आप कहेंगे और AI काम करेगा! szn iMessage के जरिए शॉपिंग से लेकर मैसेज रिप्लाई तक संभालेगा

AI अब सिर्फ सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं रह गया है. अब ऐसे AI एजेंट्स पर काम हो रहा है, जो यूजर की तरफ से खुद कई काम पूरा कर सकें. इसी दिशा में ऐपल Intelligence और Siri पर काम कर चुके एक पूर्व ऐपल इंजीनियर ने नया AI एजेंट लॉन्च किया है. इसका नाम szn है और यह iMessage के जरिए यूजर के लिए कई तरह के काम कर सकेगा.
Bloomberg के Mark Gurman के मुताबिक, szn को Nikhil Gupta ने तैयार किया है. Gupta पहले ऐपल में ऐपल Intelligence और Siri से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुके हैं. यह नई सर्विस अक्टूबर में लॉन्च होने की उम्मीद है.
चैटबॉट से अलग काम करेगा szn
आम AI चैटबॉट यूजर के सवालों का जवाब देते हैं, लेकिन szn को एक AI एजेंट के तौर पर डिजाइन किया गया है. यानी यह यूजर की ओर से काम भी कर सकेगा. यूजर iMessage में इसके साथ बातचीत करके किसी काम को करने के लिए कह सकता है.
यह AI एजेंट वेबसाइट्स ब्राउज करने, ऑनलाइन खरीदारी करने और जरूरत पड़ने पर वेंडर्स से संपर्क करके काम पूरा करने में सक्षम होगा. इसका मतलब है कि यूजर को किसी काम के लिए अलग-अलग वेबसाइट या ऐप्स खोलने की जरूरत कम हो सकती है.
szn का अपना नाम, ईमेल एड्रेस और फोन नंबर भी होगा. इसकी मदद से AI एजेंट यूजर की ओर से दूसरे लोगों को मैसेज भेज और उनके जवाब का रिप्लाई कर सकेगा. इस तरह यह iMessage के अंदर एक वर्चुअल पर्सनल असिस्टेंट की तरह काम करेगा.
ऐपल के दूसरे फीचर्स के साथ भी करेगा काम
रिपोर्ट के मुताबिक, भविष्य में szn के लिए एक अलग ऐप भी उपलब्ध कराया जाएगा. हर ग्राहक को एक अलग AI मॉडल मिलेगा. इसके अलावा Nikhil Gupta का कहना है कि यूजर्स के पर्सनल डेटा का इस्तेमाल AI मॉडल की ट्रेनिंग के लिए नहीं किया जाएगा.
szn को ऐपल के कुछ दूसरे सर्विसेज के साथ काम करने के लिए भी तैयार किया गया है. यह शेयर्ड ऐपल नोट्स में सहयोग कर सकता है, Find My में लोकेशन एक्सेस कर सकता है और iCloud में स्टोर फाइल्स के साथ भी काम कर सकता है. खास बात यह है कि यूजर को इन कामों के लिए iMessage की बातचीत छोड़ने की जरूरत नहीं होगी.
ऐपल के लिए बन सकता है चुनौती
हालांकि, szn के सामने कुछ चुनौतियां भी हो सकती हैं. ऐपल ने पहले iMessage प्लेटफॉर्म पर निर्भर करने वाले थर्ड-पार्टी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाए हैं. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि ऐपल इस नए AI एजेंट के iMessage को इंटरफेस के तौर पर इस्तेमाल करने पर क्या प्रतिक्रिया देता है.
AI एजेंट्स के बढ़ते दौर में szn का तरीका थोड़ा अलग है. इसका फोकस सिर्फ जवाब देने के बजाय यूजर की तरफ से वास्तविक काम पूरा करने पर है, जिसमें मैसेजिंग को मुख्य इंटरफेस बनाया गया है.



