चेहरे पर क्या लगा रहे, इससे भी ज्यादा जरूरी मेंस्ट्रुअल प्रोडक्ट्स में क्या चीजें हैं? गायनेकॉलोजिस्ट ने क्यों कही ये बात

महिलाओं की मासिक धर्म यानि पीरियड्स से जुड़ी देखभाल अब सिर्फ लीकेज को सोखने या उससे सुरक्षित रखना ही नहीं है बल्कि स्त्री रोग विशेषज्ञों की मानें तो आपके द्वारा इस्तेमाल होने वाले मैन्स्ट्रुअल हाईजीन के प्रोडक्ट्स में क्या चीजें हैं, ये और भी महत्वपूर्ण है. डॉक्टरों का कहना है कि ये वे चीजें हैं जो महिलाओं की त्वचा के संपर्क में लंबे समय तक रहती हैं.
डॉक्टरों का कहना है कि आजकल डर्मेटोलॉजिकल टेस्टेड, सांस लेने योग्य (Breathable) सामग्री और बिना कृत्रिम सुगंध (Fragrance-Free) वाले सैनिटरी पैड्स की मांग तेजी से बढ़ रही है. साथ ही, वनस्पति (Botanical) तत्वों से युक्त नए उत्पाद भी महिलाओं का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं. इसकी कई बड़ी वजहें हैं और ये फायदेमंद भी हैं.
भारतीय चिकित्सा संघ (IMA), गाजियाबाद की अध्यक्ष डॉ. अल्पना कंसल का कहना है कि महिलाएं अपने प्रजनन जीवन का लगभग एक-चौथाई समय मासिक धर्म में बिताती हैं. इसलिए ऐसे सैनिटरी पैड चुनना जरूरी है जो न केवल अच्छी तरह अवशोषित करें बल्कि त्वचा के लिए भी सुरक्षित और आरामदायक हों. सांस लेने योग्य सामग्री और मोरिंगा जैसे त्वचा-अनुकूल तत्वों वाले पैड लंबे समय तक इस्तेमाल के दौरान अधिक आराम दे सकते हैं. हालांकि, समय-समय पर पैड बदलना और अच्छी मासिक धर्म स्वच्छता बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है.”
मोरिंगा युक्त सैनिटरी पैड्स का नया चलन
हाल के वर्षों में सैनिटरी पैड्स में मोरिंगा ओलिफेरा (सहजन/ड्रमस्टिक) के अर्क का उपयोग एक नई पहल के रूप में सामने आया है. आयुर्वेद में लंबे समय से उपयोग किए जाने वाले मोरिंगा में कई विटामिन, एंटीऑक्सीडेंट और अन्य लाभकारी पौधों के यौगिक पाए जाते हैं.
2024 में प्रकाशित Frontiers in Pharmacology की एक समीक्षा के अनुसार, मोरिंगा में कैरोटेनॉइड्स, टोकोफेरॉल्स, फ्लेवोनॉइड्स, फेनोलिक एसिड्स और विभिन्न विटामिन मौजूद होते हैं. अध्ययन में इसके एंटीऑक्सीडेंट, सूजन-रोधी (Anti-inflammatory) और रोगाणुरोधी (Antimicrobial) गुणों का उल्लेख किया गया है.
हालांकि मोरिंगा का उपयोग पहले मुख्य रूप से आहार पूरक (Dietary Supplement) के रूप में किया जाता था, लेकिन अब कुछ निर्माता इसे सैनिटरी पैड्स की ऊपरी परत (Top Sheet) में शामिल कर रहे हैं ताकि त्वचा की बेहतर देखभाल के साथ उच्च गुणवत्ता वाली अवशोषण क्षमता भी मिल सके.
स्वच्छता का कोई विकल्प नहीं
डॉक्टर कहती हैं कि कोई भी विशेष सामग्री या प्राकृतिक तत्व अच्छी मासिक धर्म स्वच्छता का विकल्प नहीं हो सकता. “वनस्पति आधारित सामग्री वाले उत्पाद त्वचा को अतिरिक्त आराम दे सकते हैं, लेकिन समय पर पैड बदलना, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखना और लगातार जलन या असामान्य लक्षण होने पर डॉक्टर से सलाह लेना ही मासिक धर्म स्वास्थ्य की सबसे महत्वपूर्ण बातें हैं.”
सांस लेने योग्य और बिना खुशबू वाले पैड्स की बढ़ती मांग
विशेषज्ञों के अनुसार, आजकल महिलाएं ऐसे Breathable सैनिटरी पैड्स को प्राथमिकता दे रही हैं जो नमी और गर्मी को कम महसूस होने देते हैं, खासकर गर्म मौसम या शारीरिक गतिविधियों के दौरान.
इसके अलावा, कृत्रिम सुगंध (Artificial Fragrance) से मुक्त सैनिटरी पैड्स भी तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं क्योंकि कई महिलाओं में सुगंध वाले उत्पाद त्वचा में जलन या एलर्जी पैदा कर सकते हैं.
वहीं क्लाउडनाइन अस्पताल दिल्ली की वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋचा सिंघल ने कहा,“आज की महिलाएं व्यक्तिगत देखभाल उत्पादों में इस्तेमाल होने वाले घटकों के प्रति पहले से अधिक जागरूक हो रही हैं. केवल पैड के आकार या अवशोषण क्षमता पर ध्यान देने के बजाय उसके लेबल को भी पढ़ना चाहिए. डर्मेटोलॉजिकल टेस्टेड, अच्छी गुणवत्ता वाली सामग्री, मोरिंगा जैसे तत्वों, सांस लेने योग्य संरचना और बिना गैर जरूरी सुगंध वाले पैड संवेदनशील त्वचा वाली महिलाओं में असुविधा के जोखिम को कम कर सकते हैं.”
उन्होंने यह भी सलाह दी कि इंटिमेट एरिया की सफाई के लिए तेज़ या कठोर साबुन का उपयोग न करें. यदि आवश्यकता हो तो केवल ऐसे उत्पादों का इस्तेमाल करें जो बाहरी निजी अंगों के प्राकृतिक pH संतुलन को बनाए रखने के लिए बनाए गए हों.
पारदर्शिता और जागरूकता की ओर बढ़ता कदम
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि मेंस्ट्रुअल केयर उत्पादों में इस्तेमाल होने वाले घटकों के बारे में पारदर्शिता की बढ़ती मांग महिलाओं की बदलती सोच को दर्शाती है. अब उपभोक्ता केवल प्रदर्शन (Performance) ही नहीं बल्कि त्वचा की सुरक्षा, आराम और स्वास्थ्य को भी समान महत्व दे रहे हैं.
विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले समय में पौधों पर आधारित और त्वचा के अनुकूल सामग्री वाले मेंस्ट्रुअल उत्पादों में और अधिक नवाचार देखने को मिल सकते हैं. हालांकि वे इस बात पर जोर देते हैं कि सही जानकारी के आधार पर उत्पादों का चयन करना और अच्छी मासिक धर्म स्वच्छता बनाए रखना ही स्वस्थ मासिक धर्म का सबसे महत्वपूर्ण आधार है.



