Ajmer News: फीस के बदले गलत हरकत का आरोप, 12वीं की छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में प्रिंसिपल गिरफ्तार

अजमेर. पुष्कर थाना क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल पर 12वीं कक्षा की छात्रा के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत और छेड़छाड़ करने का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि रजिस्ट्रेशन फीस जमा करने के लिए छात्रा ने प्रिंसिपल से दो दिन की मोहलत मांगी थी, इसी दौरान प्रिंसिपल ने कथित रूप से फीस माफ करने के बदले छात्रा से गलत मांग की. मामले की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल सुशील कुमार रिणवा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रिंसिपल को निलंबित कर दिया है.
जानकारी के अनुसार, पुष्कर थाना क्षेत्र के कड़ेल गांव स्थित सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली 12वीं कक्षा की छात्रा को रजिस्ट्रेशन फीस जमा करनी थी. छात्रा के पास तत्काल फीस के लिए पैसे नहीं थे, उसने कथित तौर पर स्कूल के प्रिंसिपल से फीस जमा करने के लिए दो दिन की मोहलत मांगी थी. छात्रा के आरोप के मुताबिक, इसी दौरान प्रिंसिपल ने फीस माफ करने की बात कहते हुए उसे स्कूल की छुट्टी के बाद रुकने के लिए कहा. आरोप है कि छात्रा के प्रिंसिपल रूम में पहुंचने के बाद उसके साथ गलत तरीके से छूने और जबरदस्ती करने का प्रयास किया गया.
घटना के बाद रोते हुए घर पहुंची छात्रा
कथित घटना के बाद छात्रा रोते हुए अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी. छात्रा की बात सुनकर परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए. इसके बाद मामले की जानकारी गांव में फैल गई और लोगों ने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि 17 अगस्त को बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने हंगामा करते हुए आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. इसी दौरान प्रिंसिपल के साथ मारपीट किए जाने की भी बात सामने आई है.
प्रिंसिपल का वीडियो भी सामने आया
मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक छात्रा की सहेली आरोपी प्रिंसिपल के चेहरे पर काला रंग पोतती दिखाई दे रही है. वीडियो में प्रिंसिपल को स्कूल परिसर में घुमाए जाने का दावा भी किया जा रहा है. इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया. हालांकि, वायरल वीडियो और उसमें दिखाई दे रहे घटनाक्रम की स्वतंत्र पुष्टि जांच का विषय है. पुलिस छात्रा के आरोपों, परिजनों की शिकायत और सामने आए अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
अजमेर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शमशेर खान के अनुसार, प्रिंसिपल सुशील कुमार रिणवा के खिलाफ छात्रा के परिजनों की शिकायत पर छेड़छाड़ समेत अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक, घटना 14 अगस्त को सामने आई थी. इसके बाद छात्रा के परिजनों और ग्रामीणों को मामले की जानकारी मिली, अब पुलिस घटनाक्रम की जांच के साथ छात्रा के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
शिक्षा विभाग ने भी की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने आरोपी प्रिंसिपल सुशील कुमार रिणवा को निलंबित कर दिया है. फिलहाल पुलिस जांच जारी है और मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि छात्रा के आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.



