एक टीम, 19 साल और 279 मैच… विराट कोहली ने बनाया महारिकॉर्ड, आईपीएल के सबसे बड़े ‘सुल्तान’ बने

Last Updated:May 13, 2026, 22:39 IST
virat kohli scripts history: विराट कोहली ने आईपीएल 2026 में इतिहास रचते हुए एमएस धोनी और रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है.रायपुर में केकेआर के खिलाफ अपना 279वां मैच खेलकर वह लीग के सबसे कैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं. 19 सालों से केवल आरसीबी के लिए खेलने वाले कोहली दुनिया के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने सभी सीजन एक ही टीम के लिए खेले. अब उनकी नजरें टी20 क्रिकेट में 14,000 रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बनने पर टिकी हैं.
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में बुधवार की शाम केवल एक क्रिकेट मैच की गवाह नहीं बनी, बल्कि इतिहास के एक ऐसे अध्याय की गवाह बनी जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी. 13 मई 2026 की यह तारीख क्रिकेट के ‘किंग’ विराट कोहली (Virat Kohli) के नाम रही.जब कोहली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जर्सी पहनकर कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैदान पर उतरे, तो उन्होंने वह मुकाम हासिल कर लिया जो इंडियन प्रीमियर लीग के 19 साल के इतिहास में अब तक कोई नहीं कर पाया था.
विराट कोहली अब आईपीएल इतिहास के सबसे अधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. इस मैच के साथ ही उनके आईपीएल मैचों की संख्या 279 पहुंच गई है. उन्होंने भारतीय क्रिकेट के दो अन्य दिग्गजों महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है. धोनी और रोहित दोनों के नाम 278-278 आईपीएल मैच दर्ज हैं.
धोनी ने 2008 से 2025 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के लिए अपनी सेवाएं दीं, वहीं ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा ने डेक्कन चार्जर्स और मुंबई इंडियंस के लिए यह जादुई आंकड़ा छुआ था. लेकिन कोहली की उपलब्धि इन सबसे अलग और खास है. जहां अन्य खिलाड़ियों ने अलग-अलग फ्रेंचाइजी के साथ अपना सफर तय किया, वहीं विराट कोहली ने 2008 से लेकर 2026 तक यानी सभी 19 सीजन केवल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए ही खेले हैं. वह दुनिया के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने आईपीएल के हर सीजन में एक ही टीम का प्रतिनिधित्व किया है. 279 मैचों का यह सफर केवल आंकड़ों का नहीं, बल्कि एक शहर और एक टीम के प्रति अटूट वफादारी का प्रमाण है.
Add as Preferred Source on Google
एक ही टीम के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में कोहली के बाद वेस्टइंडीज के जादुई स्पिनर सुनील नरेन का नंबर आता है. नरेन रायपुर के इसी मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए अपना 199वां मैच खेल रहे हैं. इस सूची में कीरोन पोलार्ड (189 मैच, मुंबई इंडियंस) और जसप्रीत बुमराह (156 मैच, मुंबई इंडियंस) जैसे नाम भी शामिल हैं, लेकिन कोहली का 279 का आंकड़ा फिलहाल किसी की पहुंच से बहुत दूर नजर आता है.
विराट के बल्ले ने इन 279 मैचों में रनों का जो अंबार लगाया है, वह अविश्वसनीय है. उनके नाम अब 9040 रन दर्ज हो चुके हैं, जिसमें उनका औसत और स्ट्राइक रेट हमेशा की तरह विपक्षी गेंदबाजों के लिए खौफ का कारण बना रहा. सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, जरूरत पड़ने पर उन्होंने अपनी गेंदबाजी से भी टीम को 4 विकेट दिलाए हैं.
उनकी तुलना में धोनी ने 5439 रन बनाए हैं, जबकि रोहित शर्मा 7289 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. अन्य दिग्गजों की बात करें तो रवींद्र जडेजा 265 मैचों के साथ इस दौड़ में बने हुए हैं, जिन्होंने 178 विकेट भी चटकाए हैं. दिनेश कार्तिक और शिखर धवन जैसे अनुभवी खिलाड़ियों ने भी लंबी पारियां खेली हैं, लेकिन कोहली की निरंतरता उन्हें सबसे शीर्ष पर रखती है.
रायपुर का यह मैच एक और बड़े धमाके का इंतजार कर रहा है. मैच शुरू होने से पहले कोहली के खाते में 426 टी20 मैचों की 408 पारियों में कुल 13,922 रन दर्ज थे. इतिहास रचने के लिए उन्हें केवल 78 रनों की दरकार है. अगर आज कोहली का बल्ला चलता है और वह 78 रन बना लेते हैं, तो वह टी20 क्रिकेट में 14,000 रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे.
यह उपलब्धि केवल आईपीएल तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें अंतरराष्ट्रीय टी20 और अन्य घरेलू टी20 मैचों का योगदान भी शामिल है. कोहली का यह सफर दिखाता है कि कैसे एक युवा लड़का जो 2008 में बेंगलुरु की टीम से जुड़ा था, आज न केवल आईपीएल का बल्कि विश्व क्रिकेट का सबसे बड़ा ब्रांड बन चुका है.



