Sikar Massacre Case। Deadly Attack on Family in Tihawali Village Fatehpur Area। सीकर ताजा समाचार

Last Updated:May 04, 2026, 10:11 IST
Sikar Latest News : सीकर के रामगढ़ शेखावाटी इलाके के तिहावली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर रविवार रात को कत्ल-ए-आम मचा दिया गया. यहां हमलावरों ने सोते हुए एक परिवार पर जानलेवा हमला एक शख्स को मौत के घाट उतार दिया. आरोपियों ने मृतक की मां का पैर काट दिया. वहीं उसके बेटे की हालात बेहद गंभीर बनी हुई है. पत्नी को भी बुरी तरह से जख्मी कर दिया. हमले के बाद पीड़ितों ने पुलिस को फोन किया लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंची. वारदात के बाद तिहावली में सन्नाटा पसरा हुआ है. 
हमले में घायल हुई महिला और अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
सीकर. सीकर जिले के रामगढ़ शेखावाटी थाना इलाके के तिहावली गांव से बड़ी खबर सामने आई है. यहां पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया गया. हमले के समय पीड़ित परिवार सो रहा था. इस हमले में परिवार के मुखिया की क्रूरतापूर्वक हत्या कर दी गई है. उसकी पत्नी, बेटे और मां को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. इनमें से मृतक के बेटे की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. उसे जयपुर रैफर किया गया है. आरोपियों ने मृतक की मां का पैर काट दिया. वारदात के बाद तीन घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची.
हमले का आरोप गांव के सरपंच प्रतिनिधि और उसके परिवार पर लगा है. इस हत्याकांड में गांव का ही एक पुलिसकर्मी भी शामिल बताया जा रहा है. वह झुंझुनूं जिले में तैनात है. बड़ी बात यह है कि वारदात के बाद 3 घंटे तक भी आरोपी सरपंच प्रतिनिधि और उसके परिवार के लोग घर के बाहर खड़े होकर सभी को धमकाते रहे. इसके कारण किसी भी घर से कोई भी बाहर नहीं निकला. पीड़ित परिवार ने रामगढ़ पुलिस थाने में बार-बार सूचना दी लेकिन 3 घंटे तक पुलिस भी मौके पर नहीं आई. बाद में घायल लोगों ने अपने रिश्तेदारों को फोन किया. वे करीब 20 किलोमीटर दूर गांव से वहां पर पहुंचे और सभी को अस्पताल पहुंचाया. लेकिन तब तक घर के मुखिया प्रकाश सिंह की मौत हो चुकी थी.
आरोपी भी मृतक परिवार से ताल्लुक रखता हैजानकारी के अनुसार तिहावली गांव में रविवार रात को प्रकाश सिंह और उसके परिवार के लोग खाना खाकर घर में सो रहे थे. आरोप है उसी दौरान सरपंच प्रतिनिधि ओम सिंह और उसके परिवार के लोगों ने सभी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया. इसमें प्रकाश सिंह, उसका बेटा अभिजीत, मां नैन कंवर और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं. ओम सिंह गांव का सरपंच प्रतिनिधि है. प्रकाश सिंह ने उसकी गड़बड़ी की शिकायत की थी. इसी वजह से वह उससे रंजिश रखने लग गया. इसी रंजिश कारण प्रकाश सिंह और उसके परिवार पर हमला किया गया. आरोपी भी उनके परिवार से ही ताल्लुक रखता है.
देरी से पहुंची पुलिस बोली-आरोपी फरार हो गए
परिजनों ने हमला करते ही रामगढ़ थाने में फोन किया लेकिन पुलिस बार-बार टालती रही और 3 घंटे तक मौके पर नहीं आई. बाद में रिश्तेदारों ने मौके पर पहुंचकर सभी को अस्पताल पहुंचाया. उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और प्रकाश सिंह की मौत हो गई. इसके बाद फतेहपुर सदर और कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस का कहना है कि सभी बदमाश फरार हैं. उनकी तलाश की जा रही है. वारदात के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है.About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Sikar,Sikar,Rajasthan



