रामबाग से राजविलास तक… जयपुर के इन शाही वेडिंग डेस्टिनेशन में शादी का खर्च सुन उड़ जाएंगे होश

Last Updated:June 25, 2026, 14:44 IST
Jaipur Wedding Destination: पुणे के कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल हत्याकांड के बाद एक बार फिर प्री-बर्थडे, प्री-वेडिंग और डेस्टिनेशन ट्रिप्स चर्चा में हैं. इसी बीच जयपुर के लग्जरी वेडिंग डेस्टिनेशनों पर भी लोगों की नजर गई है. केतन अग्रवाल की शादी के लिए जयपुर में 17 करोड़ रुपये की लागत वाला एक आलीशान पैलेस भी बुक किया गया था, लेकिन प्री-बर्थडे मनाने के दौरान ही उनकी हत्या हो गई. हालांकि जयपुर का रामबाग पैलेस, सामोद पैलेस, ताज आमेर, डिग्गी पैलेस, आईटीसी राजपूताना और ओबेरॉय राजविलास जैसे शाही वेन्यू देश-दुनिया के उद्योगपतियों, सेलिब्रिटीज और वीआईपी परिवारों की पहली पसंद बने हुए हैं. इन स्थानों पर एक भव्य शादी समारोह के लिए 8 करोड़ से लेकर 25 करोड़ रुपये तक खर्च किए जाते हैं. शाही मेहमाननवाजी और विश्वस्तरीय सुविधाएं इनकी सबसे बड़ी पहचान है.
प्री-बर्थडे, प्री-वेडिंग डेस्टिनेशन और हनीमून ट्रिप के बहाने देशभर में हत्या की कई ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जो सुर्खियां बन गईं. हाल ही में पुणे के कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की हत्या का मामला भी काफी चर्चा में रहा. बताया जा रहा है कि उनकी हत्या प्री-बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान की गई. केतन अग्रवाल की शादी के लिए जयपुर में 17 करोड़ रुपये की लागत वाला एक आलीशान पैलेस भी बुक किया गया था, लेकिन प्री-बर्थडे मनाने के दौरान ही उनकी हत्या हो गई. जयपुर में ऐसे कई आलीशान और लग्जरी पैलेस, हवेलियां और होटल हैं, जिन्हें देश-दुनिया के वीआईपी और संपन्न परिवार वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में चुनते हैं. यहां करोड़ों रुपये खर्च कर भव्य शादियां आयोजित की जाती हैं.
जयपुर हाल के कुछ वर्षों में वेडिंग डेस्टिनेशन, वेडिंग फोटोशूट और हनीमून ट्रिप का प्रमुख हब बनकर उभरा है. यहां देश-दुनिया की कई दिग्गज हस्तियां, वीआईपी और बड़े कारोबारी अपनी शादियां आयोजित कर चुके हैं. इनमें जयपुर का प्रसिद्ध रामबाग पैलेस से लेकर सामोद पैलेस जैसी आलीशान और लग्जरी हवेलियां शामिल हैं. लग्जरी डेस्टिनेशन वेडिंग वेन्यू के रूप में जयपुर की पहचान लगातार मजबूत हो रही है. हम आपको जयपुर के उन लग्जरी होटल्स, पैलेस, हवेलियों, रिसॉर्ट्स और किलों के बारे में बताएंगे, जहां आयोजित शादियां लोगों के जीवन का सबसे खूबसूरत और यादगार पल बन जाती हैं. यहां शाही ठाठ-बाट, भव्य सजावट और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हैं. यही कारण है कि लोग अपनी ड्रीम वेडिंग को खास बनाने के लिए यहां एक-एक दिन पर करोड़ों रुपये तक खर्च करने को तैयार रहते हैं.
डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए जयपुर के सबसे लग्जरी होटलों में शामिल रामबाग पैलेस न केवल जयपुर, बल्कि भारत के सबसे महंगे होटलों में से एक माना जाता है. यहां हर दिन देश-दुनिया की नामचीन हस्तियां पहुंचती हैं. रामबाग पैलेस को ‘ज्वेल ऑफ जयपुर’ के नाम से भी जाना जाता है. 47 एकड़ में फैले इस भव्य महल का निर्माण वर्ष 1835 में शाही परिवार के गेस्ट हाउस और शिकार लॉज के रूप में किया गया था. बाद में वर्ष 1925 में यह जयपुर के महाराजा का स्थायी निवास बन गया. आज यह शाही महल एक लग्जरी होटल के रूप में संचालित हो रहा है. करीब 190 वर्षों के इतिहास को समेटे रामबाग पैलेस आज भी अपनी शान-ओ-शौकत और राजसी वैभव के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है. यदि यहां डेस्टिनेशन वेडिंग की बात करें तो सामान्य तौर पर शादी समारोह पर 20 से 25 करोड़ रुपये तक का खर्च आ सकता है. मेहमानों को यहां राजसी मेहमाननवाजी, कालबेलिया नृत्य जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, विंटेज कार राइड, लग्जरी फूड और विश्वस्तरीय सुविधाओं का अनुभव मिलता है, जो शादी को यादगार बना देता है.
Add as Preferred Source on Google
होटलों के अलावा जयपुर के लग्जरी पैलेस भी डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए आकर्षण का केंद्र हैं. इनमें सबसे खास जयपुर के सामोद में स्थित करीब 225 वर्ष पुराना सामोद पैलेस है. यह जयपुर की ऐतिहासिक और भव्य हवेलियों में से एक माना जाता है. डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए यहां 50 क्लासिक कमरे और लग्जरी सुइट उपलब्ध हैं, जिनमें प्रसिद्ध शीश महल भी शामिल है. सामोद पैलेस की वास्तुकला में उत्कृष्ट संगमरमर, बारीक नक्काशी और राजपूती शान-ओ-शौकत की अद्भुत झलक देखने को मिलती है. महल के भव्य दरबार हॉल की दीवारों पर बने भित्तिचित्र और फ्रेस्को 250 वर्ष से भी अधिक पुराने हैं, जो इसकी ऐतिहासिक विरासत को और खास बनाते हैं. जयपुर का यह पैलेस इतना प्रसिद्ध है कि यहां बॉलीवुड की कई चर्चित फिल्मों की शूटिंग भी हो चुकी है. यदि सामोद पैलेस में डेस्टिनेशन वेडिंग के खर्च की बात करें, तो सामान्य तौर पर यहां शादी समारोह पर 15 से 18 करोड़ रुपये तक का खर्च आ सकता है.
जयपुर शहर के अलावा इसके निकट स्थित आमेर क्षेत्र भी लग्जरी होटलों और डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए खास पहचान रखता है. यहां स्थित ताज आमेर होटल अपनी विश्वस्तरीय सुविधाओं और शाही आतिथ्य के कारण देशभर में प्रसिद्ध है. हाल ही में कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय की शादी भी यहां आयोजित होने के बाद काफी चर्चा में रही थी. डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए ताज आमेर होटल में मोर थीम पर आधारित कमरे और लग्जरी सुइट्स उपलब्ध हैं, जो इसे अन्य होटलों से अलग पहचान देते हैं. यहां विभिन्न प्रकार के भव्य वेन्यू भी मौजूद हैं, जिनमें जयगढ़ बॉलरूम बड़े आयोजनों और शाही समारोहों के लिए विशेष रूप से लोकप्रिय है. यदि यहां ठहरने के खर्च की बात करें तो एक कमरे का किराया प्रति रात लगभग 27 हजार रुपये से शुरू होकर लाखों रुपये तक पहुंच जाता है. वहीं, ताज आमेर होटल में डेस्टिनेशन वेडिंग आयोजित करने का खर्च सामान्य तौर पर 15 से 20 करोड़ रुपये तक हो सकता है.
