Indian Railway: दीपावली-छठ पर घर जाना हुआ आसान, सोगरिया से दानापुर के लिए सीधी स्पेशन ट्रेन, चेक कर लें डिटेल

कोटा. दीपावली और छठ पूजा पर उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है. त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के बीच रेलवे ने सोगरिया और दानापुर के बीच साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू किया है. गाड़ी संख्या 09823 सोगरिया-दानापुर पूजा स्पेशल 10 अक्टूबर की रात 11:10 बजे सोगरिया स्टेशन से अपनी पहली यात्रा पर रवाना होगी. इस ट्रेन में फिलहाल सीटें उपलब्ध हैं, जिससे त्योहार पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों को आरक्षण का अवसर मिल सकता है
. ट्रेन के जरिए कोटा संभाग के बारां, सालपुरा और छबड़ा गुगोर सहित कई स्टेशनों से यात्रियों को उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रमुख शहरों तक सीधी रेल सुविधा मिलेगी. वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09823/09824 सोगरिया-दानापुर-सोगरिया साप्ताहिक पूजा स्पेशल दोनों दिशाओं में छह-छह ट्रिप संचालित करेगी.
हर शनिवार रात सोगरिया से होगी रवाना
गाड़ी संख्या-09823 सोगरिया-दानापुर पूजा स्पेशल 10, 17, 24 और 31 अक्टूबर तथा 7 और 14 नवंबर को प्रत्येक शनिवार रात 11:10 बजे सोगरिया स्टेशन से रवाना होगी. कोटा मंडल के बारां स्टेशन पर ट्रेन रात 11:53 बजे पहुंचेगी. इसके बाद सालपुरा स्टेशन पर अगले दिन रात 12:28 बजे और छबड़ा गुगोर स्टेशन पर रात 12:48 बजे ठहराव होगा. ट्रेन रविवार रात 11:45 बजे दानापुर पहुंचेगी. इससे रास्ते में पड़ने वाले स्टेशनों के यात्रियों को भी त्योहार के दौरान अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी.
सोमवार को दानापुर से होगी वापसी
वापसी में गाड़ी संख्या-09824 दानापुर-सोगरिया पूजा स्पेशल 12, 19 और 26 अक्टूबर तथा 2, 9 और 16 नवंबर 2026 को प्रत्येक सोमवार रात 12:15 बजे दानापुर से रवाना होगी. मंगलवार को ट्रेन छबड़ा गुगोर स्टेशन पर रात 1:03 बजे, सालपुरा में 1:18 बजे और बारां में 1:53 बजे पहुंचेगी. इसके बाद सुबह 3:45 बजे सोगरिया स्टेशन पहुंचेगी.
प्रयागराज, मिर्जापुर और बक्सर समेत इन स्टेशनों पर ठहराव
पूजा स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में सोगरिया, बारां, सालपुरा, छबड़ा गुगोर, रूठियाई, गुना, अशोक नगर, सागर, दमोह, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर स्टेशनों पर रुकेगी. इन ठहरावों से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी.
यात्रियों समय रहते करा लें आरक्षण
दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह ट्रेन अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध कराएगी. खासकर प्रयागराज, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बक्सर, आरा, पटना और आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिल सकता है. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से उपलब्ध सीटों के अनुसार समय रहते आरक्षण कराने की अपील की है. यात्रा से पहले ट्रेन के समय, ठहराव और ताजा स्थिति की जानकारी एनटीईएस, रेलवे हेल्पलाइन 139 या अधिकृत रेलवे पूछताछ माध्यमों से प्राप्त की जा सकती है.



