3 महीने से गायब हैं IG कालूराम रावत, नोटिस भी बेअसर, राजस्थान पुलिस ने शुरू की जांच

Last Updated:May 02, 2026, 11:07 IST
IG Kaluram Rawat Missing Case: राजस्थान पुलिस में आईजी कालूराम रावत के साढ़े तीन महीने से ड्यूटी से गायब रहने का मामला सामने आया है. जनवरी में बुखार बताकर एक दिन की छुट्टी का मैसेज भेजने के बाद से उनका कोई संपर्क नहीं हुआ. इस बीच उनका प्रमोशन होकर आईजी पद पर तबादला भी हुआ, लेकिन उन्होंने जॉइन नहीं किया. पुलिस मुख्यालय ने रिकॉल नोटिस जारी किया, फिर भी जवाब नहीं मिला. अब विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और उनकी लोकेशन को लेकर भी तलाश जारी है.
ख़बरें फटाफट

आईजी कालूराम रावत के साढ़े तीन महीने से ड्यूटी से गायब रहने का मामला आया सामने
जयपुर. राजस्थान पुलिस में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग शाखा में आईजी के पद पर तैनात आईपीएस अधिकारी कालूराम रावत पिछले करीब साढ़े तीन महीने से ड्यूटी से गायब हैं. चौंकाने वाली बात यह है कि उन्होंने नए पद पर अब तक जॉइन ही नहीं किया है, जबकि विभाग की ओर से उन्हें रिकॉल नोटिस भी जारी किया जा चुका है. नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर अब उनके खिलाफ विभागीय जांच और कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
जानकारी के अनुसार, कालूराम रावत जनवरी में उस समय डीआईजी पुलिस हाउसिंग के पद पर तैनात थे. 12 जनवरी को उन्होंने अपने वरिष्ठ अधिकारी एडीजी भूपेंद्र साहू को एक मैसेज भेजकर बताया कि उन्हें बुखार है और वे उस दिन कार्यालय नहीं आ सकेंगे. इसके बाद से वे ड्यूटी पर लौटे ही नहीं. इसी बीच 23 फरवरी को उनका प्रमोशन होकर आईजी बना दिया गया और उन्हें एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग शाखा में तैनाती दी गई. लेकिन न तो वे पुराने पद से औपचारिक रूप से रिलीव हुए और न ही नए पद पर कार्यभार ग्रहण करने पहुंचे.
नोटिस का भी आईजी ने नहीं दिया कोई जवाब
काफी समय तक कोई सूचना नहीं मिलने पर एडीजी (सिविल राइट्स एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग) लता मनोज ने इस मामले की जानकारी डीजीपी कार्यालय को लिखित रूप में दी. इसके बाद पुलिस मुख्यालय की कार्मिक शाखा ने कालूराम रावत को रिकॉल नोटिस जारी कर तत्काल उपस्थित होने के निर्देश दिए. साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि वे उपस्थित नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी. हालांकि नोटिस के बाद भी उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
12 जनवरी के बाद से नहीं हुआ है संपर्क
बताया जा रहा है कि, इससे पहले कालूराम रावत जब भी अवकाश पर जाते थे तो विधिवत सूचना देते थे. वे 9 सितंबर से 24 अक्टूबर तक मेडिकल लीव पर रहे थे और उसके बाद 26 अक्टूबर से 10 नवंबर तक पीएल पर थे. लेकिन 12 जनवरी के बाद से उनका कोई आधिकारिक संपर्क नहीं हुआ है. पुलिस मुख्यालय ही नहीं, बल्कि मीडिया द्वारा संपर्क करने की कोशिश भी नाकाम रही है, क्योंकि उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा है.
जुनियर अफसर भी लोकेशन और स्थिति का लगा रहे हैं पता
इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस महकमे में हलचल बढ़ा दी है. दिलचस्प पहलू यह भी है कि जहां वरिष्ठ अधिकारी उनके बारे में जानकारी जुटा रहे हैं, वहीं उनके साथ काम कर चुके कई जूनियर अफसर भी अपने स्तर पर उनकी लोकेशन और स्थिति का पता लगाने में जुटे हुए हैं. हालांकि कोई भी अधिकारी खुलकर कुछ कहने से बच रहा है. फिलहाल, पुलिस मुख्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच शुरू कर दी है. आने वाले दिनों में यह स्पष्ट हो सकेगा कि आईजी स्तर के इस अधिकारी के अचानक गायब रहने के पीछे क्या कारण हैं और विभाग इस पर क्या कार्रवाई करता है.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jaipur,Rajasthan



