फिल्में हुईं फ्लॉप, डूब चुका था करियर, एक्टिंग छोड़ जॉब करने जा रहे थे मोहनीश बहल, सलमान खान ने यूं बनाया स्टार

नई दिल्ली: बॉलीवुड में कब किसकी किस्मत पलट जाए, ये कोई नहीं कह सकता. ऐसा ही कुछ मोहनीश बहल के साथ हुआ था. एक वक्त ऐसा आ गया था कि उनकी एक के बाद एक फिल्में फ्लॉप होती जा रही थीं. देखते ही देखते मोहनीश की 5 फिल्में फ्लॉप हो गईं, जिसके बाद लगभग एक्टर करियर डूबने की ही कगार पर आ गया था. ऐसे में उन्होंने एक्टिंग छोड़कर जॉब करने का मन बना लिया था.
वो बॉलीवुड छोड़कर पायलट बनने की तैयारी में जुट गए थे, लेकिन तभी उनकी लाइफ में एक ऐसे दोस्त की एंट्री हुई जिसने उनका डूबता हुआ करियर बचा लिया. मोहनीश के मददगार दोस्त थे सुपरस्टार सलमान खान. आइए जानते हैं कि कैसे सलमान खान ने मोहनीश बहल को एक फ्लॉप एक्टर से बॉलीवुड का सबसे चहेता संस्कारी भाई बना दिया.
जब फिल्में फ्लॉप हुईं तो पायलट बनने की करने लगे तैयारी
मोहनीश बहल ने साल 1983 में फिल्म ‘बेकरार’ से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी, लेकिन यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई. इसके बाद आई ‘तेरी बाहों में’ भी फ्लॉप साबित हुई. हालांकि, रामसे ब्रदर्स की हॉरर फिल्म ‘पुराना मंदिर’ हिट रही, लेकिन उस जमाने में हॉरर फिल्मों को बी-ग्रेड सिनेमा माना जाता था, जिससे मोहनीश को कोई खास फायदा नहीं मिला. लगातार पांच-छह फिल्में फ्लॉप होने के बाद मोहनीश इतने निराश हो गए कि उन्होंने बॉलीवुड को अलविदा कहने का फैसला कर लिया. उन्होंने एविएशन सेक्टर में जाने की सोची और अपना कमर्शियल फ्लाइंग लाइसेंस लेने की तैयारी शुरू कर दी.
जिम में हुई सलमान खान से मुलाकात और बदल गई किस्मत
जब मोहनीश बहल एक्टिंग छोड़कर पायलट बनने का मन बना रहे थे, तभी एक दिन जिम में उनकी मुलाकात सलमान खान से हुई. दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई. उन्हीं दिनों राजश्री प्रोडक्शंस अपनी नई फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ के लिए कास्टिंग कर रहा था. सलमान खान को इस फिल्म में लीड रोल मिल चुका था. सलमान ने ही मेकर्स से विलेन ‘जीवन’ के रोल के लिए मोहनीश बहल के नाम की सिफारिश की. यह एक मौका मोहनीश के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ और फिल्म की बंपर सफलता ने उन्हें बॉलीवुड में विलेन के रूप में स्थापित कर दिया.
फिल्मी बैकग्राउंड से था गहरा नाता, मां नूतन देती थीं हौसला
मोहनीश बहल का जन्म 14 अगस्त 1961 को मुंबई में हुआ था और उनका फैमिली बैकग्राउंड बेहद मजबूत रहा है. वह हिंदी सिनेमा की दिग्गज एक्ट्रेस नूतन के बेटे हैं और उनके पिता लेफ्टिनेंट कमांडर रजनीश बहल थे. सिर्फ मां ही नहीं, बल्कि उनकी नानी शोभना समर्थ और मौसी तनुजा भी जानी-मानी एक्ट्रेस थीं, और काजोल उनकी चचेरी बहन हैं. जब भी मोहनीश का दिल टूटता या वह परेशान होते, तो वह अपनी मां नूतन से सब शेयर करते थे. नूतन हमेशा उन्हें समझाती थीं कि बुरा वक्त बीत जाता है और जिंदगी कभी खत्म नहीं होती.
विलेन की इमेज टूटी और बन गए सबके चहेते बड़े भाई
‘मैंने प्यार किया’ के बाद राजश्री प्रोडक्शंस ने ही मोहनीश बहल की विलेन वाली इमेज को पूरी तरह से बदल दिया. उन्होंने मोहनीश को एक संस्कारी और आदर्श बड़े भाई के रूप में पेश किया. फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ और ‘हम साथ-साथ हैं’ में उनके सीधे-साधे बड़े भाई के किरदार को दर्शकों ने इतना पसंद किया कि वह हर भारतीय परिवार के चहेते बन गए.
बड़े पर्दे के बाद टीवी पर भी चलाया डॉ. शशांक का जादू
फिल्मों में नाम कमाने के बाद मोहनीश बहल ने टेलीविजन का रुख किया और वहां भी इतिहास रच दिया. साल 2002 में स्टार प्लस के सुपरहिट मेडिकल ड्रामा शो ‘संजीवनी’ में उन्होंने डॉ. शशांक गुप्ता का रोल प्ले किया. यह शो टीवी पर एचआईवी जैसे गंभीर मुद्दों को उठाने वाला पहला सीरियल था. इस रोल के लिए उन्हें 2003 में बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड भी मिला. इसके बाद उन्होंने ‘कुछ तो लोग कहेंगे’ में डॉ. आशुतोष का रोल किया, लेकिन पीठ दर्द की वजह से उन्हें यह शो बीच में छोड़ना पड़ा. साल 2019 में उन्होंने ‘संजीवनी 2’ से दोबारा डॉ. शशांक बनकर टीवी पर वापसी की.
अब संभाल रहे हैं फैमिली बिजनेस, बेटी भी कर चुकी है डेब्यू
पर्सनल लाइफ की बात करें तो मोहनीश बहल ने 23 अप्रैल 1992 को एक्ट्रेस एकता सोहिनी से शादी की थी. उनकी दो बेटियां हैं, प्रनूतन और कृषा. उनकी बड़ी बेटी प्रनूतन ने भी अपनी फैमिली लिगेसी को आगे बढ़ाते हुए साल 2019 में सलमान खान के प्रोडक्शन की फिल्म ‘नोटबुक’ से बॉलीवुड में कदम रखा. मोहनीश बहल आखिरी बार 2019 में आई फिल्म ‘पानीपत’ में नजर आए थे. इन दिनों वह एक्टिंग से दूर रहकर अपने परिवार की प्रॉपर्टी और बिजनेस के कामों को संभाल रहे हैं और अपनी पर्सनल लाइफ को एंजॉय कर रहे हैं.



