Rajasthan

अजमेर में झीलों के डी-सिल्टिंग मामले में कांग्रेस पहुंची कोर्ट, बीकानेर में डोटासरा का विवादित बयान

Last Updated:July 01, 2026, 14:06 IST

Rajasthan News Live: राजस्थान की आज की प्रमुख खबरों में अजमेर की आनासागर झील में बिना वैज्ञानिक सर्वे के हो रही डी-सिल्टिंग पर रोक लगाने के लिए कांग्रेस कोर्ट पहुंची है, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है. धौलपुर…और पढ़ेंLive: अजमेर में झीलों के डी-सिल्टिंग मामले में कांग्रेस पहुंची कोर्टZoom

Rajasthan Top News: अजमेर में डी-सिल्टिंग पर विवाद, डोटासरा के बिगड़े बोल

Rajasthan News Live: अजमेर की प्रसिद्ध आनासागर और वरुण सागर झील में बिना किसी वैज्ञानिक अध्ययन के की जा रही डी-सिल्टिंग (मिट्टी हटाने का कार्य) को लेकर कांग्रेस ने कानूनी मोर्चा खोल दिया है. पूर्व विधायक एवं कांग्रेस शहर अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल और सैयद फकरे मोईन ने इस संबंध में न्यायालय में एक सिविल वाद दायर किया है. याचिका में मांग की गई है कि ‘नीरी’ (NEERI) की रिपोर्ट और विशेषज्ञों की राय के बिना शुरू किए गए इस काम पर तुरंत रोक लगाई जाए. कांग्रेस का दावा है कि कार्य शुरू करने से पहले न तो बाथमेट्रिक सर्वे कराया गया और न ही सेडीमेंट व टॉक्सिसिटी टेस्ट हुए. याचिकाकर्ताओं के अनुसार, झीलों में गिरने वाले सीवेज को रोके बिना डी-सिल्टिंग करना पूरी तरह बेअसर है और इस अवैज्ञानिक खुदाई से झील के इकोसिस्टम तथा वहां आने वाले प्रवासी पक्षियों के जीवन पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है. मामले में मुख्य सचिव, कलेक्टर, नगर निगम और एडीए (ADA) समेत 12 विभागों को प्रतिवादी बनाया गया है, जिन्हें न्यायालय द्वारा नोटिस जारी किए जा रहे हैं. कोर्ट ने मामले की गंभीरता और जनहित को देखते हुए याचिका को विचारार्थ स्वीकार कर लिया है.

चूरू: बेसहारा पशु के कारण पलटा इलेक्ट्रिक टेम्पो, एक ही परिवार के 5 घायल

चूरू जिले के खंडवा गांव के समीप एक बार फिर बेसहारा पशुओं के कारण बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. यहां सड़क पर अचानक एक बेसहारा पशु के आ जाने से एक इलेक्ट्रिक टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया. इस दर्दनाक दुर्घटना में टेम्पो में सवार एक ही परिवार के 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. बताया जा रहा है कि खंडवा निवासी यह परिवार सरदारशहर से अपने गांव लौट रहा था, तभी गांव के नजदीक यह हादसा हो गया. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत चूरू के राजकीय भरतिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनका उपचार जारी है.

हनुमानगढ़: चोरी की वेन्यू कार से 2.50 लाख रुपए बरामद, 3 गिरफ्तार

हनुमानगढ़ टाऊन पुलिस ने भारतमाला पुल के नीचे हुड़दंग मचाने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है. जिला विशेष टीम (DST) के इनपुट पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक संदिग्ध वेन्यू कार सवार तीन युवकों को हिरासत में लिया. कार की बारीकी से तलाशी लेने पर उसमें से 2.50 लाख रुपए की नकदी बरामद हुई. पुलिसिया जांच और तकनीकी अनुसंधान में यह बात सामने आई कि उक्त वेन्यू कार देश की राजधानी दिल्ली के नरेला थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी. टाऊन थानाधिकारी अशोक विश्नोई ने बताया कि कार सवार तीनों युवक (जो बीकानेर के रासीसर के निवासी हैं) को फिलहाल शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. हनुमानगढ़ पुलिस की सूचना पर दिल्ली पुलिस की एक विशेष टीम भी जांच के लिए हनुमानगढ़ पहुंच चुकी है. अब कार चोरी और बरामद नकदी के स्रोतों के संबंध में आगे की कानूनी तफ्तीश दिल्ली पुलिस द्वारा की जाएगी.

बीकानेर: डोटासरा के बिगड़े बोल, गडकरी पर टिप्पणी को लेकर भाजपा में आक्रोश

बीकानेर में राजनीतिक बयानबाजी का स्तर गिरने और भाषा की मर्यादा टूटने का एक गंभीर मामला सामने आया है. कांग्रेस के पीबीएम सुधार जन आंदोलन के तहत आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बोल बिगड़ गए. उन्होंने मंच से केंद्रीय मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी के नाम का उपहास उड़ाते हुए उन्हें कथित तौर पर ‘गंडकडी’ कहकर संबोधित किया. डोटासरा के इस विवादित बयान के बाद राजस्थान की सियासत गरमा गई है और भाजपा ने इस पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है. भाजपा प्रवक्ताओं और नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा कि इस तरह के बयानों से कांग्रेस के ‘कुसंस्कार’ जनता के सामने आ रहे हैं. भाजपा ने मांग की है कि सार्वजनिक मंचों से बोलते समय डोटासरा को अपनी भाषा पर संयम और राजनीतिक शुचिता का ध्यान रखना चाहिए.

धौलपुर: डकैत जगन गुर्जर की मौत पर भाई पप्पू गुर्जर ने लगाए गंभीर आरोप

धौलपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां दिवंगत डकैत जगन गुर्जर के अंतिम संस्कार में पहुंचे उसके छोटे भाई पप्पू गुर्जर ने जगन की मौत को एक सोची-समझी साजिश और हत्या करार दिया है. पप्पू गुर्जर ने आरोप लगाया कि यह पूरी घटना गद्दारी और जेल स्टाफ की मिलीभगत का परिणाम है. उसका दावा है कि जगन गुर्जर को पहले भारी मात्रा में नशे की गोलियां दी गईं और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई. पप्पू ने इस घटना को वर्ष 2011 से चली आ रही पुरानी रंजिश से जोड़ते हुए कहा कि पुलिस इस मामले में केवल विष्णु गुर्जर को मुख्य आरोपी बनाकर अन्य बड़े दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है. उसने यह भी आरोप लगाया कि वारदात के समय जेल के सभी सीसीटीवी कैमरे जानबूझकर बंद कर दिए गए थे. परिजनों ने इस पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है. हालांकि, जेल प्रशासन या पुलिस द्वारा इन गंभीर आरोपों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और मामले की गहन जांच जारी है.

Location :

Jaipur,Jaipur,Rajasthan

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj