किस्मत ने दिया दगा… 10 रन से तीसरा आईपीएल शतक चूका बल्लेबाज, अनलकी रनआउट ने छीनी सेंचुरी

Last Updated:May 15, 2026, 23:12 IST
Mitchell marsh out on 90 runs: आईपीएल के 59वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 4 विकेट से हरा दिया. मैच के असली हीरो मिशेल मार्श रहे, जिन्होंने महज 38 गेंदों में 90 रनों की विस्फोटक पारी खेली. हालांकि, वे बदकिस्मत रहे और गेंदबाज के हाथ से टकराकर लगी गेंद के कारण रन आउट होकर अपने शतक से मात्र 10 रन दूर रह गए. मार्श और जोश इंग्लिस के बीच हुई 135 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी ने लखनऊ की जीत की राह आसान कर दी. मिचेल मार्श आईपीएल करियर का तीसरा शतक बनाने से चूके.
नई दिल्ली. मिचेल मार्श ने अपनी ताबड़तोड़ पारी से सबका दिल जीत लिया. बेशक वह आईपीएल करियर की तीसरी सेंचुरी पूरी नहीं कर सके लेकिन इस दौरान उन्होंने अपनी टीम की जीत की नींव रख दी थी. लखनऊ के इकाना स्टेडियम ने एक ऐसा रोमांच देखा, जिसने क्रिकेट प्रेमियों की धड़कनें तेज कर दी. लखनऊ सुपर जाएंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले गए इस मैच में न केवल चौकों-छक्कों की बरसात हुई, बल्कि किस्मत के उतार-चढ़ाव ने भी सबका दिल जीत लिया. इस मैच की सबसे बड़ी हाइलाइट रही मार्श की विस्फोटक पारी जिसने एलएसजी की जीत में अहम भूमिका निभाई.
मैच की शुरुआत से ही मिचेल मार्श और जोस इंग्लिस ने चेन्नई के गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगाड़ दी थी. विशेष रूप से मिशेल मार्श ने मैदान के चारों ओर शॉट्स खेलते हुए मात्र 38 गेंदों में 90 रनों की तूफानी पारी खेली. उनकी इस पारी में 9 शानदार चौके और 7 गगनचुंबी छक्के शामिल थे. मार्श की बल्लेबाजी को देखकर लग रहा था कि वह आसानी से अपने शतक की ओर बढ़ रहे हैं, लेकिन तभी खेल में एक नाटकीय मोड़ आया.
मिचेल मार्श आईपीएल करियर का तीसरा शतक बनाने से चूके.
पारी का 12वां ओवर फेंकने आए मुकेश चौधरी की पांचवीं गेंद पर जो हुआ, उसने सबको हैरान कर दिया.निकोलस पूरन ने सामने की तरफ एक सीधा और तेज ड्राइव लगाया. गेंदबाज मुकेश ने अपनी फॉलोथ्रू में गेंद को रोकने की कोशिश की, गेंद उनके हाथ से छिटककर सीधे नॉन-स्ट्राइकर एंड के स्टंप्स पर जा लगी. दुर्भाग्य से, मिशेल मार्श रन लेने के लिए क्रीज से काफी बाहर निकल चुके थे. जैसे ही गिल्लियां बिखरीं, मार्श समझ गए कि उनकी किस्मत ने दगा दे दिया है। उन्हें 90 रन के स्कोर पर ‘अनलकी’ रन आउट होकर पवेलियन लौटना पड़ा.
भले ही मार्श शतक से चूक गए, लेकिन उन्होंने इस सीजन में टीम के लिए अपना दबदबा कायम रखा है. साल 2026 के इस सीजन में मार्श अब तक 31 छक्के जड़ चुके हैं, जो एलएसजी के इतिहास में किसी एक सीजन में चौथे सबसे ज्यादा छक्के हैं. उनसे आगे निकोलस पूरन हैं, जिन्होंने 2025 में 40 छक्के और 2024 में 36 छक्के जड़े थे, जबकि 2025 में मार्श के नाम खुद 37 छक्के दर्ज थे.
साझेदारी की बात करें तो मार्श और जोश इंग्लिस ने इस मैच में चेन्नई के खिलाफ 135 रनों की बेहतरीन पार्टनरशिप की. यह एलएसजी के इतिहास की तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है. इससे पहले 2022 में क्विंटन डी कॉक और केएल राहुल की 210 रनों की नाबाद ओपनिंग पार्टनरशिप और 2025 में मार्श और ऋषभ पंत की 152 रनों की साझेदारी ही इस आंकड़े से ऊपर रही है.
चेन्नई सुपर किंग्स ने मार्श के आउट होने के बाद मैच में वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन मार्श और पूरन की उस आतिशी शुरुआत ने लखनऊ को इतने सुरक्षित स्कोर तक पहुंचा दिया था कि अंत में चेन्नई के लड़ाके उसे पार करने में नाकाम रहे. इस जीत के साथ ही लखनऊ ने यह साबित कर दिया कि उनकी टीम में बड़े स्कोर बनाने और इतिहास रचने की कितनी गहरी भूख है.
About the AuthorKamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश राय वर्तमान में इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
New Delhi,Delhi



