7 साल में डायरेक्टर ने बनाई 3 फिल्में, तीनों में दिखी समाज की सच्चाई, हर फिल्म ने झटके नेशनल अवॉर्ड

Last Updated:August 20, 2026, 15:15 IST
हिंदी सिनेमा में कुछ ऐसी फिल्में रही हैं जो हमेशा के लिए जहन में बैठ जाती हैं. अगर आपने इन फिल्मों को एक बार देख लिया तो वो हमेशा के लिए आपके साथ रह जाती हैं. आज एक ही निर्देशक की तीन ऐसी फिल्मों के बारे में बात करेंगे जिन्होंने दर्शकों और समीक्षकों के दिल और दिमाग पर गहरा असर छोड़ा था. डायरेक्टर ऐसे की इनकी इन तीनों फिल्मों ने नेशनल अवॉर्ड झटके और वो भी एक नहीं बल्कि कई.
नई दिल्ली. बॉलीवुड में एक धारणा है कि आर्ट फिल्में कमर्शियल तौर पर सफल नहीं हो पाती हैं. अमूमन हमें यही देखने को मिलता है कि क्रिटिक्स द्वारा सराही गई फिल्में कमाई के मामले में पीछे रह जाती हैं. लेकिन इस बहस और धारणा के बीच एक फिल्ममेकर ऐसे है जिन्होंने दोनों छोर को मिलाकर सफल फिल्में बनाने का सीक्रेट फॉर्मूला खोज निकाला.
जिस फिल्ममेकर की यहां बात कर रहे हैं वो मधुर भंडारकर हैं. ‘चांदनी बार’, ‘पेज 3’, ‘ट्रैफिक सिग्नल’, ‘फैशन’ जैसी शानदार फिल्में बनाने वाले मधुर भंडारकर ने ग्लैमर के साथ समाज की कड़वी सच्चाई को पर्दे पर बखूबी दिखाया. ग्लैमर के साथ जब कड़वी समाजिक सच्चाई को पर्दे पर पेश किया गया तो इसने मार्मिक असर छोड़ा. फिल्म देखकर सिनेमाघरों से निकलने के बावजूद लोग कई दिनों तक इस फिल्म के बारे में सोचते रहे.
मधुर भंडारकर की आज तीन फिल्मों के बारे में बात करेंगे. चांदनी बार, पेज 3 और फैशन- इन तीनों फिल्मों ने कई नेशनल अवॉर्ड्स जीते थे. सबसे पहले बात करेंगे चांदनी बार की जिसकी जल्द ही सीक्वल भी आने वाली है. चांदनी बार में तब्बू ने लीड रोल अदा किया था. साल 2001 में आई ‘चांदनी बार’ में तब्बू ने अपने शानदार अभिनय से खूब लाइमलाइट लूटी थी.
Add as Preferred Source on Google
मधुर भंडारकर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘चांदनी बार’ अंडरवर्ल्ड और बार डांसर्स के बीच के संघर्ष को बखूबी दर्शाती हैं. 80-90 के दशक में मुंबई पर अंडरवर्ल्ड का साया मंडराता था. बड़े बिजनेसमैन से लेकर फिल्ममेकर्स हर कोई डॉन के काले साये में जीता था. ऐसे में बार डांसर्स को भी आए दिन अंडरवर्ल्ड डॉन का सामना करना पड़ता. उनका जीवन खौफ में गुजरता था.
अतुल कुलकर्णी, राजपाल यादव और तब्बू के साथ मधुर भंडारकर ने ‘चांदनी बार’ के जरिए एक महिला के संघर्ष की कहानी को पर्दे पर ऐसे उतारा कि हर कोई बस देखते रह गया. डायरेक्टर की इस फिल्म ने एक, दो नहीं बल्कि 4 नेशनल अवॉर्ड जीते थे. तब्बू को फिल्म में अतुलनीय अभिनय के लिए नेशनल अवॉर्ड से नवाजा गया था.
‘चांदनी बार’ ने कुल 4 नेशनल अवॉर्ड जीते थे. तब्बू को इस फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के लिए नेशनल अवॉर्ड मिला, जबकि अतुल कुलकर्णी को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर कैटेगरी में नेशनल अवॉर्ड मिला. फिल्म की सपोर्टिंग एक्ट्रेस और सोशन इशू कैटेगरी में भी अवॉर्ड मिला था.
अब मधुर भंडारकर की दूसरी अवॉर्ड विनिंग फिल्म ‘पेज 3’ की बात करते हैं. फिल्म में कोंकणा सेन शर्मा ने पत्रकार माधवी शर्मा की मुख्य भूमिका निभाई, जबकि अतुल कुलकर्णी, संध्या मृदुल, बोमन ईरानी और तारा शर्मा जैसे कलाकार अहम किरदारों में नजर आए. कहानी मुंबई की हाई सोसाइटी और वहां होने वाली पार्टियों की चमक-दमक के पीछे छिपी सच्चाई को सामने लाती है.
माधवी एक युवा पत्रकार है, जिसे शहर के अमीर और प्रभावशाली लोगों की पार्टियों (पेज 3 पार्टी) को कवर करने की जिम्मेदारी मिलती है. शुरुआत में ग्लैमर की दुनिया उसे आकर्षित करती है, लेकिन धीरे-धीरे उसे इस चकाचौंध के पीछे मौजूद रिश्तों, महत्वाकांक्षाओं, शोषण और पाखंड की हकीकत दिखाई देने लगती है. ‘पेज 3’ ने 3 नेशनल अवॉर्ड जीते थे. मधुर भंडारकर की ‘पेज 3’ को बेस्ट फीचर फिल्म, बेस्ट स्क्रीनप्ले और बेस्ट एडिटिंग के लिए तीन नेशनल अवॉर्ड्स मिले थे.
अब ‘फैशन’ की बात करें तो एक बार फिर मधुर भंडारकर अपनी इस फिल्म के जरिए ग्लैमर की चकाचौंध के पीछ की काली सच्चाई को उजागर करते हैं. प्रियंका चोपड़ा और कंगना रनौत स्टारर फिल्म ‘फैशन’ ने खूब वाहवाही बटोरी थी और खूब लाइमलाइट लूटी. मधुर भंडारकर ने ग्लैमर वर्ल्ड की काली सच्चाई को इतने दमदार तरीके से पेश किया कि इसने प्रियंका चोपड़ा और कंगना रनौत की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी.
कंगना रनौत और प्रियंका चोपड़ा स्टारर ‘फैशन’ ने भी दो नेशनल अवॉर्ड जीता था. प्रियंका और कंगना दोनों को ही उनके दमदार अभिनय के लिए नेशनल अवॉर्ड मिला था. 7 साल के अंतराल में मधुर भंडारकर की तीन फिल्मों ने नेशनल अवॉर्ड्स की झड़ी लगा दी.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
August 20, 2026, 15:15 IST



