राजस्थान का मौसम: राजस्थान में मावठ के बाद बढ़ी ठिठुरन, घना कोहरा, पाला और शीतलहर ने इन 10 शहरों में बढ़ाई मुश्किलें

Rajasthan Weather Update: सर्द हवाओं से राजस्थान में मौसम का मिजाज बदला हुआ देखने को मिल रहा है. मावठ गुजरने के बाद प्रदेश में कड़ाके की सर्दी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. 10 से ज्यादा जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ. सुबह-शाम ही नहीं बल्कि दिन और रात में भी ठंड का तीखा असर महसूस किया गया. कई इलाकों में सुबह से ही आसमान में हल्के से घने बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं. कड़ाके की सर्दी के चलते खुले मैदानों, खेतों, वाहनों की छतों, सोलर प्लेटों और पेड़-पौधों की पत्तियों पर बर्फ की सफेद परत नजर आई. ग्रामीण इलाकों में फसलों पर पाला जमने के संकेत भी दिखे. ठंड से बचने के लिए लोग भारी ऊनी कपड़ों में लिपटे नजर आए और शहरों व गांवों में जगह-जगह अलाव तापते हुए दिखाई दिए.
घने कोहरे ने सबसे ज्यादा परेशानी खड़ी की. प्रदेश के अधिकतर हिस्से सुबह करीब 9 बजे तक कोहरे की चादर में लिपटे रहे. अलवर, उदयपुर, जयपुर, जोधपुर, नागौर, डीडवाना-कुचामन, सीकर सहित कई जिलों में दृश्यता काफी कम रही. जयपुर और जोधपुर एयरपोर्ट पर भी कोहरे का असर देखने को मिला, जिससे कुछ उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा. मौसम विभाग की डेली डाटा रिपोर्ट के अनुसार रविवार को प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा. तापमान की बात करें तो राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सीकर के फतेहपुर में 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. प्रदेश में आर्द्रता का औसत स्तर 50 से 90 प्रतिशत के बीच रहा, जिससे ठंड का असर और ज्यादा महसूस हुआ.
मुख्य जिलों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान
राज्य में अधिकतम तापमान अजमेर में 18.2, जयपुर में 18.0, अलवर में 18.5, सीकर में 18.0, कोटा में 17.6, चित्तौड़गढ़ में 22.6, जोधपुर में 22.8, जैसलमेर में 22.5, जालौर में 22.7, बीकानेर में 19.2, चूरू में 16.9, श्रीगंगानगर में 18.2 और माउंट आबू में 17.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो अजमेर में 7.3, जयपुर में 8.2, अलवर में 4.4, सीकर में 3.2, माउंट आबू में 3.6, सिरोही में 5.0, झुंझुनूं में 5.9, करौली में 6.1 और फतेहपुर (सीकर) में 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
अगले दो-तीन दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा. हालांकि अगले 2 से 3 दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. साथ ही न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है. खासतौर पर उत्तरी राजस्थान में शीतलहर चलने के आसार हैं. अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री नीचे रह सकता है, जिससे कहीं-कहीं शीतदिन की स्थिति भी बन सकती है.
राजस्थान के शहरों की वायु गुणवत्ता
जयपुर में लगभग 169–182 AQI रहा. यहां सांस लेने में लोगों को परेशानी हो सकती है, खासकर संवेदनशील लोगों को थोड़ी सावधानी बरतनी पड़ेगी. जोधपुर में लगभग 183 रहा. यहां हवा में कण अधिक होने के कारण वायु गुणवत्ता गिरी है. उदयपुर में लगभग 163 AQI रहा और हवा में पीएम 2.5 एवं पीएम 10 कण बढ़े हुए हैं. वहीं बीकानेर लगभग 134–144 AQI रहा. यहां भी लोगों को भी बाहरी गतिविधियां सीमित रखने की जरूरत है.



