बेटियों का वॉलेट: 12वीं के बाद ये 5 बिजनेस करें शुरू, हर महीने हो सकती है 15,000 रुपये तक कमाई

कई छात्राएं 12वीं के बाद कॉलेज की जगह अपना खुद का बिजनेस शुरू करने का सपना देखती हैं, लेकिन पैसे की कमी की वजह से कई बार उन्हें नौकरी का रास्ता चुनना पड़ता है. वहीं, हर किसी को 12वीं के बाद तुरंत नौकरी मिलना भी आसान नहीं होता. अगर आप फिलहाल कॉलेज की पढ़ाई नहीं कर रही हैं या पढ़ाई के साथ अपनी कमाई शुरू करना चाहती हैं, तो घर बैठे भी अच्छी इनकम की जा सकती है.
आज के समय में इंटरनेट ने कमाई के कई नए रास्ते खोल दिए हैं. अगर आपके पास मोबाइल, लैपटॉप और इंटरनेट है, तो आप घर बैठे भी काम कर सकते हैं. शुरुआत में कमाई भले ही कम हो, लेकिन स्किल बढ़ने के साथ आमदनी भी बढ़ती जाती है. सबसे अच्छी बात यह है कि इन कामों के लिए बड़े निवेश की जरूरत नहीं होती. तो चलिए आपको 5 ऐसे बिजनेस के तरीके बताते हैं, जिनसे 12वीं के बाद घर बैठे कमाई की शुरुआत की जा सकती है.
फ्रीलांसिंग से करें शुरुआत
अगर आपको लिखने का शौक है या कंप्यूटर पर काम करना पसंद है, तो फ्रीलांसिंग एक अच्छा बिजनेस आइडिया हो सकता है. कंटेंट राइटिंग, डेटा एंट्री, ट्रांसक्रिप्शन और बेसिक रिसर्च जैसे कई काम ऑनलाइन मिल जाते हैं. इनकी शुरुआती जानकारी YouTube से फ्री में सीखी जा सकती है. इसके बाद Upwork, Fiverr आदि जैसे प्लेटफॉर्म पर अपना प्रोफाइल बनाकर छोटे-छोटे प्रोजेक्ट लेना शुरू करें. शुरुआत में कम पैसे मिल सकते हैं, लेकिन अच्छे रिव्यू मिलने के बाद काम और कमाई दोनों बढ़ते हैं. इससे कमाई 10,000 रुपये से 30,000 रुपये तक की मंथली इनकम आपको मिल सकती है.
ऑनलाइन ट्यूशन से कमाई
अगर किसी सब्जेक्ट में आपकी अच्छी पकड़ है, तो घर बैठे बच्चों को पढ़ाकर भी कमाई की जा सकती है. 10वीं और 12वीं के छात्रों को गणित, विज्ञान, अंग्रेजी या अन्य सब्जेक्ट पढ़ाने की मांग हमेशा रहती है. Zoom या Google Meet के जरिए ऑनलाइन क्लास ली जा सकती है. TeacherOn और UrbanPro जैसे प्लेटफॉर्म पर प्रोफाइल बनाकर छात्र मिल सकते हैं. आप अपनी सुविधा के अनुसार समय तय कर सकते हैं. इससे आपकी हर महीने 10,000 रुपये से 15000 रुपये तक का पैसा मिल सकता है. इसमें आपकी कमाई स्टूडेंट्स की संख्या बढ़ने की साथ-साथ आपकी कमाई बढ़ सकती है.
सोशल मीडिया मैनेजमेंट
आज छोटे कारोबार से लेकर बड़े बिजनेस तक सोशल मीडिया पर एक्टिव रहना चाहते हैं. लेकिन हर किसी के पास पोस्ट बनाने और अकाउंट संभालने का समय नहीं होता. ऐसे में सोशल मीडिया मैनेजर की जरूरत पड़ती है. अगर आप Instagram, Facebook या LinkedIn का इस्तेमाल जानते हैं, तो यह काम सीख सकते हैं. Canva जैसे फ्री टूल से पोस्ट और बैनर बनाना आसान है. शुरुआत में किसी छोटे बिजनेस के साथ काम करें. जैसे-जैसे अनुभव बढ़ेगा, वैसे-वैसे नए क्लाइंट भी मिलेंगे. यह काम घर बैठे आसानी से किया जा सकता है. इससे आपकी हर महीने की कमाई 15000 रुपये तक हो सकती है. इसके बाद आपके एक्सपीरियंस से कमाई बढ़ भी सकती है.
ग्राफिक डिजाइनिंग
अगर आपको डिजाइन बनाना पसंद है, तो ग्राफिक डिजाइनिंग भी कमाई का अच्छा जरिया बन सकती है. Canva और Photoshop जैसे टूल सीखकर आप लोगो, पोस्टर, सोशल मीडिया पोस्ट, विजिटिंग कार्ड और YouTube थंबनेल तैयार कर सकते हैं. शुरुआत में अपने दोस्तों या छोटे कारोबारियों के लिए डिजाइन बनाकर पोर्टफोलियो तैयार करें. इसके बाद Fiverr और दूसरे प्लेटफॉर्म पर अपनी सर्विसेस देना शुरू करें. इससे शुरुआती कमाई 15000 रुपये से होती है लेकिन बाद में 25000 रुपये तक हर महीने कमाई हो सकती है.
वर्चुअल असिस्टेंट
आज कई कंपनियां और छोटे बिजनेस ऑनलाइन वर्चुअल असिस्टेंट रखते हैं. इस काम में ईमेल का जवाब देना, मीटिंग शेड्यूल करना, एक्सेल शीट अपडेट करना, ऑनलाइन रिसर्च करना या अन्य छोटे ऑफिस के काम शामिल हो सकते हैं. इसके लिए शुरुआत में ज्यादा अनुभव की जरूरत नहीं होती. अगर आपको कंप्यूटर की बेसिक जानकारी है और आप समय पर काम कर सकते हैं, तो यह अच्छा ऑप्शन हो सकता है.
इस बात का ध्यान रखें कि काम शुरू करने से पहले कंपनी की जानकारी जरूर चेक कर लें. किसी भी ऐसी वेबसाइट या व्यक्ति से सावधान रहें जो पहले रजिस्ट्रेशन फीस या पैसे मांगता हो. सही प्लेटफॉर्म चुनकर आप घर बैठे सुरक्षित तरीके से कमाई शुरू कर सकते हैं.



