Sports

क्या टीम इंडिया को मिल गए हैं नए ‘जय-वीरू’? वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्या की जंग ने बढ़ाई चयनकर्ताओं की टेंशन, किसका पलड़ा भारी

Last Updated:May 13, 2026, 20:28 IST

Vaibhav Sooryavanshi vs Priyansh Arya: आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्या अपनी तूफानी बल्लेबाजी से टीम इंडिया में दस्तक दे रहे हैं. 15 साल के वैभव ने जहां अपनी बैट स्पीड और छक्कों के रिकॉर्ड से सबको चौंकाया है, वहीं पंजाब के प्रियांश अपने अनुभव और विस्फोटक स्ट्राइक रेट से कड़ी टक्कर दे रहे हैं. हालांकि, औसत और शतकों के मामले में बिहार के वैभव का पलड़ा भारी नजर आता है. दोनों युवाओं के बीच छिड़ी यह जंग भारतीय क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है.

मौजूदा सीजन में इन दोनों खिलाड़ियों ने अपनी फ्रेंचाइजी के लिए रीढ़ की हड्डी का काम किया है. राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) ने अब तक 11 मैचों में 440 रन कूट दिए हैं. उनकी बल्लेबाजी में वो बेखौफ अंदाज दिखता है जो कभी वीरेंद्र सहवाग या ऋषभ पंत के शुरुआती दिनों में नजर आता था. वैभव की सबसे बड़ी ताकत उनकी बाउंड्री लगाने की क्षमता है. इस सीजन में उनके बल्ले से 38 चौके और 40 छक्के निकल चुके हैं, जो उनके ‘पावर गेम’ की गवाही देते हैं.

दूसरी ओर, पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या (Priyansh Arya) भी कुछ कम नहीं हैं.उन्होंने 10 मैचों में 342 रन बनाए हैं. हालांकि कुल रनों के मामले में वे वैभव से थोड़े पीछे दिखते हैं, लेकिन इम्पैक्ट के मामले में वे बराबरी की टक्कर दे रहे हैं. प्रियांश ने इस सीजन में अब तक 23 चौके और 32 छक्के लगाए हैं. दिलचस्प बात यह है कि प्रियांश का स्ट्राइक रेट कई मौकों पर वैभव को भी पीछे छोड़ देता है. खासकर आईपीएल 2026 में 250.4 का उनका सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइक रेट (न्यूनतम 5 गेंद) यह बताता है कि वे पहली गेंद से ही गेंदबाजों पर प्रहार करने की काबिलियत रखते हैं.

वैभव सूर्यवंशी के नाम कुछ ऐसे कीर्तिमान दर्ज हो चुके हैं जिन्हें तोड़ना नामुमकिन सा लगता है. महज 14 साल 32 दिन की उम्र में गुजरात टाइटंस के खिलाफ शतक जड़कर वे टी20 इतिहास के सबसे युवा शतकवीर बने. इतना ही नहीं, टी20 क्रिकेट में सबसे तेज और सबसे कम उम्र (15 साल) में 100 छक्के पूरे करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है. उनकी बैट स्पीड इतनी गजब है कि खुद प्रियांश आर्या भी सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि वे वैभव से यह हुनर सीखना चाहते हैं.

Add as Preferred Source on Google

प्रियांश आर्या का सफर भी प्रेरणादायक रहा है. आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ सिर्फ 39 गेंदों पर जड़ा गया उनका शतक टूर्नामेंट के इतिहास का पांचवा सबसे तेज शतक है. प्रियांश के पास अनुभव का फायदा है. उन्होंने आईपीएल के पिछले दो सीजन (2025 और 2026) को मिलाकर खुद को एक निरंतर प्रदर्शन करने वाले ओपनर के रूप में स्थापित किया है.

जब हम दोनों खिलाड़ियों के ओवरऑल टी20 करियर की तुलना करते हैं, तो तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाती है. वैभव सूर्यवंशी ने 29 टी20 मैचों में 1141 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 40.75 और स्ट्राइक रेट 215.68 का है. मात्र 29 पारियों में चार शतक और तीन अर्धशतक लगाना उनकी क्लास को दर्शाता है. उनका सर्वोच्च स्कोर 144 रन है, जो किसी भी टी20 ओपनर के लिए सपना होता है.

इसके विपरीत, प्रियांश आर्या ने 56 मैचों में 1661 रन बनाए हैं. गौर करने वाली बात यह है कि प्रियांश ने वैभव से लगभग दोगुने मैच खेले हैं, लेकिन रनों का अंतर सिर्फ 520 के करीब है। प्रियांश का औसत 30.20 और स्ट्राइक रेट 178.41 है. हालांकि ये आंकड़े भी शानदार हैं, लेकिन वैभव की ‘कन्वर्जन रेट’ और उनके स्ट्राइक रेट का पहाड़ उन्हें भविष्य का बड़ा सितारा बनाता है. यही कारण है कि क्रिकेट विशेषज्ञ वैभव को ‘रॉ टैलेंट’ मानते हुए उन्हें जल्द से जल्द इंटरनेशनल एक्सपोजर देने की वकालत कर रहे हैं.

एक तरफ जहां इन युवाओं का बल्ला आग उगल रहा है, वहीं पंजाब किंग्स की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. लगातार चार हार ने पंजाब के लिए प्लेऑफ की राह बेहद कठिन कर दी है. प्रियांश आर्या के व्यक्तिगत प्रदर्शन के बावजूद टीम का संघर्ष करना यह बताता है कि टी20 क्रिकेट में एक खिलाड़ी के दम पर टूर्नामेंट जीतना मुश्किल है. वहीं आरसीबी और सीएसके जैसी टीमों के लिए समीकरण अब ‘करो या मरो’ वाले हो गए हैं, जिससे आगामी मैच और भी रोमांचक होने वाले हैं.

वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्या दोनों ही भारतीय क्रिकेट का उज्ज्वल भविष्य हैं. वैभव के पास उम्र और आक्रामकता का साथ है, तो प्रियांश के पास अनुभव और दबाव झेलने की क्षमता. अब गेंद चयनकर्ताओं के पाले में है कि वे टीम इंडिया की नई सलामी जोड़ी के लिए किस ‘युवा तुर्क’ पर भरोसा जताते हैं. लेकिन इतना तो तय है कि आईपीएल 2026 ने भारतीय क्रिकेट को दो ऐसे ‘सिक्सर किंग’ दे दिए हैं, जो आने वाले समय में दुनिया के किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाने का दम रखते हैं.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj