा बस्ती, ex-serviceman Anand Singh ने लगवाए Solar Panel
Jaipur News: जयपुर ग्रामीण जिले के रामपुरा डाबड़ी उपखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सेवापुरा के कचरा प्लांट के पास स्थित बंजारा बस्ती के परिवारों के जीवन में 15 साल बाद नया सवेरा आया है. लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं और बिजली कनेक्शन के लिए तरस रहे बंजारा बस्ती के 30 घरों में आखिरकार सौर ऊर्जा से रोशनी पहुंच गई है. इस सराहनीय पहल से बस्ती के लगभग 150 लोगों को वर्षों पुराने अंधेरे और परेशानियों से मुक्ति मिली है.
बस्ती के निवासी भूराराम बंजारा, गोमाराम बंजारा और पाचूराम बंजारा सहित कई परिवार लंबे समय से सरकारी बिजली कनेक्शन पाने के लिए लगातार प्रयासरत थे. कई बार आवेदन करने और प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर काटने के बावजूद जब कोई समाधान नहीं निकला, तो परिवार अंधेरे में जीवन गुजारने को मजबूर थे. इसके बाद ग्रामीणों ने अपनी यह दर्दभरी समस्या भारतीय सेना से सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक एवं भामाशाह आनंद सिंह हनुमानपुरा के सामने रखी.
पूर्व सैनिक आनंद सिंह ने अपने खर्चे पर लगवाए सोलर पैनल
ग्रामीणों की पीड़ा सुनकर पूर्व सैनिक आनंद सिंह ने तुरंत अपने निजी स्तर पर बस्ती के सभी 30 घरों में सोलर सिस्टम और पैनल लगवाने का निर्णय लिया. जैसे ही सोलर पैनल लगने के बाद घरों में बल्ब जले, पूरी बस्ती में जश्न का माहौल बन गया. बच्चों और बुजुर्गों के चेहरों पर बरसों बाद घर रोशन होने की खुशी साफ झलक रही थी. ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए कहा कि 15 साल के लंबे इंतजार के बाद घरों में उजाला होना उनके लिए किसी बड़े त्योहार से कम नहीं है.
माला-साफा पहनाकर किया सम्मान, आनंद सिंह ने बस्ती को लिया गोद
इस महान कार्य के लिए बस्तीवासियों ने पूर्व सैनिक आनंद सिंह को माला और राजस्थानी साफा पहनाकर भव्य सम्मान किया और आपस में मिठाई बांटकर अपनी खुशी जाहिर की. इस दौरान आनंद सिंह ने बंजारा बस्ती को गोद लेने का ऐलान करते हुए कहा, “लोग अक्सर पूरे गांव को गोद लेते हैं, लेकिन मैंने इस जरूरतमंद बंजारा बस्ती को गोद लिया है.” उन्होंने बच्चों की शिक्षा और अन्य मूलभूत जरूरतों में हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया. कार्यक्रम के दौरान पांडुराम बंजारा, हनुमान बंजारा, सुल्तान बंजारा, पहलाद बंजारा, सूरज बंजारा और ओकार बंजारा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
August 16, 2026, 12:39 IST



