महिला के सिर पर बैठा कौआ, अपशकुन मान फैला दी मौत की झूठी खबर, घर पहुंचकर पुलिस भी रह गई हैरान

Last Updated:May 17, 2026, 17:39 IST
Dholpur Superstition Case: धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का हैरान करने वाला मामला सामने आया. महिला के सिर पर काला कौआ बैठने को परिवार ने अपशकुन मान लिया और अनिष्ट टालने के लिए उसकी हत्या की झूठी खबर फैला दी. सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत गांव पहुंची, लेकिन जांच में महिला घर में सुरक्षित मिलीं. पूछताछ में पूरा मामला अंधविश्वास से जुड़ा निकला. पुलिस का कहना है कि झूठी सूचना फैलाना कानूनन अपराध है और मामले में युवती के खिलाफ कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है.
ख़बरें फटाफट
धौलपुर में महिला के सिर पर काला कौआ बैठने को परिवार ने अपशकुन मान फैला दी मौत की झूठी खबर
हरवीर शर्मा/धौलपुर. राजस्थान के धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र से अंधविश्वास का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक परिवार ने अपशकुन के डर से महिला की हत्या की झूठी खबर फैला दी, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत गांव पहुंची, लेकिन जांच में जिस महिला की हत्या की बात कही गई थी, वह घर में सुरक्षित और स्वस्थ अवस्था में मिलीं. पूरे घटनाक्रम के सामने आने के बाद पुलिस भी हैरान रह गई.
जानकारी के अनुसार, गांव पवेसुरा निवासी रजनी चौहान शनिवार सुबह अपनी सास के साथ कंचनपुर थाने पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी. रजनी ने बताया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे उसकी छोटी बहन शिवानी का घबराया हुआ फोन आया था. फोन पर शिवानी ने कहा कि उनके पिता राजेंद्र सिंह चौहान ने मां आशा देवी की हत्या कर दी है और घर के बाकी लोगों को भी कहीं गायब कर दिया है. इतना कहने के बाद फोन अचानक कट गया.
पिता पर सौतेली मां की हत्या का लग चुका है आरोप
रजनी ने बताया कि फोन कटने के बाद उसने परिवार के अन्य सदस्यों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी का मोबाइल नहीं लगा. सभी फोन बंद मिले, जिससे उसकी चिंता और बढ़ गई. रजनी ने पुलिस को यह भी बताया कि उसके पिता पर पहले भी सौतेली मां की हत्या का आरोप लग चुका है और वे अक्सर उसकी मां को धमकियां देते रहते थे. ऐसे में उसे मामला गंभीर और संदिग्ध लगा.
घर की चारपाई पर बैठी मिली आशा देवी
मामले की गंभीरता को देखते हुए कंचनपुर थाना पुलिस तुरंत गांव अब्दलपुर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां का दृश्य देखकर अधिकारी भी चौंक गए. जिस महिला की हत्या की सूचना दी गई थी, वह आशा देवी घर में आराम से चारपाई पर बैठी मिलीं. महिला पूरी तरह सुरक्षित थीं और घर में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई थी.
अनिष्ट के डर से फलाई मौत की झूठी खबर
इसके बाद पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ की तो अंधविश्वास से जुड़ी कहानी सामने आई. परिवार ने बताया कि सुबह आशा देवी के सिर पर एक काला कौआ बैठ गया था. ग्रामीण मान्यताओं के अनुसार इसे अपशकुन माना जाता है. परिवार को डर था कि इससे कोई बड़ा अनिष्ट हो सकता है. इसी डर के कारण रिश्तेदारों को महिला की “मौत” की झूठी सूचना दे दी गई ताकि संभावित अनहोनी को टाला जा सके.
युवती के खिलाफ हो सकती है कानूनी कार्रवाई
थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि पुलिस को गुमराह करने और झूठी सूचना देने के मामले में युवती शिवानी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अंधविश्वास में आकर अफवाहें न फैलाएं और किसी भी घटना की सही जानकारी ही प्रशासन को दें.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Dhaulpur,Rajasthan



