Rajasthan

जोधपुर में एक बार फिर धमाके जैसी आवाज, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल; फाइटर जेट की बताई गई आवाज

जोधपुर. शहर में बुधवार की रात करीब 10 बजे के बाद अचानक तेज धमाके जैसी आवाज से हड़कंप मच गया. लूनी थाना हल्का, विवेक विहार, सालावास और नंदवान सहित कई इलाकों में लोगों को जोरदार कंपन जैसी आवाज महसूस हुआ. लोगों के घरों की खिड़कियां और दरवाजे हिल गए, बर्तनों तक में टनटनाहट सुनाई दी. अचानक हुए इस तेज धमाके के बाद लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और सड़क पर जमा हो गए.

स्थानीय निवासियों के अनुसार, आवाज इतनी तेज थी कि उन्हें पहले लगा कहीं पास में कोई सिलेंडर ब्लास्ट हुआ है, लेकिन आस-पास किसी तरह की दुर्घटना की पुष्टि नहीं मिली. कुछ लोगों का कहना है कि धमाके की आवाज बिल्कुल सुपरसोनिक साउंड जैसी थी, जिसे वे पहले भी कभी-कभी सुन चुके हैं. हालांकि, एयरफोर्स की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

सोशल मीडिया पर भी वीडियो हुआ वायरल

धमाके के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर भी वीडियो तेजी से वायरल होने लगे. कई घरों के सीसीटीवी कैमरों में कंपन के दौरान आने वाली आवाजें दर्ज हुई. लोग पोस्ट कर रहे हैं कि उन्हें घर की दीवारों में तक हल्का-हल्का झटका महसूस हुआ. लोग पुलिस थाने और पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर इसकी जानकारी दी. धमाके की आवाज के बाद जोधपुर के विवेक विहार, बासनी, बोरानाडा, कुड़ी भगतासनी थाने और पुलिस कंट्रोल रूम में लोग लगातार फोन कर जानकारी लेते रहे. लोग जानना चाह रहे थे कि आखिर इतनी तेज आवाज किस चीज की थी. पुलिस के साथ तमाम सुरक्षा व खुफिया एजेंसियां भी एक्टिव हो गई.

बाद में पता चला कि संभवतया एयरफोर्स के फाइटर जेट की आवाजाही से उत्पन्न सोनिक बूम की वजह से यह धमाके जैसी आवाज आई. विवेक विहार थानाधिकारी दिलीप खदाव ने बताया कि रात सवा दस बजे वे गश्त पर थे, इसी दौरान तेज आवाज सुनाई दी. बाद में अपने स्तर पर छानबीन करने पर पता चला कि सोनिक बूम की ही आवाज है. आमजन के बीच दहशत का माहौल तो बना, लेकिन धीरे-धीरे लोग अपने घर लौटने लगे हैं.

सभी लोग घरों से बाहर आ गए

गेवरा राम ने बताया कि हम सब घरों में बैठे थे, अचानक इतनी तेज आवाज आई कि एक पल को लगा जैसे घर के पास ही कोई बड़ा ब्लास्ट हो गया. मैंने तुरंत बाहर आकर देखा तो पूरे मोहल्ले के लोग सड़क पर इकट्ठे थे. खिड़कियां हिल गई, दरवाजों में कंपन हुआ. लेकिन कुछ समझ नहीं आया कि हुआ क्या है. गौरतलब है कि इससे पहले भी गत 11 नवंबर की रात 8 बजे के आस-पास जोधपुर के मंडोर सहित आस-पास के इलाकों में इसी तरह जोरदार धमाके की आवाज से दहशत फैल गई थी. लोग घरों से बाहर निकल आए, लेकिन लोग कुछ समझ नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या है. बाद में पता चला कि ये फाइटर जेट के सोनिक बूम की आवाज थी.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj