शकीरा के गानों पर थिरका थार, राजस्थानी कलाकारों ने ‘Hips Don’t Lie’ और ‘Waka Waka’ को दिया देसी तड़का

Last Updated:August 19, 2026, 14:08 IST
Shakira Songs Rajasthan Artists: राजस्थानी कलाकारों ने शकीरा के सुपरहिट गानों ‘Hips Don’t Lie’ और ‘Waka Waka’ को अपने लोक अंदाज में पेश कर तहलका मचा दिया. इस्माइल लांगा ग्रुप ने अंग्रेजी सीखने में दो साल मेहनत की. अब थार की मिट्टी, राजस्थानी सुर और ग्लोबल म्यूजिक का अनोखा संगम देश-दुनिया का ध्यान खींच रहा है.
ख़बरें फटाफट
जोधपुर: दुनियाभर में मशहूर पॉप स्टार शकीरा के गानों का क्रेज अब राजस्थान के लोक कलाकारों के बीच भी देखने को मिल रहा है. शकीरा के हिट गाने ‘हिप्स डोंट लाई’ को इस्माइल लांगा ग्रुप ने राजस्थानी लोक संगीत के रंग में ढालकर नया रूप दिया है. पारंपरिक वाद्ययंत्रों, लोकधुन और मरुधरा की गायकी के साथ तैयार किया गया यह फ्यूजन सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है.
खास बात यह है कि यह पहली बार नहीं है जब ग्रुप ने शकीरा के किसी गाने को अपने अंदाज में पेश किया हो. इससे पहले उनका ‘वाका वाका’ का राजस्थानी अंदाज भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. इस्माइल लांगा ग्रुप राजस्थान के लोक कलाकारों का समूह है, जो पारंपरिक संगीत को नए प्रयोगों के साथ युवाओं और डिजिटल दर्शकों तक पहुंचाने के लिए जाना जाता है.
बस में बनी एक रील से आया आइडियाग्रुप के क्रिएटिव डायरेक्टर जागीरदार आरवी के मुताबिक, 3 मार्च को सफर के दौरान उन्होंने शकीरा के ‘वाका वाका’ गाने पर एक छोटी रील बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी. रील को लोगों ने खूब पसंद किया और यहीं से शकीरा के दूसरे गाने को राजस्थानी अंदाज में पेश करने का विचार आया. इसके बाद ग्रुप ने ‘हिप्स डोंट लाई’ पर काम शुरू किया. कलाकारों ने मूल गाने की पहचान और धुन को बरकरार रखते हुए उसमें राजस्थानी लोक संगीत का तड़का लगाया. इससे पहले ‘वाका वाका’ के उनके वीडियो में ढोलक, खड़ताल और राजस्थानी गायकी के साथ ‘खम्मा घणी’ और ‘वेलकम टू राजस्थान’ जैसे स्थानीय रंग भी देखने को मिले थे.
पढ़े-लिखे नहीं, फिर भी अंग्रेजी गाने के एक-एक शब्द को सीखाइस्माइल खान लांगा बताते हैं कि वे शकीरा के बड़े प्रशंसक हैं.उनके लिए अंग्रेजी में गाना गाना आसान नहीं था. उन्होंने बताया कि पढ़ाई नहीं होने और अंग्रेजी के शब्दों से ज्यादा परिचित नहीं होने के बावजूद उन्होंने गाने को सीखने की ठानी. ‘हिप्स डोंट लाई’ के एक-एक शब्द को समझने और सही उच्चारण के साथ गाने में उन्हें करीब दो साल तक मेहनत करनी पड़ी. उनके creative director जागीरदार RV ने लगातार उनके साथ अभ्यास किया और गाने का हर शब्द सिखाया. इसी मेहनत और लगन का नतीजा है कि आज वे राजस्थानी लोक संगीत के साथ अंतरराष्ट्रीय पॉप गानों को भी अपनी आवाज में पेश कर रहे हैं.
60 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा वीडियोइस्माइल लांगा ग्रुप की लोकप्रियता सोशल मीडिया पर लगातार बढ़ रही है. इस्माइल खान के मुताबिक, उनके वीडियो को इंस्टाग्राम पर 60 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. ग्रुप का ‘इस्माइल लांगा ऑफिशियल’ नाम से यूट्यूब चैनल भी है, जहां वे अपने लोक संगीत और नए प्रयोगों से जुड़े वीडियो साझा करते हैं. कलाकारों की सबसे बड़ी इच्छा अब अपनी पसंदीदा गायिका शकीरा से मिलने की है. उनका कहना है कि अगर कभी शकीरा से मुलाकात हुई तो उनके साथ एक सेल्फी लेना उनके लिए सबसे खास पल होगा. ग्रुप के शकीरा फ्यूजन को सोशल मीडिया पर मिल रही प्रतिक्रिया यह भी दिखाती है कि भारतीय लोक संगीत अंतरराष्ट्रीय धुनों के साथ जुड़कर नई पीढ़ी तक आसानी से पहुंच सकता है.
राजस्थानी लोक संगीत को युवाओं और दुनिया तक पहुंचाना है मकसदग्रुप के सदस्य बताते हैं कि इस सफलता का श्रेय किसी एक कलाकार को नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत को जाता है. कलाकारों ने अपनी सीमाओं से आगे बढ़कर नए गाने सीखे और लगातार अभ्यास किया. उनका उद्देश्य केवल वायरल वीडियो बनाना नहीं, बल्कि राजस्थानी लोक संगीत को नए अंदाज में युवाओं तक पहुंचाना है. टीम आने वाले समय में कई नए म्यूजिक प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रही है. उनका मानना है कि अगर राजस्थानी लोकधुन को आधुनिक और लोकप्रिय संगीत के साथ जोड़ा जाए तो युवा पीढ़ी भी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ सकती है. शकीरा के ‘वाका वाका’ से शुरू हुआ यह सफर अब ‘हिप्स डोंट लाई’ तक पहुंच चुका है और थार के सुरों का यह नया अंदाज लगातार लोगों का दिल जीत रहा है.
About the AuthorJagriti Dubey
मेरा नाम जागृति दुबे है. मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में पिछले 6 वर्षों से सक्रिय हूं. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को मैंने वर्ष 2019 में GBN 24 न्यूज़ चैनल से इंटर्नशिप के साथ शुरुआत देकर एक पेशेव…
और पढ़ेंLocation :
Jodhpur,Rajasthan
First Published :
August 19, 2026, 14:08 IST



