E- Bus Services: भीलवाड़ा में 18 इलेक्ट्रिक बसों से 65 गांवों तक मिलेगा सस्ता और प्रदूषण मुक्त सफर!

भीलवाड़ा. शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है, नगर निगम ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत शहर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू कर दिया है. पहले चरण में भीलवाड़ा जिले के भादू , सुवाणा (सवाईपुर) और कोटड़ी रूट पर ई-बसें चलाई जा रही हैं. इन बसों के शुरू होने से लोगों को सुरक्षित, सस्ती और समय पर यात्रा की सुविधा मिलेगी. साथ ही डीजल की तुलना में प्रदूषण भी कम होगा, जिससे पर्यावरण को फायदा पहुंचेगा.
यह सेवा रोजाना सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी और यात्रियों को हर घंटे बस उपलब्ध होगी. यह बस न केवल यात्रा को आसान और किफायती बनाएगी, बल्कि शहर में प्रदूषण कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. पहले चरण में 18 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया है, जबकि योजना के तहत कुल 50 बसें शहर और आसपास के 35 किलोमीटर क्षेत्र में संचालित की जाएंगी. इससे करीब 65 गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा, आधुनिक सुविधाओं से लैस इन बसों में एयर कंडीशनिंग, सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा उपकरण, सेंसर गेट और दिव्यांगजनों के लिए विशेष लिफ्ट एवं रैंप की व्यवस्था की गई है.
सुखाड़िया नगर डिपो से होगा संचालन
ई-बसों का संचालन शहर के सुखाड़िया नगर स्थित डिपो से किया जाएगा, पहला रूट भीलवाड़ा से मंडल, मेजा होते हुए भादू तक रहेगा. दूसरा रूट भीलवाड़ा से सुवाणा, कोड़ूकोटा होते हुए कोटड़ी तक जाएगा. सवाईपुर रूट की बस टंकी के बालाजी, प्राइवेट बस स्टैंड, रोडवेज बस स्टैंड, सांगानेरी गेट, अहिंसा सर्किल, इंश्योर चौराहा, सुवाणा चौराहा, आगरपुरा चौराहा, रूपाहेली चौराहा, वन का खेड़ा होते हुए सवाईपुर तक पहुंचेगी. इससे शहर और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सीधा और आसान परिवहन मिलेगा. यात्रियों की सुविधा के लिए किराया भी दूरी के अनुसार तय किया है. 0 से 3 किलोमीटर तक यात्रा करने पर 10 रुपये, 3 से 6 किलोमीटर तक 15 रुपये, 6 से 12 किलोमीटर तक 20 रुपये, 12 से 15 किलोमीटर तक 25 रुपये, 15 से 20 किलोमीटर तक 30 रुपये और 25 से 30 किलोमीटर तक 40 रुपये किराया देना होगा. मंडल तक 25 रुपये, मेजा तक 30 रुपये और भादू तक 40 रुपये किराया निर्धारित किया गया है. वहीं सुवाणा तक 10 रुपये, कोड़ूकोटा तक 25 रुपये और कोटड़ी तक 40 रुपये का किराया रखा है.
एक बार चार्ज होने पर चलती है 180 किलोमीटर
नगर निगम के आयुक्त हेमाराम चौधरी ने बताया कि बसें प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलेंगी. बसों के आने-जाने का समय इस प्रकार तय किया गया है कि यात्रियों को अधिक इंतजार नहीं करना पड़े. सुबह लगभग 10 बजे और शाम 6 बजे वापसी की सुविधा भी रहेगी, हर एक घंटे के अंतराल में बस उपलब्ध होगी, जिससे नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों को काफी राहत मिलेगी. ई-बसें आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं, प्रत्येक बस करीब 9 मीटर लंबी है और इसमें 25 यात्रियों के बैठने तथा लगभग 15 यात्रियों के खड़े होकर सफर करने की व्यवस्था है. बसें पूरी तरह इलेक्ट्रिक होने के कारण इनमें धुआं नहीं निकलता और शोर भी कम होता है. नगर निगम ने चार्जिंग के लिए डिपो में 10 चार्जर लगाए हैं, एक बस को पूरी तरह चार्ज होने में करीब 1 से 1.25 घंटे का समय लगता है और एक बार चार्ज होने पर यह लगभग 180 किलोमीटर तक चल सकती है.



