बचाव नहीं, प्रहार करो…वैभव सूर्यवंशी के तूफान को रोकने के लिए हरभजन सिंह का मास्टरप्लान

होमखेलक्रिकेट
बचाव नहीं, प्रहार करो…सूर्यवंशी के तूफान को रोकने को भज्जी का मास्टरप्लान
Last Updated:August 13, 2026, 20:51 IST
Harbhajan Singh statement Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल और जिम्बाब्वे दौरे पर धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी ने दिग्गजों को चौंका दिया है. पैट कमिंस, जसप्रीत बुमराह और जोश हेज़लवुड जैसे गेंदबाजों पर बेबाक शॉट्स जड़ने वाले इस वंडर बॉय को रोकने के लिए पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने खास रणनीति बताई है. भज्जी के मुताबिक, वैभव से बचने की कोशिश करने वाले गेंदबाज नाकाम होंगे. उन्हें आउट करने का एकमात्र तरीका खुद आक्रामक होकर अटैक करना है.वैभव सूर्यवंशी को आउट करने का तरीका हरभजन सिंह ने बताया.
नई दिल्ली. 15 साल की उम्र, दुनिया के सबसे खूंखार गेंदबाज और क्रीज पर बेबाक खड़ा एक भारतीय बल्लेबाज… आईपीएल 2026 में जब राजस्थान रॉयल्स की गुलाबी जर्सी पहने वैभव सूर्यवंशी क्रीज पर उतरे, तो किसी ने नहीं सोचा था कि भारतीय क्रिकेट का एक नया अध्याय लिखा जा रहा है. पैट कमिंस की रफ्तार हो, जोश हेज़लवुड की सटीक लाइन-लेंथ या फिर जसप्रीत बुमराह की जानलेवा यॉर्कर वैभव ने किसी भी गेंदबाज के नाम या कद को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया. उन्होंने बिना किसी डर के इन दिग्गजों की गेंदों पर ऐसे लंबे-लंबे शॉट्स जड़े कि पूरी दुनिया हक्की-बक्की रह गई. आईपीएल के इस शानदार प्रदर्शन के बाद जब उन्हें भारतीय सीनियर टीम के जिम्बाब्वे दौरे पर मौका मिला, तो वहां भी उनका बल्ला गरजा और उन्होंने एक धमाकेदार अर्धशतक जड़कर यह साबित कर दिया कि वे किसी तुक्के का नतीजा नहीं, बल्कि लंबी रेस के घोड़े हैं.
वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) के इस तूफानी फॉर्म को देखकर दुनिया भर के गेंदबाज और रणनीतिकार यह सोचने पर मजबूर हैं कि इस 15 साल के वंडर बॉय को कैसे रोका जाए? इसी सवाल का जवाब देते हुए भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) ने एक ऐसी रणनीति बताई है, जो हर गेंदबाज के लिए सबक है.
हरभजन सिंह ने पीटीआई से बात करते हुए कहा, ‘मैं कभी भी उसके शॉट्स को देखकर अपनी फील्डिंग सेट नहीं करूंगा. मैं गेम की अपनी समझ और अपनी योजना के हिसाब से फील्ड सजाऊंगा. अगर कोई गेंदबाज वैभव के खिलाफ सिर्फ खुद को छक्के-चौकों से बचाने की कोशिश करेगा, तो उसकी योजना पूरी तरह नाकाम हो जाएगी. उसको रोकने और क्रीज पर टिके रहने का सिर्फ एक ही तरीका है उस पर पलटवार करना.’ हरभजन ने यह भी माना कि इस आक्रामक रणनीति में जोखिम है, लेकिन यही एकमात्र रास्ता है. उन्होंने आगे कहा, ‘हो सकता है कि यह तरीका हर बार काम न करे. हो सकता है कि वह मुझे कुछ बड़े शॉट्स मार दे, लेकिन मेरी अगली गेंद भी उसी आक्रामक प्लान के मुताबिक होगी. डरकर गेंदबाजी करने से आप उसे कभी आउट नहीं कर पाएंगे.’
‘मैंने अपनी जिंदगी में ऐसा खिलाड़ी नहीं देखा’हरभजन सिंह ने वैभव सूर्यवंशी के खेल और उनकी परिपक्वता की खुलकर तारीफ की. 14-15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय और उच्च स्तर के क्रिकेट पर ऐसा दबदबा बनाना आसान नहीं होता, और भज्जी भी इस बात से बेहद प्रभावित नजर आए. भज्जी का मानना है कि वैभव ने विश्व क्रिकेट के शीर्ष गेंदबाजों की रातों की नींद उड़ा दी है. आज बड़े से बड़ा गेंदबाज यह सोचकर परेशान है कि 15 साल के इस लड़के को गेंद कहां फेंकी जाए. हरभजन ने कहा, ‘वैभव एक ऐसा अद्भुत खिलाड़ी है, जैसा मैंने अपने पूरे जीवन में पहले कभी नहीं देखा. इतनी छोटी उम्र में विश्व स्तर पर दबदबा बनाना बहुत बड़ी बात है. वह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मिसाल बन रहा है.’
About the AuthorKamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,Delhi
First Published :
August 13, 2026, 20:51 IST



