घर का भेदी निकला भतीजा, पत्नी के साथ मिलकर 1.50 करोड़ का माल उड़ाया, पुलिस ऐसे खोला राज

Last Updated:July 05, 2026, 19:45 IST
Ajmer Theft Case Solved: अजमेर की आदर्श नगर थाना पुलिस ने डेढ़ करोड़ रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए पीड़ित के ही भतीजे मनीष खंडेलवाल और उसकी पत्नी डिप्टी खंडेलवाल को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने 1 जुलाई को घर की दूसरी चाबी से ताला खोलकर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे. पुलिस ने तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर दोनों को पकड़ा तथा चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया. मामले का खुलासा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) हिमांशु जांगिड़ ने किया. पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच में जुटी है.
ख़बरें फटाफट
अजमेर पुलिस ने डेढ़ करोड़ रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए पीड़ित के ही भतीजे उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया
अजमेर. राजस्थान के अजमेर की आदर्श नगर थाना पुलिस ने डेढ़ करोड़ रुपये की चोरी के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पीड़ित के ही भतीजे और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है. मामले का खुलासा एएससपी सिटी हिमांशु जांगिड़ ने किया. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले से बनाई गई योजना के तहत घर की दूसरी चाबी का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया था.आदर्श नगर निवासी गोपाल खंडेलवाल ने 1 जुलाई को अपने घर में हुई बड़ी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
शिकायत में बताया गया कि घर से बड़ी मात्रा में नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी हो गया है. चोरी गए माल की कुल कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए आदर्श नगर थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्य जुटाए. जांच के दौरान पुलिस का संदेह परिवार के ही सदस्य मनीष खंडेलवाल पर गया. पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मनीष और उसकी पत्नी डिप्टी खंडेलवाल को हिरासत में लिया.
दूसरी चाबी से खोला ताला
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मनीष खंडेलवाल, जो पीड़ित गोपाल खंडेलवाल का भतीजा है, ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची थी. दोनों ने घर की दूसरी चाबी का उपयोग कर बिना ताला तोड़े घर में प्रवेश किया और वहां रखे नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए. चूंकि ताला टूटा नहीं था, इसलिए शुरुआत में मामला काफी उलझा हुआ नजर आया.
पुलिस ने सारा माल किया बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया. बरामदगी में नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान शामिल है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में चोरी गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया गया है, जिससे पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है.
पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
एएससपी सिटी हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का सफल खुलासा किया है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं. फिलहाल पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Ajmer,Rajasthan



