खीरवा की मिसाल…सैनिकों और ग्रामीणों ने मिलकर 40 लाख से बनाया हाईटेक खेल मैदान, अब गांव से निकलेंगे नए चैंपियन

Last Updated:August 05, 2026, 08:26 IST
सीकर जिले के खीरवा गांव ने सामूहिक एकजुटता की मिसाल पेश करते हुए बिना सरकारी सहायता के 40 लाख रुपए की लागत से हाईटेक खेल मैदान तैयार किया है. पूर्व सैनिक और एनआईएस कोच हवलदार अकरम पठान की पहल पर ग्रामीणों, सैनिकों और खिलाड़ियों ने मिलकर ऐसा खेल परिसर विकसित किया है, जहां युवाओं को फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी समेत सेना-पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी.
सीकर जिले की लक्ष्मणगढ़ तहसील का खीरवा गांव अपनी अनोखी पहल के कारण पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है. जहां अक्सर ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं की कमी युवाओं की प्रतिभा के सामने सबसे बड़ी बाधा बनती है, वहीं इस गांव ने सामूहिक भागीदारी की अनूठी मिसाल पेश की है. इस गांव में ग्रामीणों, पूर्व सैनिकों और खिलाड़ियों ने 40 लाख रुपए की लागत से हाईटेक खेल ग्राउंड तैयार करवाया है.
इस बदलाव की शुरुआत पूर्व सैनिक एवं एनआईएस फिजिकल कंडीशनिंग कोच हवलदार अकरम पठान ने की थी. आर्मी से रिटायर होकर गांव लौटने के बाद जब कुछ युवा उनके पास खेल सुविधाओं की कमी की समस्या लेकर पहुंचे, तो उन्होंने इसे केवल शिकायत मानकर छोड़ने के बजाय समाधान का रास्ता चुना. गांव की चौपाल में उन्होंने युवाओं की बात रखी और ग्रामीणों से सहयोग की अपील की.
गांव के लोगों ने बिना किसी सरकारी सहायता का इंतजार किए स्वयं आगे बढ़कर खिलाड़ियों के लिए आधुनिक खेल मैदान बनाने का निर्णय लिया. अकरम पठान के परिवार की खेल और सेना से जुड़ी विरासत ने भी इस पहल को नई दिशा दी. उनके दादा हवलदार नथूखान राष्ट्रीय स्तर के पहलवान रहे, जबकि उनके पिता शमशेर अली पठान अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी और चाचा सूबेदार आलम शेर खान राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रहे हैं. 15 अगस्त 2025 को सेना में सेवारत और सेवानिवृत्त सैनिकों ने एकजुट होकर सहयोग का संकल्प लिया.
Add as Preferred Source on Google
खीरवा की यह पहल साबित करती है कि यदि समाज ठान ले तो विकास के लिए केवल सरकारी योजनाओं पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होती. पूर्व सैनिकों की सोच, खिलाड़ियों की मेहनत और ग्रामीणों की एकजुटता ने मिलकर एक ऐसा मॉडल तैयार किया है, जो पूरे राजस्थान के गांवों के लिए प्रेरणा बन सकता है. यह गांव अब खेलो मे नई दिशा देने का प्रयास कर रहा है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|First Published :
August 05, 2026, 08:26 IST



