पंजाब के शेरों पर भारी पड़े राजस्थान के रॉयल्स, सीजन का पहला मैच हारी प्रीति जिंटा की टीम

होमखेलक्रिकेट
पंजाब के शेरों पर भारी पड़े राजस्थान के रॉयल्स, पहला मैच हारी अय्यर की टीम
Last Updated:April 28, 2026, 23:07 IST
rajasthan royals beat Punjab kings: राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2026 की पहली टीम बनी है, जिसे पंजाब किंग्स को इस सीजन में हराया है. अपने घरेलू मैदान पर खेलने उतरी श्रेयस अय्यर की पंजाब किंग्स को राजस्थान रॉयल्स ने 6 विकेट से हराया. पंजाब को इस हार अंकतालिका में नुकसान नहीं हुआ है. टीम पहले स्थान पर कायम है. वहीं, राजस्थान रॉयल्स को अपनी छठी जीत का फायदा मिला है, जिससे टीम तीसरे स्थान पर पहुंच गई है.
राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को हराया.
नई दिल्ली. राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को उसी के घर में शिकस्त देकर आईपीएल 2026 की पहली हार का स्वाद चखाया. मुल्लांपुर में आईपीएल 2026 का 40वां मुकाबला खेलने उतरी श्रेयस अय्यर की टीम को राजस्थान रॉयल्स ने 6 विकेट से हरा दिया. टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने 222 रन का स्कोर बनाया था. 223 रन का लक्ष्य राजस्थान रॉयल्स ने चार विकेट खोकर 19.2 ओवर में हासिल कर लिया. इसके साथ ही राजस्थान ने अपने नाम मुल्लांपुर में सबसे बड़े सफल रन चेज का रिकॉर्ड भी नाम कर लिया. हालांकि, पंजाब को इस हार से अंकतालिका में नुकसान नहीं हुआ है, क्योंकि टीम अभी भी 13 अंक के साथ पहले स्थान पर कायम है. वहीं, राजस्थान रॉयल्स छठी जीत के साथ 12 अंक लेकर तीसरे नंबर पर पहुंच चुकी है.
यशस्वी-फरेरा ने राजस्थान के लिए जड़े अर्धशतकयशस्वी जायसवाल और डोनोवन फरेरा ने राजस्थान रॉयल्स की इस जीत में अहम भूमिका निभाई. इन दोनों बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक ठोके. यशस्वी ने 27 गेंदों में 51 रन बनाए, जबकि फरेरा 26 गेंदों में 52 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिलाकर ही लौटे. फरेरा के बल्ले से ही विनिंग सिक्स आया. इन दोनों के अलावा वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों में 43 रन की पारी खेलकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई. शुभम दुबे ने भी 12 गेंदों में 31 रन की तूफानी नॉटआउट पारी खेलकर महत्वपूर्ण योगदान दिया.
राजस्थान रॉयल्स ने रोका पंजाब किंग्स का विजयरथ.
वैभव ने दिलाई तूफानी शुरुआतलक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने तूफानी शुरुआत दिलाई. सूर्यवंशी ने अर्शदीप सिंह की लगातार गेंदों पर छक्के और दो चौकों से खाता खोलने के बाद अगले ओवर में लॉकी फर्ग्युसन की लगातार गेंदों पर चौका और दो छक्के मारे. सूर्यवंशी ने अर्शदीप के अगले ओवर में भी छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर मिड ऑफ से पीछे की ओर दौड़ते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर ने उनका कैच लपका. उन्होंने 16 गेंद का सामना करते हुए पांच छक्के और तीन चौके मारे.
वैभव सूर्यवंशी ने खेला हेलीकॉप्टर शॉट.
सूर्यवंशी के आउट होने के बाद जायसवाल ने तेवर दिखाए. उन्होंने अर्शदीप के इसी ओवर में लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का मारा और फिर फर्ग्युसन पर दो चौके जड़े. रॉयल्स ने पावरप्ले में एक विकेट पर 84 रन बनाए. जायसवाल ने बाएं हाथ के स्पिनर हरप्रीत बरार पर चौके के साथ नौवें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया. हालांकि, ध्रुव जुरेल 20 गेंद में 16 रन बनाने के बाद लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (36 रन पर तीन विकेट) की गेंद पर यानसेन को कैच दे बैठे. कप्तान रियान पराग (29) ने चहल पर चौके से खाता खोला और फिर बरार पर रिवर्स स्वीप से छक्का जड़ा. जायसवाल ने चहल पर चौके के साथ 26 गेंद में अर्धशतक पूरा किया लेकिन अगली गेंद पर सूर्यांश शेडगे को कैच दे बैठे. पराग ने भी चहल की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा लेकिन इसी ओवर में डीप मिडविकेट पर शेडगे को कैच दे बैठे.
5 ओवर में चाहिए थे 58 रनरॉयल्स को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 58 रन की दरकार थी. शुभम दुबे ने यानसेन की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके के साथ रन गति में इजाफा किया लेकिन फर्ग्युसन के अगले ओवर में सिर्फ आठ रन बने. फरेरा ने 18वें ओवर में अर्शदीप की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा जबकि अंतिम गेंद पर दुबे ने भी छक्का जड़ा जिससे अंतिम ओवर में रॉयल्स को 18 रन की जरूरत थी. फरेरा ने इसके बाद फर्ग्युसन पर दो चौकों और एक छक्के से रॉयल्स का पलड़ा भारी किया और फिर यानसेन पर छक्के के साथ 26 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और टीम को जीत दिलाई. इस छक्के से राजस्थान का स्कोर 228/4 हो गया.
प्रभसिमरन सिंह ने 35 गेंदों में बनाई फिफ्टी.
पंजाब के लिए प्रभसिमरन-स्टोइनिस ने जमाई फिफ्टीइससे पहले बल्लेबाजी करने हुए पंजाब किंग्स ने पावरप्ले में एक विकेट पर 65 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की. प्रभसिमरन ने जोफ्रा आर्चर पर चौके से खाता खोला जबकि प्रियांश आर्य (29) ने बर्गर की लगातार गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का मारा. प्रियांश ने अगले ओवर में आर्चर पर भी दो चौके जड़े लेकिन फिर बर्गर को आसान कैच दे बैठे. कोनोली ने यश का स्वागत लगातार दो छक्कों के साथ किया और फिर रविंद्र जडेजा की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया. हालांकि, कोनोली यश के अगले ओवर में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑफ पर डोनोवन फरेरा को आसान कैच दे बैठे. प्रभसिमरन ने यश पर चौके के साथ नौवें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया और फिर जडेजा की गेंद पर एक रन के साथ 35 गेंद में मौजूदा सत्र का अपना चौथा अर्धशतक पूरा किया.
स्टोइनिस ने 22 गेंदों में बनाए 62 रन.
अय्यर ने भी धीमी शुरुआत के बाद यश पर छक्का जड़ा, लेकिन प्रभसिमरन इस लेग स्पिनर की गेंद को हवा में लहराकर कप्तान रियान पराग को आसान कैच दे बैठे. मार्कस स्टोइनिस ने 18वें ओवर में बर्गर की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा लेकिन अय्यर गेंद को हवा में लहराकर विकेटकीपर ध्रुव जुरेल को कैच दे बैठे. स्टोइनिस ने अगले ओवर में आर्चर पर लगातार दो छक्के जड़े और फिर पारी के अंतिम ओवर में बृजेश शर्मा की लगातार गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों के साथ 20 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और साथ ही टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया. इस हार के बाद पंजाब की टीम जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी.
About the AuthorShivam Upadhyay
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
April 28, 2026, 23:07 IST



