Ripe Banana Sweet Recipe I फटाफट बनाएं पके केले की मिठाई, स्वाद भी लाजवाब और मेहनत भी कम

Last Updated:September 08, 2026, 15:51 IST
Ripe Banana Sweet Recipe: पके केले अक्सर ज्यादा पकने के बाद फेंक दिए जाते हैं, लेकिन इनसे घर पर बेहद स्वादिष्ट मिठाई तैयार की जा सकती है. घी, चीनी, इलायची और मेवों से बनने वाली यह मिठाई कम समय और कम सामग्री में तैयार हो जाती है. शाम की चाय या भोजन के बाद मीठे के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प है.
भीलवाड़ा. अगर आप घर पर कुछ मीठा और टेस्टी बनाने की सोच रहे हैं लेकिन इसके लिए ज्यादा समय और मेहनत नहीं करना चाहते तो पके केले की मिठाई एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है. इस मिठाई को बनाने में ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती और इसे घर में आसानी से उपलब्ध चीजों से तैयार किया जा सकता है. खास बात यह है कि पके केले का इस्तेमाल होने से इसका स्वाद भी काफी अच्छा आता है. अक्सर घर में केले ज्यादा पक जाने के बाद लोग उन्हें खाना पसंद नहीं करते और कई बार ये केले खराब भी हो जाते हैं. ऐसे में इन पके केलों का इस्तेमाल मिठाई बनाने में किया जा सकता है, इससे खाने की चीज बर्बाद होने से भी बच जाती है और परिवार के लिए स्वादिष्ट मीठा व्यंजन भी तैयार हो जाता है.
भीलवाड़ा शहर के रहने वाले मंजू देवी ने बताया कि पके केले की मिठाई बनाने के लिए सबसे पहले केले को छीलकर एक बर्तन में अच्छी तरह से मैश कर लें. केले जितने ज्यादा पके होंगे, मिठाई का स्वाद उतना ही अच्छा आएगा. इसके बाद एक कड़ाही में थोड़ा सा घी डालकर उसे हल्का गर्म करें. अब इसमें मैश किए हुए केले डालकर धीमी आंच पर चलाते हुए पकाएं. केले को लगातार चलाते रहना जरूरी है, ताकि मिश्रण कड़ाही के तले में चिपके नहीं. कुछ देर पकाने के बाद केले का मिश्रण थोड़ा गाढ़ा होने लगेगा. अब इसमें स्वाद के अनुसार चीनी डाली जा सकती है, अगर केले पहले से बहुत ज्यादा मीठे हैं तो चीनी की मात्रा कम रखी जा सकती है. मिठाई को और स्वादिष्ट बनाने के लिए इसमें इलायची पाउडर और कटे हुए काजू, बादाम या दूसरे पसंदीदा मेवे भी डाले जा सकते हैं. सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर कुछ देर धीमी आंच पर पकाएं. जब मिश्रण कड़ाही छोड़ने लगे और अच्छी तरह गाढ़ा हो जाए तो गैस बंद कर दें.
तैयार मिश्रण को हल्का ठंडा होने दें, इसके बाद इसे मनचाहा आकार दिया जा सकता है. आप चाहें तो इसे छोटे-छोटे पेड़े की तरह बना सकते हैं या फिर प्लेट में फैलाकर ठंडा होने के बाद टुकड़ों में काट सकते हैं. ऊपर से मेवे डालकर इसे सजाया जा सकता है. पके केले की यह मिठाई खासतौर पर उन लोगों के लिए बेस्ट है जो कम समय में घर पर कुछ मीठा तैयार करना चाहते हैं. इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी सामान्य होती है इसलिए इसके लिए बाजार से ज्यादा सामान लाने की जरूरत नहीं पड़ती. शाम की चाय के साथ या भोजन के बाद मीठे के तौर पर इसे परोसा जा सकता है कम मेहनत और कम समय में तैयार होने वाली यह मिठाई स्वाद के साथ-साथ पके केलों के बेहतर इस्तेमाल का भी अच्छा तरीका है.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Bhilwara,Rajasthan
First Published :
September 08, 2026, 15:51 IST



