Panther Attack: घर के बाहर बैठी थी बुजुर्ग महिला, अचानक झपट पड़ा पैंथर; चेहरे पर लगाने पड़े 50 से ज्यादा टांके

Last Updated:November 01, 2026, 13:19 IST
Panther Attack In Banwara: बांसवाड़ा के सूरजकुंड गांव में घर के बाहर बैठी 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर अचानक पैंथर ने हमला कर दिया. हमले में महिला का चेहरा बुरी तरह जख्मी हो गया. गंभीर हालत में अस्पताल पहुंची महिला के चेहरे पर 50 से अधिक टांके लगाने पड़े। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है.पैंथर के हमले में महिला घायल
बांसवाड़ा. जिले में पैंथर के हमले की एक गंभीर घटना सामने आई है, कुशलगढ़ थाना क्षेत्र के सूरजकुंड गांव में घर के बाहर बैठी 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर अचानक पैंथर ने हमला कर दिया. हमले में पैंथर ने महिला के चेहरे को पंजों से बुरी तरह नोंच डाला, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. अचानक हुए इस हमले से महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला, घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, सूरजकुंड गांव निवासी कस्तूरी पत्नी नाथिया डामोर घर के बाहर बैठी हुई थी. इसी दौरान अचानक वहां पैंथर पहुंच गया और महिला पर झपट पड़ा. पैंथर ने महिला के चेहरे पर पंजों से कई वार किए, हमले में उसके चेहरे पर गहरे जख्म हो गए और वह खून से लथपथ हो गई, अचानक हुए हमले से महिला की चीख-पुकार मच गई.
महिला की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन
महिला की चीखें सुनकर घर के अंदर मौजूद परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लोगों के पहुंचने पर पैंथर वहां से भाग गया. इसके बाद परिजनों ने बिना देर किए घायल महिला को संभाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. महिला के चेहरे पर गंभीर चोटें होने के कारण उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई थी. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने तत्काल उसका उपचार शुरू किया.
चेहरे पर लगाने पड़े 50 से ज्यादा टांके
अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला के चेहरे पर हुए गहरे घावों का उपचार किया, पैंथर के पंजों से चेहरे पर कई गंभीर चोटें आई थी, जिसके चलते डॉक्टरों को 50 से अधिक टांके लगाने पड़े. प्राथमिक उपचार के बाद महिला को अस्पताल के वार्ड में भर्ती कर लिया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है.
पैंथर की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत
इस घटना के बाद सूरजकुंड गांव और आसपास के इलाकों में पैंथर की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल है. लोगों को अब घरों के बाहर निकलने और आसपास के क्षेत्रों में आवाजाही करने में भी डर लग रहा है. खासकर बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं. घर के बाहर बैठी बुजुर्ग महिला पर हुए इस हमले ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. ग्रामीणों में पैंथर के दोबारा हमले की आशंका बनी हुई है. गांव के लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए जंगली जानवरों की आवाजाही पर नजर रखना और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है. घटना ने एक बार फिर आबादी वाले इलाकों में वन्यजीवों की मौजूदगी और लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Banswara,Rajasthan
First Published :
November 01, 2026, 13:19 IST



