अलवर में भीषण सड़क हादसा! ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, जीजा-साला दोनों की मौके पर मौत

Last Updated:May 12, 2026, 06:33 IST
Brutal Road Crash Alwar: अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में लोहिया का तिबारा के पास एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा और साले की मौके पर ही मौत हो गई. दोनों मुकेश और सुनील जांगिड़ रूपबास के रहने वाले थे और नेटवर्किंग मार्केटिंग का काम करते थे. काम से लौटते समय पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी. हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश जारी है.
ख़बरें फटाफट

अलवर में हुए भीषण सड़क हादसे में जीसा-साला दोनों की मौत
अलवर. राजस्थान के अलवर जिला अंतर्गत उद्योग नगर थाना क्षेत्र के लोहिया का तिबारा के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में बाइक सवार जीजा और साले की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना उस समय हुई जब दोनों अपने कार्यस्थल से काम खत्म कर बाइक से रूपबास स्थित अपने घर लौट रहे थे. तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और दोनों सड़क पर गिर पड़े. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
मृतकों की पहचान मुकेश जांगिड़ और सुनील जांगिड़ के रूप में हुई है. दोनों रूपबास के रहने वाले थे और नेटवर्किंग मार्केटिंग का कार्य करते थे. रोजाना की तरह काम खत्म कर दोनों बाइक से घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी.
तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर
सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया गया. जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए शवों को सुरक्षित रखा गया. पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी. टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. हादसे के बाद आसपास के लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला. लोगों ने सड़क पर बढ़ते हादसों पर चिंता जताई और ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल उठाए.
पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश कर दी है शुरू
पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है. आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और आरोपी चालक की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी. इधर, हादसे की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया. दोनों मृतकों के शव अस्पताल पहुंचते ही परिजन फूट फूटकर रो पड़े. पूरे रूपबास गांव में इस घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है. लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं और माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया है.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Alwar,Rajasthan



