Monday Box Office Collections: ‘आवारापन 2’ ने 10वें दिन की धुआंधार कमाई, संकट में सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’

Last Updated:August 24, 2026, 07:47 IST
इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ ने 10वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा बनाए रखा और शानदार कमाई दर्ज की. पॉजिटिव माउथ पब्लिसिटी के दम पर फिल्म तेजी से 150 करोड़ के क्लब की ओर बढ़ रही है. दूसरी ओर, सनी देओल और प्रीति जिंटा की पीरियड-ड्रामा ‘बंटवारा 1947’ की रफ्तार दूसरे हफ्ते में भी सुस्त पड़ी हुई है. करीब 120 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म अपनी लागत निकालने के लिए बॉक्स ऑफिस पर लगातार संघर्ष कर रही है.
नई दिल्ली. बॉलीवुड स्टार इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता के नए झंडे गाड़ रही है. दर्शक सीक्वल फिल्म को काफी पसंद कर रहे हैं और यही वजह है कि फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 150 करोड़ के आंकड़े की ओर तेजी से कदम बढ़ा रही है. दूसरी तरफ, सनी देओल की पीरियड ड्रामा ‘बंटवारा 1947’ का बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष लगातार जारी है.
‘आवारापन 2’ को इंडिपेंडेंस डे के लंबे वीकेंड का जबरदस्त फायदा मिला, जिससे पहले हफ्ते में ही इसकी जबरदस्त कमाई हुई. यह तेजी दूसरे वीकेंड में भी जारी रही और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी. ‘आवारापन 2’ ने पहले दिन 22 करोड़ की धमाकेदार ओपनिंग ली थी. दूसरे दिन कलेक्शन में जबरदस्त उछाल देखा गया और फिल्म ने 33.75 करोड़ बटोरे, जबकि तीसरे दिन 26 करोड़ का शानदार कारोबार हुआ.
इसके बाद हफ्ते के बाकी दिनों में भी फिल्म की रफ्तार बनी रही. चौथे दिन 9.25 करोड़, पांचवें दिन 9.75 करोड़, छठे दिन 6.75 करोड़ और सातवें दिन 6 करोड़ का कलेक्शन दर्ज किया गया. इस तरह पहले हफ्ते में ही फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 113.50 करोड़ तक पहुंच गया.
Add as Preferred Source on Google
इमरान हाशमी की फिल्म ने 8वें दिन 5.75 करोड़ और 9वें दिन 8.25 करोड़ रुपये की कमाई की. अब इसके10वें दिन की कमाई के शुरुआती आंकड़े सामने आ गए हैं. ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के 10वें दिन ‘आवारापन 2’ ने 13,632 शो से 8.75 करोड़ का नेट कलेक्शन किया.
इसके साथ ही फिल्म की भारत में अब तक टोटल कमाई 136.25 करोड़ रुपये हो चुकी है, जबकि इसका ग्रोस कलेक्शन 162.50 करोड़ है. नितिन कक्कड़ के डायरेक्शन में बनी ‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी के अलावा शबाना आजमी, सुविंदर विक्की, दिशा पाटनी और पूरन गब्बी जैसे सितारे अहम किरदारों में नजर आते हैं.
सनी देओल और प्रीति जिंटा स्टारर फिल्म ‘बटवारा 1947’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है. सिनेमाघरों में 10 दिन पूरे होने के बाद यह फिल्म दर्शकों को खींचने में नाकाम रही है, जिससे इसके बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर संकट गहरा गया है.
सैकनिल्क के मुताबिक, सनी देओल की फिल्म ने शुक्रवार को 5.75 करोड़ के साथ खाता खोला था. शनिवार को 13.50 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ लेकिन यह तेजी बरकरार नहीं रह सकी. रविवार को कलेक्शन गिरकर 7.25 करोड़ पर आ गया, जो शनिवार के मुकाबले करीब 22 फीसदी कम था.
वर्किंग डेज शुरू होते ही फिल्म का ग्राफ तेजी से नीचे गिरा. सोमवार को फिल्म ने 2 करोड़ कमाए, जबकि मंगलवार को मामूली बढ़त के साथ 2.25 करोड़ का बिजनेस हुआ. मल्टीप्लेक्स में टिकटों के दाम घटने के बावजूद बुधवार की कमाई फिर 16 फीसदी घटकर 1.40 करोड़ रह गई. गुरुवार को फिल्म महज 1.30 करोड़ ही बटोर सकी.
फिल्म के लिए दूसरा वीकेंड भी कोई राहत लेकर नहीं आया. दूसरे शुक्रवार को फिल्म ने अपनी अब तक की सबसे कम 75 लाख की कमाई दर्ज की. हालांकि, इसके बाद 9वें दिन यानी शनिवार को 1.15 करोड़ और 10वें दिन यानी रविवार को 1.30 करोड़ का कलेक्शन हुआ. इस तरह 10 दिनों में ‘बटवारा 1947’ का भारत में कुल कलेक्शन 36.80 करोड़ हो पाया है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
August 24, 2026, 07:47 IST



