Rajasthan

PM मोदी दौरे से पहले पचपदरा में ट्रैफिक बदलाव, अलग-अलग मार्ग और पार्किंग तय, यहां चेक करें रूट चार्ट

बाड़मेर. बालोतरा जिले के पचपदरा में 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रिफाइनरी का लोकार्पण करेंगे. पचपदरा में आयोजित होने वाले रिफाइनरी शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस ने व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं. वीवीआईपी मूवमेंट और बड़ी संख्या में लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है. महानिरीक्षक पुलिस, जोधपुर रेंज सत्येंद्र सिंह ने बताया कि आमजन की सुविधा, सुरक्षा और ट्रैफिक जाम से बचाव के लिए अलग-अलग जिलों से आने वाले वाहनों के लिए अलग रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं.

कार्यक्रम के दौरान नेशनल हाईवे-25 और आस-पास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है, इसलिए पुलिस ने पहले से ही डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया है. प्रशासन का उद्देश्य है कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और वीआईपी मूवमेंट भी बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके. इसके लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल, ट्रैफिक पुलिस और मार्गदर्शन के लिए संकेतक भी लगाए जाएंगे.

बाड़मेर-जैसलमेर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए रूट

बाड़मेर और जैसलमेर की ओर से आने वाले वाहनों को बागुंडी चौराहा होते हुए नेशनल हाईवे-25 पर लाया जाएगा, जहां से उन्हें सभास्थल से पहले सांभरा माता मंदिर के सामने निर्धारित पार्किंग में खड़ा किया जाएगा. यहां छोटे वाहनों और मोटरसाइकिलों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जबकि बसों को हाईवे के दूसरी ओर पार्किंग स्थल पर खड़ा किया जाएगा.

उदयपुर, सिरोही और पाली से आने वाले वाहनों के लिए रूट

उदयपुर, सिरोही, जालोर और पाली से आने वाले वाहन सिवाना सर्किल, जसोल फांटा और खेड़ रोड होते हुए बागुंडी चौराहा पहुंचेंगे. वहां से उन्हें निर्धारित रूट के जरिए पार्किंग स्थल तक भेजा जाएगा. इसी तरह गुड़ामालानी और सिणधरी क्षेत्र से आने वाले वाहन मेगा हाईवे से कालूड़ी, तिलवाड़ा होते हुए बागुंडी मार्ग से सभास्थल तक पहुंचेंगे और तय पार्किंग में वाहन खड़े करेंगे.

जोधपुर, नागौर की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए रूट

जोधपुर, नागौर, अजमेर, ब्यावर और राजसमंद से आने वाले वाहनों के लिए पचपदरा बाईपास मार्ग तय किया गया है. इन वाहनों को ओवरब्रिज से होते हुए दानापानी होटल के पास वाई जंक्शन से डायवर्ट कर बसों और छोटे वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थलों तक पहुंचाया जाएगा. मोटरसाइकिलों के लिए भी अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं. वहीं फलौदी, शेरगढ़, बालेसर और थोब से आने वाले वाहन मेगा हाईवे होते हुए पचपदरा पहुंचेंगे और गुलाब सर्किल से आगे निर्धारित पार्किंग में भेजे जाएंगे. बालोतरा कस्बे से आने वाले वाहनों के लिए भी विशेष पार्किंग स्थल तय किया गया है, जहां वे अपने वाहन खड़े कर सकेंगे.

भारी वाहनों के लिए विशेष रूट डायवर्जन लागू रहेगा

कार्यक्रम के दौरान भारी वाहनों के लिए विशेष रूट डायवर्जन लागू रहेगा. बाड़मेर से जोधपुर जाने वाले ट्रक और टैंकर फलसुंड, गिड़ा, पाटोदी और नागाणा होते हुए जोधपुर भेजे जाएंगे. वहीं सिणधरी, गुड़ामालानी और धोरीमन्ना से आने वाले वाहन भारतमाला रोड का उपयोग करेंगे. जोधपुर से सांचौर और अन्य क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा.

प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को इस डायवर्जन से मुक्त रखा गया है और उनका आवागमन निर्बाध रहेगा. आमजन से अपील की गई है कि वे निर्धारित रूट का पालन करें, अनावश्यक भीड़ से बचें और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें. किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 100, 02988-220010 और 9530438083 जारी किए गए हैं.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj