Kota News: मिड-डे मील बना मुसीबत, कद्दू की सब्जी खाने के बाद 23 बच्चों की बिगड़ी तबीयत

Last Updated:August 24, 2026, 20:00 IST
कोटा के पुनिया देवरी स्थित सरकारी स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद करीब 23 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई. बच्चों ने उल्टी-दस्त और चक्कर आने की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया. पोषाहार में कद्दू की सब्जी परोसे जाने की बात सामने आई है. शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सैंपल जांच के निर्देश दिए हैं, जबकि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली.
कोटा. पुनिया देवरी स्थित सरकारी स्कूल में सोमवार को मिड-डे मील खाने के बाद करीब 23 बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई. बच्चों ने उल्टी-दस्त और चक्कर आने की शिकायत की, जिसके बाद स्कूल प्रशासन और परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया. बच्चों के एक साथ बीमार पड़ने की सूचना से स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार, स्कूल में पोषाहार के तहत बच्चों को कद्दू की सब्जी परोसी गई थी. भोजन करने के कुछ समय बाद कई बच्चों को उल्टी-दस्त और चक्कर आने लगे. धीरे-धीरे प्रभावित बच्चों की संख्या बढ़कर करीब 23 हो गई, इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया.
घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए. परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल में दिए जाने वाले पोषाहार की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. हालांकि, बच्चों की तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
शिक्षा मंत्री ने दिए जांच के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जांच के निर्देश दिए हैं. उन्होंने अस्पताल प्रशासन से फोन पर बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए. मंत्री ने पोषाहार के सैंपल लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराने और यदि भोजन में किसी तरह की कमी पाई जाती है तो जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. शिक्षा विभाग के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचकर बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहे.
ओम बिरला ने भी ली स्वास्थ्य की जानकारी
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर अस्पताल प्रशासन से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. वहीं भाजपा नेता बद्री गोचर के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे और बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की. फिलहाल अस्पताल में भर्ती बच्चों की हालत ठीक बताई जा रही है. प्रशासन की ओर से पोषाहार के सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं. अब जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे यह स्पष्ट होगा कि बच्चों की तबीयत बिगड़ने का कारण पोषाहार की गुणवत्ता थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंFirst Published :
August 24, 2026, 20:00 IST



