पेट दर्द के साथ दिखें ये लक्षण तो तुरंत पहुंचें अस्पताल, डॉक्टर ने बताया कारण

फरीदाबाद: पेट दर्द को अक्सर लोग गैस, बदहजमी या सामान्य परेशानी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. कई लोग दर्द की गोली खाकर आराम मिलने का इंतजार करते रहते हैं…लेकिन हर बार ऐसा करना सुरक्षित नहीं होता. कई बार अचानक शुरू हुआ तेज पेट दर्द शरीर के अंदर किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है. अगर दर्द लगातार बढ़ रहा हो, बार-बार हो रहा हो या उसके साथ उल्टी, बुखार, खून आना या पेट फूलने जैसी परेशानी भी हो रही हो तो इसे बिल्कुल हल्के में नहीं लेना चाहिए. ऐसे मामलों में समय पर इलाज मिलने से मरीज की जान बचाई जा सकती है.
हर पेट दर्द गैस या बदहजमी की वजह से नहीं होता
लोकल18 से बातचीत में डॉ. जया अग्रवाल, Gastrointestinal, HPB and Liver Transplant Surgeon, अमृता हॉस्पिटल, फरीदाबाद बताती हैं कि हर पेट दर्द गैस या बदहजमी की वजह से नहीं होता. अगर पेट में बहुत तेज दर्द हो रहा है या बार-बार दर्द उठ रहा है तो ऐसे संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. डॉक्टर बताती हैं कि यह शरीर के अंदर किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है. अगर दर्द के साथ उल्टी हो रही हो, उल्टी आने जैसा महसूस हो रहा हो, दर्द पीठ की तरफ जा रहा हो या पेट के निचले हिस्से तक फैल रहा हो तो तुरंत चिकित्सकीय मदद लेनी चाहिए.
पेट दर्द कब बन जाता है खतरनाक
डॉ. जया अग्रवाल बताती हैं कि कुछ स्थितियों में पेट दर्द को चिकित्सकीय आपात स्थिति मानना चाहिए. अगर दर्द अचानक बहुत तेज हो जाए, लगातार बना रहे या बार-बार उठे तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना जरूरी है. इसके अलावा अगर दर्द के साथ तेज बुखार हो, बार-बार उल्टी हो रही हो, पेट असामान्य रूप से फूल गया हो या मरीज को चलने-फिरने में भी दिक्कत हो रही हो तो देर नहीं करनी चाहिए. डॉक्टर बताती हैं कि ऐसे लक्षण शरीर के अंदर गंभीर समस्या की ओर इशारा कर सकते हैं.
इन लक्षणों को न करें इग्नोर
डॉ. जया अग्रवाल बताती हैं कि अगर पेट दर्द के साथ बिना किसी कोशिश के लगातार वजन कम होने लगे, भूख कम लगने लगे, उल्टी में खून दिखाई दे या मल का रंग काला हो जाए तो यह सामान्य बात नहीं है ऐसे लक्षण इस बात का संकेत हो सकते हैं कि पेट या आंतों में कोई बड़ी बीमारी विकसित हो रही है. डॉक्टर बताती हैं कि ऐसे मामलों में घर पर इंतजार करने या घरेलू उपाय करने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए ताकि समय रहते जांच और इलाज शुरू किया जा सके.
बिना डॉक्टर की सलाह के दर्द की दवा न खाएं
डॉ. जया अग्रवाल बताती हैं कि बिना डॉक्टर की सलाह के दर्द की दवा खाकर घर पर इंतजार करना कई बार खतरनाक साबित हो सकता है. दर्द की दवा कुछ समय के लिए तकलीफ कम कर सकती है लेकिन इससे असली बीमारी छिप सकती है और इलाज में देरी हो सकती है. डॉक्टर बताती हैं कि हर दवा के अपने दुष्प्रभाव होते हैं. यहां तक कि सामान्य तौर पर इस्तेमाल होने वाली दवाएं भी बिना सलाह के बार-बार लेना सही नहीं है. अगर पेट दर्द बार-बार हो रहा है तो खुद दवा लेने के बजाय डॉक्टर को दिखाना चाहिए.
अचानक होने वाले पेट दर्द के पीछे कई गंभीर बीमारियां
डॉ. जया अग्रवाल बताती हैं कि अचानक होने वाले पेट दर्द के पीछे कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं. पित्त की थैली में पथरी की वजह से होने वाला तेज दर्द, अग्न्याशय में अचानक सूजन, आंत में रुकावट या किसी कारण से आंत फट जाना जैसी स्थितियां जानलेवा बन सकती हैं. इन बीमारियों में समय पर इलाज नहीं मिलने पर मरीज की हालत तेजी से बिगड़ सकती है. इसलिए अगर पेट में असहनीय दर्द हो रहा है तो इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.
डॉ. जया अग्रवाल बताती हैं कि पेट दर्द होने पर बहुत ज्यादा तला-भुना, मसालेदार और भारी भोजन खाने से बचना चाहिए. ऐसे समय में हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन जैसे खिचड़ी और अन्य नरम आहार लेना बेहतर रहता है. डॉक्टर बताती हैं कि अगर दर्द बार-बार हो रहा है या लगातार बना हुआ है तो घरेलू उपायों के भरोसे नहीं रहना चाहिए, बल्कि तुरंत अस्पताल जाकर डॉक्टर से जांच करानी चाहिए. समय पर सही इलाज ही गंभीर जटिलताओं से बचाने का सबसे सुरक्षित तरीका है.