जयपुर की वर्षों पुरानी हवेलियां डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए सबसे खास मानी जाती हैं. इन्हीं में डिग्गी पैलेस 1860 में बना जयपुर का एक बेहद रॉयल पैलेस है. डिग्गी पैलेस खासतौर पर अपनी खूबसूरत वास्तुकला और आकर्षक सजावट के लिए प्रसिद्ध है. डिग्गी पैलेस में डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए मेहमानों को कोर्टयार्ड सुइट, राजसी पैलेस सुइट और हेरिटेज रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो बेहद लग्जरी अनुभव प्रदान करती हैं. डिग्गी पैलेस के 43 डीलक्स कमरे और सुइट्स शाही ठाठ-बाट की अनूठी झलक पेश करते हैं. यहां का पारंपरिक राजस्थानी माहौल, भव्य आंगन और ऐतिहासिक विरासत इसे वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में और भी खास बनाते हैं. देश-विदेश से आने वाले मेहमानों को यहां शाही मेहमाननवाजी का अनुभव मिलता है. अगर डिग्गी पैलेस में डेस्टिनेशन वेडिंग के खर्च की बात करें, तो यहां एक भव्य शादी समारोह आयोजित करने पर सामान्य तौर पर 8 से 10 करोड़ रुपये तक का खर्च आ सकता है. यही वजह है कि यह पैलेस जयपुर के सबसे लोकप्रिय और प्रतिष्ठित वेडिंग डेस्टिनेशनों में शामिल है.
जयपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित आईटीसी राजपूताना भी जयपुर के सबसे लग्जरी होटलों में से एक है, जहां लोग डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए इस वेन्यू को काफी पसंद करते हैं. यह होटल पारंपरिक राजस्थानी हवेली की शैली में निर्मित है. इसकी भव्य लाल ईंटों वाली बाहरी संरचना और केंद्रीय एट्रियम इसे अन्य होटलों से अलग पहचान देते हैं. होटल के लंबे गलियारे, एकांत आंगन और फव्वारों की मधुर ध्वनि डेस्टिनेशन वेडिंग को और भी खास बना देते हैं. इस होटल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह जयपुर का प्लैटिनम, कार्बन और वाटर ज़ीरो प्रमाणित होटल है. पर्यावरण संरक्षण और लग्जरी सुविधाओं का यह अनूठा संगम इसे विशेष बनाता है. डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए यहां राजपूताना रॉयल, राजपूताना चैंबर्स, ठिकाना सुइट, शीश महल, जल महल और जयपुर मंडप जैसे कई भव्य वेन्यू और सुइट्स उपलब्ध हैं, जो इसे शाही शादी समारोहों के लिए आदर्श स्थान बनाते हैं. यदि यहां डेस्टिनेशन वेडिंग के खर्च की बात करें, तो सामान्य तौर पर एक भव्य आयोजन पर 10 से 12 करोड़ रुपये तक का खर्च आ सकता है. यही कारण है कि आईटीसी राजपूताना जयपुर के सबसे लोकप्रिय लग्जरी वेडिंग डेस्टिनेशनों में गिना जाता है.
जयपुर में रामबाग पैलेस के अलावा द ओबेरॉय राजविलास भी डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए बेहद लोकप्रिय है. 32 एकड़ में फैला यह शानदार होटल जयपुर की पारंपरिक वास्तुकला और शाही वैभव का अद्भुत प्रतिबिंब है. यहां डेस्टिनेशन वेडिंग करना कई लोगों का सपना माना जाता है. सुंदर बगीचों और प्राकृतिक वातावरण के बीच स्थित यह होटल जयपुर के सबसे लग्जरी होटलों में गिना जाता है, जहां एक रात का किराया सामान्य तौर पर 8 से 10 लाख रुपये तक पहुंच जाता है. ओबेरॉय राजविलास में डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए उपलब्ध विला, लग्जरी टेंट और होटल के कमरे पारंपरिक राजस्थानी महल वास्तुकला से प्रेरित हैं. इनमें आकर्षक झरोखे, खिड़की वाली बैठने की जगह, मेहराबदार दरवाजे और खिड़कियां, सुनहरी सजावट तथा हाथ से चित्रित भित्तिचित्र इसकी खूबसूरती को और बढ़ाते हैं. शाही मेहमाननवाजी और विश्वस्तरीय सुविधाएं इसे विशेष बनाती हैं. यदि यहां डेस्टिनेशन वेडिंग के खर्च की बात करें, तो एक भव्य शादी समारोह आयोजित करने पर सामान्य रूप से 15 से 16 करोड़ रुपये तक का खर्च आ सकता है. यही वजह है कि यह होटल देश-विदेश के उद्योगपतियों, सेलिब्रिटीज और हाई-प्रोफाइल परिवारों की पसंदीदा वेडिंग डेस्टिनेशनों में शामिल है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|



