शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा नहीं, सनवीर सिंह बने शेर-ए-पंजाब टी20 लीग के सबसे महंगे प्लेयर, फाजिल्का फाल्कन्स ने की पैसों की बरसात

होमखेलक्रिकेट
गिल-अभिषेक नहीं, सनवीर बने शेर-ए-पंजाब टी20 लीग के सबसे महंगे प्लेयर
Last Updated:August 10, 2026, 07:46 IST
शेर-ए-पंजाब टी20 लीग के लिए हुए पहले चरण की निलामी में ऑलराउंडर सनवीर सिंह सबसे महंगे खिलाड़ी बने हैं. सनवीर को फाजिल्का फाल्कन्स की टीम ने 13.20 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल किया है. लीग में हिस्सा लेने वाले स्टार खिलाड़ी शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ियों को मार्की प्लेयर के रूप में सिर्फ 10-10 लाख रुपए मिलेंगे.शेर ए पंजाब लीग में सनवीर सिंह बने सबसे महंगे खिलाड़ी
नई दिल्ली: ऑलराउंडर सनवीर सिंह आगामी शेर-ए-पंजाब टी20 लीग के लिए नीलामी के पहले चरण में सबसे महंगे खिलाड़ी रहे, जिन्हें फाजिल्का फाल्कन्स ने 13.20 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है. सनवीर को अब भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और टीम के मार्की खिलाड़ी शुभमन गिल के साथ फाजिल्का फाल्कन्स का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा.
पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) के अध्यक्ष अमरजीत सिंह मेहता ने कहा, ‘‘हमने पंजाब के मुख्यमंत्री के साथ मिलकर इस सपने को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत की है और अब यह पूरा होने के करीब है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हर क्रिकेटर का सपना मोहाली के पीसीए स्टेडियम में खेलने का होता है. इस लीग के माध्यम से पंजाब भर के खिलाड़ियों को इस प्रतिष्ठित मैदान पर खेलने, बहुमूल्य अनुभव हासिल करने और बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा.’’
नमन धीर और अमोलप्रीत सिंह पर भी लगी बड़ी बोली
नीलामी में अन्य प्रमुख खिलाड़ियों में नमन धीर को अमृतसर सूरमाज ने 10.80 लाख रुपये में खरीदा, जबकि अमोलप्रीत सिंह को मोहाली किंग्स ने 8.20 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा. हरनूर सिंह और अश्वनी कुमार को बठिंडा रॉयल्स ने सात-सात लाख रुपये में खरीदा, जबकि सुखदीप बाजवा को जालंधर वॉरियर्स ने छह लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया. हरप्रीत बराड़ को मोहाली किंग्स ने चार लाख रुपये, जबकि मयंक मार्कंडे को अमृतसर सूरमाज ने 1.50 लाख रुपये में खरीदा.
पंजाब क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित शेर-ए-पंजाब टी20 लीग राज्य स्तरीय टी20 प्रतियोगिता है. इसका उद्देश्य पंजाब के उभरते क्रिकेटरों को स्थापित खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है. लीग में पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें में फाजिल्का फाल्कन्स, अमृतसर सूरमाज, लुधियाना लायंस, जालंधर वॉरियर्स, मोहाली किंग्स और बठिंडा रॉयल्स शामिल है.
मार्की प्लेयर को मिलेंगे 10-10 लाख रुपए
आगामी सत्र में पंजाब के कई प्रमुख क्रिकेटर मार्की खिलाड़ियों के रूप में नजर आएंगे. इनमें शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह, रमनदीप सिंह और गुरनूर बराड़ शामिल हैं. सभी मार्की खिलाड़ियों को 10-10 लाख रुपये में टीमों ने अपने साथ जोड़ा है. टूर्नामेंट का आयोजन 30 अगस्त से 13 सितंबर तक किया जाएगा.
About the AuthorJitendra Kumar
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,Delhi
First Published :
August 10, 2026, 07:46 IST



