पाली में दिल दहला देने वाली वारदात! हाथ-पैर बांधकर मासूम का गला रेत दिया, ग्रामीणों में आक्रोश

Last Updated:May 14, 2026, 23:21 IST
Pali Child Brutal Murder: पाली जिले के सोजत थाना क्षेत्र के रामासनी सांदवान गांव में दस वर्षीय मासूम की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई. बच्चे का शव गांव से दूर तालाब के पास मिला, जहां उसके हाथ और पैर बंधे हुए थे और गला धारदार हथियार से रेता गया था. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. सीओ रतनाराम देवासी और थानाधिकारी भंवरलाल विश्नोई ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को भी जांच में शामिल किया गया है.
ख़बरें फटाफट
पाली में 10 वर्षीय मासूम की गला रेतकर हत्या
पाली. राजस्थान के पाली जिला अंतर्गत सोजत थाना क्षेत्र के रामासनी सांदवान गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दस वर्षीय मासूम बच्चे की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. इस निर्मम घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और गांव में तनाव व आक्रोश का माहौल है. जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने गांव से दूर एक तालाब के पास बच्चे का शव देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही सोजत क्षेत्राधिकारी रतनाराम देवासी और शिवपुरा थानाधिकारी भंवरलाल विश्नोई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत जुटाने की कार्रवाई शुरू की. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मासूम के हाथ और पैर बंधे हुए थे और उसका गला धारदार हथियार से रेता गया था.
मासूम की हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
शव की हालत देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और ग्रामीण भी स्तब्ध रह गए. यह आशंका जताई जा रही है कि बच्चे की हत्या कहीं और कर शव को तालाब के पास फेंका गया है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोश जताने लगे. ग्रामीणों में भारी गुस्सा देखने को मिला और पूरे इलाके में मातम जैसा माहौल बन गया. परिजन भी रो-रोकर बेहाल हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न टीमों का गठन किया गया है और आस-पास के क्षेत्रों में संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी जांच में शामिल किया गया है ताकि घटनास्थल से अहम सुराग जुटाए जा सकें.
पुलिस हर एंगल से कर रही है जांच
सोजत सीओ रतनाराम देवासी ने कहा कि यह बेहद संवेदनशील मामला है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. वहीं थानाधिकारी भंवरलाल विश्नोई ने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने. फिलहाल इस दर्दनाक वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग मासूम की हत्या को लेकर न्याय की मांग कर रहे हैं.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें



