‘याद आ गए कॉलेज वाले दिन’, देहरादून में चला इमरान हाशमी का जादू, दर्शक बोले- पैसा वसूल मूवी

देहरादून. स्वतंत्रता दिवस के दिन देहरादून के सिनेमाघरों में जबरदस्त चहल-पहल देखने को मिली. देहरादून के सिनेमाघरों में रिलीज के दूसरे दिन भी इमरान हाशमी की फिल्म आवारापन-2 देखने वाले दर्शकों की भीड़ दिखी. 15 अगस्त और वीकेंड की छुट्टी के चलते भी लोग फिल्म देखने पहुंचे. हालांकि इस समय सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ भी रिलीज की गई, लेकिन इमरान हाशमी के फैंस की दीवानगी के आगे इस फिल्म को दर्शकों का कम रिपॉन्स मिला. आवारापन-2 के टिकटों की मारामारी रही. 19 साल बाद फिल्म के रीमेक के साथ इमरान हाशमी का उसी किरदार में कमबैक देखने लोग उमड़ पड़े. कई लोगों को अपने स्कूल-कॉलेज के दिन याद आए तो कुछ लोगों को टिकट ही नहीं मिले.
दीवानगी की गवाही
इमरान हाशमी स्टारर ‘आवारापन 2’ रिलीज के दूसरे दिन भी बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा बनाए हुए है. छुट्टी के दिन शहर के सभी सिनेमाघरों में सुबह से ही दर्शकों की भारी भीड़ जुटने लगी. भले ही इसके साथ सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ भी सिनेमाघरों में उतरी, लेकिन देहरादून में इमरान हाशमी का जलवा साफ दिखा. लगभग 19 साल बाद फिल्म के इस बहुप्रतीक्षित सीक्वल के जरिए इमरान हाशमी को उनके आइकॉनिक किरदार में वापस देखना दर्शकों के लिए एक बड़ा सरप्राइज रहा. जब फिल्म का ट्रेलर सामने आया था तभी से सोशल मीडिया पर इसको लेकर जबरदस्त माहौल बन गया था. ट्रेलर में इमरान का वही डार्क, इंटेंस लुक और दमदार डायलॉग डिलीवरी देखकर फैंस थिएटर्स का रुख करने से खुद को रोक नहीं पाए. देहरादून के मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन थिएटरों के बाहर फैंस की लंबी कतारें इमरान की इसी दीवानगी की गवाही दे रही हैं.
फ्लैश बैक में पहुंचाता “तो फिर आओ”
फिल्म देखने पहुंचे दर्शकों ने बताया कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है बल्कि यह उनके इमोशन से जुड़ी फिल्म है. फिल्म आवारापन 2 उनके लिए अपनी पुरानी यादों में लौटने का जरिया भी बन गई है. आर्य ने लोकल 18 को बताया कि उनकी लव मैरिज हुई है. वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ यह फिल्म देखने के लिए आए हैं. इससे पहले इमरान हाशमी की 2007 में आई फिल्म ‘आवारापन’ ने उन्होंने अपने पार्टनर के साथ देखी थी. कपल्स के लिए यह फिल्म बेहतरीन है. एक गैंगस्टर की लव स्टोरी और अपने प्यार के लिए वही जुनून इस फिल्म में भी देखने के लिए मिला है. इस फिल्म में वही पुराना गाना “तो फिर आओ” फ्लैश बैक में पहुंचाता है. इस सीक्वल को देखकर स्कूल-कॉलेज के दिन याद आ गए.
खींच लाया शूटिंग लोकेशन
फिल्म देखने आई वर्षा ने बताया कि साल 2007 में वह स्कूल में थीं और लीड के जरिए इमरान हाशमी के सारे गाने सुनती थी. वह जमाना ही कुछ और था. उन्होंने अपनी प्ले लिस्ट इमरान हाशमी के गानों से भरी हुई. अब उनकी शादी हो गई है तो वह अपने पति के साथ अपने फेवरेट एक्टर की फिल्म देखने के लिए आई हैं. वर्षा कहती हैं कि सोशल मीडिया पर उन्होंने देखा था कि इस फिल्म की शूटिंग हरिद्वार और देहरादून में हुई है, इसलिए वह सीन भी उन्हें देखने का मन था, जो उन्हें यहां आने के लिए मजबूर कर रहा था.
3 चीजों ने जीता दिल
दर्शकों की मानें तो फिल्म की खासियत इसका सस्पेंस, दमदार कहानी और इसका ओरिजिनल फील बरकरार रखना है. मनोज ने बताया कि उन्हें इमरान हाशमी की एक्टिंग में रोमांस काफी ज्यादा पसंद है, उनके गाने भी हिट रहते हैं. बड़े पर्दे पर देखने का अलग ही मजा है. फिल्म का ट्रेलर काफी पसंद आया था, उसे देखकर ही फिल्म देखने आए हैं. मनोज के मुताबिक, एक तरफ इमरान हाशमी का एग्रेसिव रोल और दूसरी तरफ दिशा पटनी के साथ रोमांटिक सीन, डायलॉग और एक्शन इस फिल्म में जान डालते हैं.
पुरानी फिल्मों का नॉस्टैल्जिया
15 अगस्त के स्पेशल ऑकेजन पर शहर के सिनेमाघरों में भीड़ का आलम यह रहा कि देहरादून के ज्यादातर शो दोपहर तक पूरी तरह पैक हो चुके थे. कई उत्साही फैंस जो काफी उम्मीद लेकर थिएटर्स पहुंचे थे, उन्हें टिकट न मिलने के चलते मायूस होकर लौटना पड़ा. थिएटर्स के बाहर ‘हाउसफुल’ के बोर्ड लटके नजर आए और लोग अगले दिन के शो के लिए एडवांस बुकिंग कराते दिखे. मोहम्मद आफाक ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ फिल्म देखने के लिए आए थे लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिल पाई, इसलिए अब वह दूसरे सिनेमाघर में ट्राई करेंगे. आशु ने बताया कि टिकट न मिलने से उन्हें लौटना पड़ रहा है. नितिन कक्कड़ के निर्देशन और विशेष भट्ट के प्रोडक्शन में बनी ‘आवारापन 2’ ने साबित कर दिया है कि इमरान हाशमी की पुरानी फिल्मों का नॉस्टैल्जिया आज भी दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है.



