Alwar News: इंदिरा गांधी स्टेडियम बना खिलाड़ियों की नई उम्मीद, जिले के सितारे देश-विदेश में कर रहे नाम रोशन

Last Updated:July 11, 2026, 13:04 IST
Alwar News: अलवर में खेल सुविधाओं के विस्तार का असर अब खिलाड़ियों के प्रदर्शन में साफ दिखाई दे रहा है. इंदिरा गांधी स्टेडियम की आधुनिक सुविधाओं और बेहतर प्रशिक्षण से हॉकी, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, शूटिंग और तीरंदाजी जैसे खेलों में खिलाड़ी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर रहे हैं. सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक और आधुनिक कुश्ती हॉल जैसी नई सुविधाओं से आने वाले समय में अलवर से और अधिक प्रतिभाओं के उभरने की उम्मीद है.
अलवर. शहर में खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिल रहा है. जिले के खिलाड़ी हॉकी, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, शूटिंग, तीरंदाजी, कुश्ती, क्रिकेट और अन्य खेलों में शानदार प्रदर्शन कर अलवर का नाम देश-विदेश में रोशन कर रहे हैं. इंदिरा गांधी स्टेडियम में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं और नियमित प्रशिक्षण का लाभ उठाकर कई खिलाड़ी बड़ी प्रतियोगिताओं में पदक हासिल कर रहे हैं.
अलवर की खेल अधिकारी अंजना शर्मा ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम में लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. हाल ही में इंदिरा गांधी स्टेडियम में अभ्यास करने वाले अनुज शर्मा का भारतीय आर्चरी टीम में चयन हुआ है, जो जिले के लिए गर्व की बात है. वहीं बॉक्सिंग में पवन ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है. मूक-बधिर शूटिंग प्रतियोगिता में प्रतीक ने राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक हासिल किया है. इसके अलावा बॉक्सिंग और अन्य खेलों में भी अलवर के खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है.
अलवर एथलेटिक्स के क्षेत्र में शुरू से ही अग्रणी रहा
उन्होंने बताया कि अलवर एथलेटिक्स के क्षेत्र में शुरू से ही अग्रणी रहा है. खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए इंदिरा गांधी स्टेडियम में सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. इसके पूरा होने के बाद एथलीटों को विश्वस्तरीय सुविधाओं के अनुरूप अभ्यास करने का अवसर मिलेगा, जिससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनके प्रदर्शन में और सुधार होने की उम्मीद है. खेल अधिकारी के अनुसार, स्टेडियम में सीएसआर के तहत आधुनिक कुश्ती हॉल भी बनकर तैयार हो चुका है. इसके अलावा हॉकी, फुटबॉल, टेनिस, शूटिंग, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, कुश्ती, कबड्डी सहित कई खेलों के अभ्यास की सुविधाएं उपलब्ध हैं. यूआईटी प्रशासन भी समय-समय पर स्टेडियम के रखरखाव और सुविधाओं के विकास में सहयोग कर रहा है, जिससे खिलाड़ियों को शहर के भीतर ही बेहतर वातावरण मिल रहा है.
अंजना शर्मा ने बताया कि वर्तमान में अलवर में हॉकी का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है, जबकि एथलेटिक्स यहां का सदाबहार खेल बना हुआ है. खिलाड़ियों की संख्या बढ़ रही है और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए लगातार नई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि भविष्य में अधिक से अधिक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार हो सकें. उन्होंने आमजन से भी अपील की कि स्टेडियम में बने ट्रैक और खेल सुविधाओं का उपयोग केवल खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए होने दें. कई बार आम लोग ट्रैक पर घूमते हैं, जिससे खिलाड़ियों की तैयारी प्रभावित होती है.
उन्होंने अभिभावकों से भी कहा कि वे कोच के कार्य में हस्तक्षेप करने के बजाय अपने बच्चों के खानपान, अनुशासन और मानसिक मजबूती पर ध्यान दें, ताकि खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर सकें. पूर्व एथलेटिक्स कोच सबल प्रताप सिंह ने बताया कि अलवर के खिलाड़ियों में शुरू से ही एथलेटिक्स के प्रति विशेष लगाव रहा है. जब इंदिरा गांधी स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक नहीं था, तब खिलाड़ी मिट्टी के ट्रैक पर कठिन मेहनत करते थे. उसी मेहनत का परिणाम था कि अलवर से कई एथलीट राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाने में सफल हुए. उनका मानना है कि आधुनिक सुविधाओं के साथ आने वाले वर्षों में अलवर के खिलाड़ी खेल जगत में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Alwar,Rajasthan



