NEET परीक्षा खत्म! जयपुर के छात्र बोले- बायोलॉजी-केमिस्ट्री रहा आसान, फिजिक्स ने बढ़ाई मुश्किलें

Last Updated:May 03, 2026, 19:27 IST
NEET Exam 2026: जयपुर में NEET-UG परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. शहर में 106 केंद्रों पर करीब 2.09 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए. परीक्षा दोपहर 2 से 5 बजे तक हुई. छात्रों ने पेपर को मध्यम स्तर का बताया, जिसमें बायोलॉजी आसान और फिजिक्स कठिन रही. केमिस्ट्री भी आसान से मध्यम स्तर की रही. प्रशासन ने सुरक्षा और परिवहन की विशेष व्यवस्था की, वहीं चूरू और अलवर से स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं. अब छात्रों को NTA की आंसर की का इंतजार है.
ख़बरें फटाफट
जयपुर. राजधानी जयपुर में रविवार को आयोजित NEET-UG परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. शहर में कुल 106 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी. परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित था, वहीं परीक्षार्थियों को केंद्र पर कम से कम एक घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य किया गया था. परीक्षा का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा किया गया, जिसके तहत पूरे राजस्थान के 27 जिलों में 611 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे. जयपुर में ही करीब 2 लाख 9 हजार छात्र-छात्राएं इस परीक्षा में शामिल हुए.
परीक्षा के मद्देनजर प्रशासन और रेलवे की ओर से भी विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं. चूरू और अलवर से छात्रों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई गई, ताकि दूर-दराज के परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और कोविड के बाद भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखी गईं.
बायोलॉजी का सेक्शन रहा आसान
परीक्षा के बाद छात्रों से बातचीत में पेपर को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली. हर्षिता दाधीच ने बताया कि कुल मिलाकर प्रश्न पत्र सरल रहा, खासकर बायोलॉजी का सेक्शन आसान था. हालांकि, फिजिक्स के प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन थे. उन्होंने अनुमान जताया कि उनके 400 से 500 के बीच अंक आ सकते हैं. वहीं अन्य छात्रों ने भी बायोलॉजी को आसान और फिजिक्स को थोड़ा चुनौतीपूर्ण बताया. कुछ छात्रों ने यह भी कहा कि यह उनका दूसरा प्रयास था और इस बार वे 600 से अधिक अंक आने की उम्मीद कर रहे हैं.
पेपर पैटर्न में नहीं हुआ कोई बदलाव
छात्रों के अनुसार, पेपर का ओवरऑल स्तर मध्यम रहा. केमिस्ट्री सेक्शन को आसान से मध्यम बताया गया, जबकि फिजिक्स में कुछ सवालों ने परीक्षार्थियों को उलझाया. प्रश्न पत्र में 11वीं और 12वीं कक्षा के पाठ्यक्रम से ही सवाल पूछे गए थे और कई प्रश्न NCERT आधारित थे. जूलॉजी सेक्शन भी आसान से मध्यम स्तर का रहा, हालांकि इसमें कुछ प्रश्न थोड़े कठिन भी थे. पेपर पैटर्न में इस वर्ष कोई बदलाव नहीं किया गया था. परीक्षा कुल 720 अंकों की थी, जिसमें फिजिक्स, केमिस्ट्री, बॉटनी और जूलॉजी के चार खंड शामिल थे.
छात्रों को आंसर की का इंतजार
प्रत्येक सही उत्तर के लिए 4 अंक दिए जाते हैं, जबकि गलत उत्तर पर 1 अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू है. परीक्षा समाप्त होने के बाद अब छात्रों को आंसर की का इंतजार है, जिसे NTA जल्द जारी करेगा. इसके माध्यम से परीक्षार्थी अपने संभावित परिणाम का अनुमान लगा सकेंगे और आवश्यकता होने पर निर्धारित समय में आपत्ति भी दर्ज कर सकेंगे.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jaipur,Rajasthan



