1100 करोड़ की टनल में बारिश ने मचाई आफत, दरा में जलभराव से NH-52 पर लगा लंबा जाम, रात से फिर शुरू हुआ ट्रैफिक

Last Updated:August 13, 2026, 13:45 IST
Kota Heavy Rain: कोटा के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दरा की 1100 करोड़ रुपए की टनल में भारी बारिश के बाद करीब 3 फीट पानी भर गया. जलभराव के कारण एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित हुआ और दोनों तरफ करीब 4 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई. स्थिति को देखते हुए वाहनों को NH-52 की ओर डायवर्ट किया गया, जिससे दरा नाल के पास भी जाम लग गया. टनल में भरे पानी को पंपों की मदद से बाहर निकाला गया. इसके बाद रात 12 बजे से ट्यूब-1 में मुंबई की ओर से आने वाले वाहनों के लिए यातायात फिर शुरू कर दिया गया.
ख़बरें फटाफट
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 4 KM लंबा जाम, टनल में भरा 3 फीट पानी
कोटा: कोटा के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मुकंदरा की पहाड़ियों के बीच बनी 1100 करोड़ रुपये की टनल में अचानक भारी बारिश के चलते तीन फीट तक पानी भर गया. 11 और 12 अगस्त को हाड़ौती संभाग में हुई मुसलाधार बारिश ने इस आलीशान और तकनीक से लैस टनल के भीतर जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा कर दी. टनल के भीतर देखते ही देखते पानी जमा हो गया, जिससे वाहन चालकों के ब्रेक लग गए. देखते ही देखते एक्सप्रेसवे पर दोनों ओर लगभग चार किलोमीटर लंबा भयावह ट्रैफिक जाम लग गया. टनल के भीतर पानी भर जाने के कारण सुरक्षा के लिहाज से ट्रैफिक को तुरंत रोक दिया गया, जिससे दिल्ली और मुंबई की ओर आने-जाने वाले सैकड़ों यात्री बीच रास्ते में फंस गए.
हादसे और बड़े खतरे को टालने के लिए एनएचएआई और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला. बुधवार को मुंबई की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को पूरी तरह से एनएच-52 पर डायवर्ट कर दिया गया. हालांकि, अचानक बढ़े गाड़ियों के दबाव के कारण कोटा-झालावाड़ एनएच-52 स्थित दरा की नाल में भयंकर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं और भीषण गर्मी व उमस के बीच यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा. बसों, ट्रकों और निजी गाड़ियों में सवार लोग ट्रैफिक खुलने का बेसब्री से इंतजार करते नजर आए.
टनल से पानी निकालने का अभियानस्थिति की गंभीरता को देखते हुए एक्सप्रेसवे के रख-रखाव से जुड़ी टीमों और प्रशासनिक अमले ने टनल स्थल पर बड़े-बड़े हैवी-ड्यूटी पंप तैनात किए. टनल के भीतर भरे पानी को बाहर निकालने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया. इंजीनियरों और तकनीशियनों की पूरी टीम रात-दिन पानी की निकासी में जुटी रही, ताकि एक्सप्रेसवे पर यातायात को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके. पानी का स्तर धीरे-धीरे कम होने के बाद सड़क की सुरक्षा जांच की गई और मलबे तथा गाद को साफ किया गया.
मुकंदरा टनल में फिर शुरू हुआ सफरघंटों चले राहत अभियान के बाद देर रात स्थिति नियंत्रण में आ गई. रात 12 बजे से टनल के ट्यूब-1 को मुंबई की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए सुरक्षित घोषित कर चालू कर दिया. टनल खुलते ही लंबे समय से फंसे यात्रियों ने राहत की सांस ली और एक्सप्रेसवे पर गाड़ियों की रफ्तार फिर से लौटने लगी. फिलहाल ट्यूब-1 से यातायात शुरू हुआ है. हालांकि, मौसम के अनिश्चित मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले सभी यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले रूट की ताज़ा स्थिति की जानकारी जरूर जुटा लें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही इस मार्ग का चयन करें.
About the AuthorJagriti Dubey
मेरा नाम जागृति दुबे है. मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में पिछले 6 वर्षों से सक्रिय हूं. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को मैंने वर्ष 2019 में GBN 24 न्यूज़ चैनल से इंटर्नशिप के साथ शुरुआत देकर एक पेशेव…
और पढ़ेंFirst Published :
August 13, 2026, 13:45 IST



