तबादलों पर से बैन हटने के बाद मंत्रियों के बंगले हो रहे गुलजार, फरियादियों की लगी है कतारें

Last Updated:June 26, 2026, 17:18 IST
Jaipur News : राजस्थान की भजनलाल सरकार ने हाल ही में तबादलों पर से 16 दिन के लिए बैन हटाया है. उसके बाद ट्रांसफर के लिए राजधानी जयपुर में मंत्रियों के बंगलों पर फरियादियों की लंबी-लंबी लाइने लग रही हैं. तबादलों के लिए लोग बेहद उतावले हो रहे हैं. तबादलों की उम्मीद में सरकारी कर्मचारी अपने-अपने महकमों के मंत्रियों के यहां धोक लगा रहे हैं. स्थानीय जनप्रतिनिधियों से डिजायर लिखवाकर ला रहे हैं. तबादलों के लिए नए-नए और कई अनोखे तर्क दिए जा रहे हैं. गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म फरयादियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और नियमानुसार समाधान का आश्वासन दे रहे हैं.
जयपुर. राजस्थान में लंबे समय के बाद सरकारी कर्मचारियों के तबादलों से हटे बैन के बाद राजधानी जयपुर में मंत्रियों के बंगले इन दिनों फरियादियों के हुजूम से गुलजार हो रहे हैं. मंत्री जी के सुबह उठने पहले ही फरयादियों की भीड़ जमा हो जाती है. मंत्री जी चाय भी बमुश्किल पी पाते हैं उससे पहले ही लोग आ धमकते हैं. कई फरियादी भगवान भरोसे अकेले ही दरख्वास्त लेकर आ रहे हैं तो कई अपने साथ स्थानीय छुटभैया नेताओं को लेकर आ रहे हैं. वहीं कई मौके पर तबादले के आवेदन के साथ ही मंत्री जी और उनके पीए के कान पर अपने-अपने इलाके के दिग्गज नेताओं से सिफारशी फोन लगा रहे हैं.
मंत्रियों के घर तबादलों के लिए उमड़ रही भीड़ में कहीं खुशी तो कहीं गम वाला नजारा भी सामने आ रहा है. कुछ को ठोस आश्वासन मिल रहा तो कुछ को औपचारिक आश्वासन. कुछ फरियादियों को तर्कों के साथ बैरंग ही लौटाया जा रहा है. भजनलाल सरकार ने बीते 19 जून को सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों के तबादलों पर लगा प्रतिबंध अस्थायी रूप से हटाया था. यह प्रतिबंध 5 जुलाई 2026 तक के लिए हटाया गया है. लेकिन इनमें शिक्षा विभाग के तृतीय श्रेणी अध्यापकों के तबादलों पर लगा बैन नहीं हटाया गया है. उन पर तबादला प्रतिबंध फिलहाल जारी रहेगा.
तबादलों में इन केसेज को दी जाएगी वरीयतावहीं चिकित्सा विभाग के कार्मिकों के तबादलों पर भी अग्रिम आदेश तक रोक रहेगी. सरकार के निर्देश हैं कि तबादलों में एकल महिला, विधवा, परित्यक्ता, दिव्यांग और गंभीर बीमार कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाए. इसके साथ ही राजकीय सेवा में कार्यरत पति-पत्नी के मामलों को भी विशेष वरीयता दी जाएगी. तबादलों का प्रशासनिक सुधार विभाग का यह आदेश राज्य के सभी निगमों, बोर्डों, मंडलों और स्वायत्तशासी संस्थाओं पर भी लागू होगा. तबादलों से बैन हटते ही कर्मचारियों के चेहरों पर मुस्कान दौड़ गई थी और उन्होंने घर पहुंचने या घर के आसपास ही तबादला करवाने के लिए जुगाड़ शुरू कर दिया था.
मंत्री बेढम के घर पर उमड़ा फरियादियों का हुजूम
शुक्रवार को जयपुर में सिविल लाइंस में गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम के सरकारी आवास पर जब की टीम पहुंची तो वहां तबादलों के इच्छुक कर्मचारियों और उनके परिजनों का तगड़ा जमावड़ा लगा हुआ था. यहां केवल बेढम के विभाग के ही नहीं बल्कि विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में फरियादी तबादलों और अन्य प्रशासनिक मामलों को लेकर मंत्री से मिलने पहुंचे हुए थे. तबादला-पदस्थापन को लेकर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कर्मचारी और जनप्रतिनिधि अपने-अपने प्रकरणों को लेकर मंत्री से मिले और आवश्यक कार्रवाई का आग्रह कर रहे थे.
मंत्री बोले-पात्र कर्मचारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगाइस दौरान कई दिव्यांगजन भी अपने तबादले से संबंधित मांगों को लेकर मंत्री आवास पहुंचे थे. मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने प्रत्येक फरयादी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और नियमानुसार समाधान का आश्वासन दिया. दिव्यांगजन सहित सभी फरियादियों ने अपनी परिस्थितियों से मंत्री को अवगत कराया. मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी और न्यायसंगत प्रक्रिया के तहत तबादलों की कार्यवाही कर रही है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण पर नियमानुसार विचार किया जाएगा और पात्र कर्मचारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा.
About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan



