डीडवाना में किसानों का बड़ा प्रदर्शन, विधायक मुकेश भाकर के साथ कलेक्टर कार्यालय का घेराव

Last Updated:August 12, 2026, 20:54 IST
Farmer Protest Didwana News : डीडवाना में किसानों ने मूंग के 82.55 लाख रुपये के भुगतान व अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. उन्होंने बैरिकेड्स तोड़कर कलेक्टर कार्यालय में घुसने की कोशिश की. प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात की और मुख्यमंत्री के नाम 7 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा. इसके साथ ही मूंग तुलाई के बकाया भुगतान को लेकर विस्तृत ज्ञापन भी दिया गया.
ख़बरें फटाफट
डीडवाना में किसानों का हंगामा, बैरिकेड्स तोड़े.
डीडवाना. लाडनूं क्षेत्र के किसानों और आम लोगों की अलग-अलग समस्याओं को लेकर बुधवार को डीडवाना में जोरदार प्रदर्शन हुआ. लाडनूं विधायक मुकेश भाकर के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों ने जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. इस दौरान सबसे बड़ा मुद्दा मूंग तुलाई का बकाया भुगतान रहा. प्रदर्शन के दौरान कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण भी हो गया.
विधायक मुकेश भाकर के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थक कलेक्टर कार्यालय पहुंचे थे. प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित समर्थकों ने पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड्स तोड़ दिए और कार्यालय के अंदर जाने की कोशिश की. स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिस और प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की. हालात ज्यादा बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए वाटर कैनन चलाने की तैयारी भी की गई. हालांकि समय रहते प्रदर्शनकारी शांत हो गए और पुलिस-प्रशासन के साथ बातचीत शुरू हुई. इसके बाद स्थिति को संभाल लिया गया.
बाडेला खरीद केंद्र पर 82.55 लाख रुपये का भुगतान अटकाप्रदर्शन में मूंग तुलाई के बकाया भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. विधायक मुकेश भाकर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात की और मुख्यमंत्री के नाम 7 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा. इसके साथ ही मूंग तुलाई के बकाया भुगतान को लेकर विस्तृत ज्ञापन भी दिया गया. ज्ञापन में बताया गया कि बाडेला खरीद केंद्र पर 941.5 क्विंटल मूंग की तुलाई कराने वाले किसानों को करीब एक महीने बाद भी भुगतान नहीं मिला है. किसानों की कुल 82,55,072 रुपये की राशि बकाया बताई गई है. प्रदर्शनकारियों ने यह पैसा जल्द से जल्द किसानों के खातों में ट्रांसफर करने की मांग की. किसानों ने साल 2023 से 2026 तक हुए फसल खराबे का उचित मुआवजा तुरंत जारी करने की मांग भी रखी. किसानों का कहना है कि फसल खराब होने के बाद उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में मुआवजा मिलने में देरी नहीं होनी चाहिए.
सरकारी स्कूलों में खाली पद भरने की मांग7 सूत्रीय मांग पत्र में राजकीय विद्यालयों में लंबे समय से खाली पड़े शिक्षकों और कर्मचारियों के पदों को तत्काल भरने की मांग की गई. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि स्कूलों में पद खाली रहने से पढ़ाई और दूसरे जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं. इसके अलावा इलाके में लगातार बढ़ रही बिजली और पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग भी की गई. ग्राम खोखरी और शहरिया बास में पानी की टंकी बनाने की मांग रखी गई, ताकि लोगों को पानी की परेशानी से राहत मिल सके.
जंगली सुअरों से फसलों को बचाने की मांगकिसानों ने फसलों को नुकसान पहुंचा रहे जंगली और आवारा सुअरों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग भी की. किसानों का कहना है कि सुअरों के कारण खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान हो रहा है और इससे किसानों की परेशानी बढ़ रही है. ज्ञापन में जिले में बढ़ रहे महिला अत्याचार, चोरी, डकैती और नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग भी की गई. प्रदर्शनकारियों ने कानून व्यवस्था मजबूत करने और आम लोगों को सुरक्षित माहौल देने की बात कही.
विधायक ने प्रशासन पर लगाए अनदेखी के आरोपप्रदर्शन के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विधायक मुकेश भाकर ने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन और लापरवाह कर्मचारियों की अनदेखी के कारण किसानों और आम लोगों को अपनी समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरना पड़ रहा है. उनका कहना था कि अगर समय पर समस्याओं का समाधान किया जाता तो लोगों को प्रदर्शन करने की जरूरत नहीं पड़ती. हंगामे के बाद विधायक मुकेश भाकर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम 7 सूत्रीय मांग पत्र और मूंग तुलाई के बकाया भुगतान को लेकर ज्ञापन सौंपा. जिला कलेक्टर ने मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए जल्द उचित कार्रवाई और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया. इसके बाद धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया.
About the Authorआनंद पाण्डेयContent Producer
आनंद पाण्डेय वर्तमान में हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अ…
Ajmer,Ajmer,Rajasthan
First Published :
August 12, 2026, 20:54 IST



