Japan Heatwave: भारत में 43 डिग्री तक नॉर्मल जापान के शेर भी नहीं सह पा रहे 40 डिग्री टॉर्चर 3 ने तोड़ दिया दम

Last Updated:August 04, 2026, 15:35 IST
Japan Heatwave Lions Died: जिस देश में कभी एसी की जरूरत नहीं पड़ी और जहां लोग सदाबहार मौसम के आदी हैं, वहां अगर गर्मी 38-40 डिग्री पहुंच जाए तो हाल क्या होगा? जापान में इस वक्त ऐसा ही हो रहा है और इंसान छोड़िए जानवरों से भी ये बदलाव सहा नहीं जा रहा है. जापान के चिड़ियाघर में अब तक 3 शेरों की मौत हो चुकी है.
ख़बरें फटाफट
जापान में गर्मी से 3 शेरों की मौत. (रॉयटर्स)
Japan Heatwave : इस बार क्लामेट चेंज का ऐसा भयानक रूप सामने आया है कि पूरी दुनिया ने देखा कि ठंडे इलाकों में भी रिकॉर्डतोड़ गर्मी पड़ी है. इसकी वजह से ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जो पहले नहीं देखी-सुनी गईं. जापान में पड़ रही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी अब इंसानों के साथ-साथ वन्यजीवों के लिए भी जानलेवा साबित हो रही है. टोक्यो के पास स्थित तामा जूलॉजिकल पार्क में महज एक सप्ताह के भीतर तीन शेरों की मौत हो गई. शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि इनकी मौत भीषण गर्मी और हीट स्ट्रेस की वजह से हुई.
वैज्ञानिकों का मानना है कि प्रशांत महासागर में बन रहा सुपर अल नीनो इस भीषण गर्मी की बड़ी वजह है. विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने चेतावनी दी है कि आने वाले महीनों में अल नीनो और मजबूत हो सकता है, जिससे दुनिया के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान, भीषण हीट वेव, सूखा और बाढ़ जैसी चरम मौसम की घटनाएं बढ़ सकती हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि यह सिर्फ एक मौसमी बदलाव नहीं, बल्कि जलवायु परिवर्तन के बढ़ते असर का संकेत है.
3 शेरों की चली गई जान
चिड़ियाघर प्रशासन के मुताबिक जुलाई के आखिर में कई शेरों में भूख कम लगना, सुस्ती और थकान जैसे लक्षण दिखाई देने लगे थे. इसके बाद शेरों के बाड़े को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया. शेरों को बचाने के लिए उन पर लगातार पानी का छिड़काव किया गया, बड़े-बड़े पंखे लगाए गए और दवाओं के साथ नसों के जरिए लिक्विड भी दिया गया. कुल 10 शेरों का इलाज किया गया, लेकिन तीन साल की शेरनी मुगी की 28 जुलाई को मौत हो गई. इसके तीन दिन बाद 11 साल इचिगो और फिर 15 साल की लुएना ने भी दम तोड़ दिया. शुरुआती जांच में तीनों के शरीर में पानी की भारी कमी थी और उनके कई अंगों के काम करना बंद करने के संकेत मिले हैं. फिलहाल चार शेरों की हालत में सुधार है, जबकि तीन अन्य का इलाज जारी है.
जापान में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी
इस साल जापान अभूतपूर्व गर्मी का सामना कर रहा है. देश के कई हिस्सों में लगातार पांच दिनों तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया, जो अब तक का सबसे लंबा रिकॉर्ड है. हालात इतने गंभीर हैं कि जापान की मौसम एजेंसी ने पहली बार 40 डिग्री या उससे अधिक तापमान वाले दिन के लिए नया अलर्ट जारी किया है, जिसे बेहद क्रूर गर्मी वाला दिन कहा जा रहा है. सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में कुमामोटो प्रांत भी शामिल है, जहां हाल ही में आए भूकंप के बाद हजारों लोग राहत शिविरों या अपनी कारों में रहने को मजबूर हैं. पानी की कमी और तेज गर्मी के कारण एक बुजुर्ग महिला की कार में हीट स्ट्रोक से मौत हो गई. अभी भी हजारों परिवारों के पास पीने का पानी उपलब्ध नहीं है.
About the AuthorPrateeti Pandey
में इंटरनेशनल डेस्क पर कार्यरत हैं. टीवी पत्रकारिता का भी अनुभव है और इससे पहले Zee Media Ltd. में कार्य किया. डिजिटल वीडियो प्रोडक्शन की जानकारी है. टीवी पत्रकारिता के दौरान कला-साहित्य के साथ-साथ अंतरर…
और पढ़ेंFirst Published :
August 04, 2026, 15:35 IST



