हाईकोर्ट में केस पेंडिंग, फिर भी करा दिया ओलंपिक संघ का चुनाव, अध्यक्ष बोले- यह कोर्ट की अवमानना है

Last Updated:August 21, 2026, 08:58 IST
Sirohi District Olympic Association Election Dispute: सिरोही जिला ओलंपिक संघ के चुनाव को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. वर्तमान अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान ने आरोप लगाया है कि राजस्थान हाईकोर्ट के स्थगन आदेश के बावजूद 10 अगस्त 2026 को जिला ओलंपिक संघ के चुनाव करा दिए गए. चौहान के मुताबिक, सिविल रिट पिटीशन 19727/2025 अभी हाईकोर्ट में लंबित है और कोर्ट का स्थगन आदेश प्रभावी है. उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान राज्य ओलंपिक संघ की ओर से एडहॉक कमेटी बनाकर चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई. चुनाव के बाद नई कार्यकारिणी के नामों वाले पोस्टर और बधाई संदेश सोशल मीडिया पर सामने आए. चौहान ने इसे हाईकोर्ट के आदेश की अवमानना बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है. हालांकि, चुनाव कराने वाले पक्ष का पक्ष इस मामले में सामने आना बाकी है.
ख़बरें फटाफट
सिरोही जिला ओलंपिक संघ के चुनाव को लेकर विवाद खड़ा हो गया है
सिरोही. राजस्थान के सिरोही में जिला ओलंपिक संघ को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. वर्तमान अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान ने आरोप लगाया है कि राजस्थान हाईकोर्ट के स्थगन आदेश के बावजूद जिला ओलंपिक संघ के चुनाव कराए गए और नई कार्यकारिणी घोषित कर दी गई. चौहान के मुताबिक, राजस्थान हाईकोर्ट में सिविल रिट पिटीशन संख्या 19727/2025, जितेंद्र सिंह चौहान बनाम राजस्थान राज्य ओलंपिक एसोसिएशन अभी लंबित है और दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट की ओर से स्थगन आदेश जारी किया गया था. उनका दावा है कि यह आदेश अभी भी प्रभावी है.
इसके बावजूद 10 अगस्त 2026 को सिरोही में जिला ओलंपिक संघ के बैनर तले चुनाव कराए जाने का दावा सामने आया. चुनाव के बाद अखबारों में खबरें प्रकाशित होने और सोशल मीडिया पर नई कार्यकारिणी को लेकर बधाई संदेश सामने आने से विवाद और बढ़ गया. चौहान ने इसे हाईकोर्ट के आदेश की अवमानना बताते हुए संबंधित लोगों पर कार्रवाई की मांग की है. हालांकि, चुनाव कराने वाले पक्ष की ओर से इस संबंध में उनका पक्ष सामने नहीं आया है. ऐसे में पूरे मामले में अब हाईकोर्ट के आगामी आदेश पर नजर है.
एडहॉक कमेटी बनाने और चुनाव कराने का आरोप
जितेंद्र सिंह चौहान का आरोप है कि राजस्थान राज्य ओलंपिक संघ के महासचिव सुरेंद्र गुर्जर ने विधि-विरुद्ध तरीके से सिरोही जिला ओलंपिक संघ के लिए एडहॉक कमेटी गठित की. आरोप के मुताबिक, भीक सिंह देवड़ा को इसका कन्वीनर नियुक्त किया गया. इसके बाद उन्होंने खुद को चुनाव अधिकारी बताते हुए वोटर लिस्ट जारी की और चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया.
10 अगस्त को चुनाव कराने का दावा
चौहान के अनुसार, हाईकोर्ट का स्टे प्रभावी होने के बावजूद 10 अगस्त 2026 को सिरोही में जिला ओलंपिक संघ के चुनाव कराए गए. चुनाव के बाद नई कार्यकारिणी से संबंधित पोस्टर और बधाई संदेश सोशल मीडिया पर सामने आए. इनमें सुरेश कोठारी को चेयरमैन, पायल परसरामपुरिया को मुख्य संरक्षक, सागरमल अग्रवाल को संरक्षक, भीक सिंह देवड़ा को अध्यक्ष, हरदेव आर्य को महासचिव और महेंद्र सिंह उमट को कोषाध्यक्ष बताए जाने का दावा किया गया.
हाईकोर्ट के आदेश का दिया हवाला
वर्तमान अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि जब मामला हाईकोर्ट में लंबित है और स्थगन आदेश प्रभावी है तो ऐसी स्थिति में चुनाव कराना गंभीर विषय है. उन्होंने इसे हाईकोर्ट की अवमानना बताते हुए कहा कि मामले में कानूनी स्थिति कोर्ट के आदेश से ही स्पष्ट होगी. अब इस पूरे विवाद में हाईकोर्ट के आगामी आदेश और संबंधित पक्षों के जवाब पर नजर रहेगी. साथ ही यह भी महत्वपूर्ण होगा कि चुनाव की वैधानिकता को लेकर अदालत क्या रुख अपनाती है.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Sirohi,Rajasthan
First Published :
August 21, 2026, 08:58 IST



